'जीत आंखों के सामने थी, लेकिन...', शुभमन गिल का छलका दर्द, बोले- और मजबूत होकर लौटेंगे
आईपीएल 2026 फाइनल में हार के बाद शुभमन गिल का दर्द छलका है. जानिए गुजरात टाइटंस की हार पर कप्तान क्या बोले और पूरे सीजन में उनका प्रदर्शन कैसा रहा?
गिल की कप्तानी और सोच की तारीफ कर रहे हैं. (Photo from IANS)
आईपीएल 2026 का फाइनल हार जाने के बाद गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल इमोशनल हो गए. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ खेले गए मुकाबले में गुजरात की टीम जीत के बेहद करीब पहुंची, लेकिन आखिर में ट्रॉफी हाथ से निकल गई. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में GT ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 155 रन बनाए थे. लेकिन विराट कोहली की शानदार पारी की बदौलत बेंगलुरु ने मुकाबला जीत लिया. फाइनल के दो दिन बाद गिल ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया है. उन्होंने कहा कि यह हार जरूर दर्द देने वाली है, लेकिन इससे उन्हें जिंदगी का बड़ा सबक भी मिला है.
गिल बोले- क्रिकेट जिंदगी सिखाने वाला मंच
शुभमन गिल ने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा - उनकी टीम जीत की दहलीज तक पहुंच गई थी, लेकिन आखिरी कदम पार नहीं कर सकी. उन्होंने माना कि इस हार से उन्हें गहरा दुख और निराशा हुई. हालांकि, गिल ने कहा कि क्रिकेट सिर्फ खेल नहीं, बल्कि जिंदगी सिखाने वाला मंच भी है. उन्होंने लिखा कि इस हार ने उन्हें यह समझाया कि असली हार तब होती है जब इंसान कोशिश करना छोड़ दे. अगर कोई लगातार वापसी करता रहे और हार न माने, तो हार भी इंसान को मजबूत बना देती है. गिल के इस संदेश को फैंस काफी पसंद कर रहे हैं और लोग उनकी कप्तानी और सोच की तारीफ कर रहे हैं.
कप्तान ने बल्ले से पूरे सीजन में दिखाया दम
भले ही फाइनल में शुभमन गिल बड़ा स्कोर नहीं बना सके और सिर्फ 10 रन पर आउट हो गए, लेकिन पूरे सीजन में उनका प्रदर्शन शानदार रहा. उन्होंने कप्तानी के साथ-साथ बल्लेबाजी में भी जबरदस्त जिम्मेदारी निभाई. गिल ने 16 मैचों में 732 रन बनाए और इस दौरान एक शतक और छह अर्धशतक लगाए. राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ क्वालिफायर-2 में खेली गई उनकी 104 रन की पारी पूरे सीजन की सबसे यादगार पारियों में शामिल रही. इसी जीत के दम पर गुजरात फाइनल तक पहुंचने में सफल रही.
फैंस को कहा धन्यवाद
फाइनल हारने के बावजूद, शुभमन गिल ने अपने फैंस का खास तौर पर शुक्रिया अदा किया. उन्होंने कहा कि पूरे सीजन में जब टीम अच्छे दौर से गुजरी या मुश्किल समय आया, तब भी फैंस लगातार उनके साथ खड़े रहे. गिल ने माना कि समर्थकों की ऊर्जा और विश्वास ने टीम को फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई. उन्होंने लिखा कि दर्शकों का प्यार और सपोर्ट ही खिलाड़ियों को लगातार बेहतर करने की ताकत देता है. सोशल मीडिया पर भी फैंस ने गिल का हौसला बढ़ाया और अगले सीजन में मजबूत वापसी की उम्मीद जताई.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें