वैभव सूर्यवंशी को लंबा रास्ता नापना है, हम उन पर बना रहे जरूरत से ज्यादा दबाव: कपिल देव
भारत के पूर्व कप्तान कपिल देव ने कहा कि वैभव सूर्यवंशी पर अभी बहुत ज्यादा दबाव नहीं डालना चाहिए. वह बहुत युवा हैं और उन्हें एक लंबा सफर तय करना है.
वैभव सूर्यवंशी @BCCI
IPL में अपनी चमक बिखेरकर सिर्फ 15 साल की उम्र में भारतीय टीम में आए वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) से फैन्स को अब आईपीएल जैसी ही चमक भारतीय टीम में बिखेरने की उम्मीद है. इस किशोर उम्र के बल्लेबाज को आईपीएल के बाद टी20 फॉर्मेट में चुनी गई टीम इंडिया के लिए तीन टीमों में जगह मिली है. चयनकर्ताओं ने वैभव को आगामी आयरलैंड, इंग्लैंड और फिर एशियन गेम्स की टीम में जगह दी है. भारत के पूर्व कप्तान और महान ऑलराउंडर कपिल देव का मानना है इस खिलाड़ी पर अभी दबाव नहीं डालना चाहिए. वह विशेष प्रतिभा के धनी हैं और उन्हें भविष्य में लंबा सफर तय करना है.
भारत को पहला विश्व कप जिताने वाले कप्तान ने न्यूज एजेंसी 'आईएएनएस' के साथ बातचीत में कहा, 'वैभव सूर्यवंशी जाहिर तौर पर खास टैलेंट हैं, लेकिन उन्हें अभी बहुत लंबा सफर तय करना है. इसमें कोई शक नहीं है कि उन्होंने क्लब क्रिकेट और आईपीएल में जबरदस्त बल्लेबाजी करके अपनी काबिलियत को दिखाया है. हालांकि, वैभव को अभी खुद पर ध्यान देने की आवश्यकता है, क्योंकि उन्हें बहुत दूर तक जाना है. इस समय पर हम सभी उन पर जरूरत से ज्यादा दबाव डाल रहे हैं.'
कपिल देव ने माना कि भारतीय टीम के सिलेक्शन में अब आईपीएल काफी अहम रोल अदा कर रहा है. उन्होंने कहा कि आईपीएल की मदद से सिलेक्टर्स यह देख पाते हैं कि कौन सा खिलाड़ी किस तरह का क्रिकेट खेल रहा है. पूर्व कप्तान ने कहा कि सिलेक्टर्स के पास अब बहुत सारे विकल्प हैं और वह यह फैसला ले सकते हैं कि कौन टीम में फिट बैठ रहा है.
कपिल देव से जब पूछा गया कि क्या सूर्यकुमार की जगह पर श्रेयस अय्यर को नया टी20 कप्तान बनाने का सिलेक्टर्स का फैसला सही था? इस पर वह कोई साफ जवाब देने से बचते हुए नजर आए. उन्होंने कहा कि इसका बेहतर जवाब सिलेक्टर्स या फिर खिलाड़ियों को खेलते देख रहे लोग दे पाएंगे.
भारतीय टीम को इसी साल अपनी कप्तानी में टी20 विश्व कप 2026 का खिताब जिताने वाले सूर्यकुमार को सिलेक्टर्स ने टी20 सेटअप से बाहर कर दिया है. कप्तानी के साथ-साथ सूर्यकुमार को टी20 टीम में जगह भी नहीं दी गई है. सूर्यकुमार लंबे समय से खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं और इसका खामियाजा ही उन्हें भुगतना पड़ा है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें