दुबई: भारतीय महिला टीम की उपकप्तान स्मृति मंधाना ने महिला प्रीमियर लीग (WPL) शुरू करने के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के प्रयासों की जमकर सराहना की है. मंधाना का मानना है कि बोर्ड ने पिछले कुछ वर्षों में महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए कई प्रयास किए हैं. उन्होंने कहा कि इंडियन प्रीमियर (आईपीएल) की तर्ज पर शुरू हुई WPL लीग खिलाड़ियों को सशक्त कर रही है. WPL में मंधाना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की कप्तानी करती हैं और उनकी कप्तानी में RCB खिताब जीत चुकी हैं.
मंधाना ने दुबई में मशहूर यूके-आधारित कोच डॉन भगवती के साथ मिलकर ‘सिटी क्रिकेट अकादमी बाय स्मृति मंधाना’ की औपचारिक शुरुआत की. यह हाई-परफॉर्मेंस क्रिकेट सेंटर अब दुबई इंटरनेशनल अकादमी अल बर्शा में मौजूद है और सभी आयु वर्ग के लड़कों और लड़कियों के लिए बनाया गया है.
मंधाना ने ‘सिटी क्रिकेट अकादमी’ के लॉन्च के मौके पर मीडिया से वर्चुअल बातचीत में कहा, ” पिछले तीन वर्षों में WPL किस तरह से आगे बढ़ा है, इसे देखने के लिए कितनी सारी लड़कियां आ रही हैं, आप स्पष्ट बदलाव देख सकते हैं. छोटी छोटी लड़कियां भी हमारे पास आ रही हैं और वे क्रिकेटर बनना चाहती हैं जो बहुत अच्छी चीज है. काफी माता-पिता अपनी बच्चियों को अकादमी में भेज रहे हैं ताकि वे डब्ल्यूपीएल में खेल सकें.”
उन्होंने कहा, ” महिला क्रिकेट अब लोकप्रिय हो रहा है. टी20 क्रिकेट जिस तरह से आगे बढ़ रहा है, उसे देखते हुए डब्ल्यूपीएल भी दर्शकों का काफी मनोरंजन कर रहा है. WPL उसी तरह काम कर रहा है जैसा आईपीएल ने पुरुष क्रिकेट के लिए किया था. घरेलू क्रिकेट पर भी इसका असर दिख रहा है, लड़कियां डब्ल्यूपीएल खेलकर भारतीय टीम के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खेलना चाहती हैं.”
मंधाना काफी समय से खुद की अकादमी बनाने पर विचार कर रही थीं लेकिन अपने व्यस्त कार्यक्रम के कारण ऐसा नहीं कर पा रही थीं। फिर इस बारे में असम के पूर्व क्रिकेटर और ब्रिटेन में बसे मशहूर कोच डॉन भगवती से भी उनकी बातचीत हुई जिन्होंने लीस्टर में बहुत साल पहले अपनी अकादमी शुरू की थी. अब दुबई के बाद भगवती की योजना भारत में भी इसी तरह की अकादमी शुरू करने की है.
मंधाना ने इस अकादमी में दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में कहा, ” हम अकादमी में महिला क्रिकेट के विकास पर ध्यान लगाना चाहते थे कि सिर्फ उनके कौशल ही समग्र विकास पर ध्यान दिया जाए. कुछ अकादमियां केवल कौशल पर ध्यान लगाती हैं लेकिन हम चाहते हैं कि वे शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत हों. इसमें खेल विज्ञान सहित पोषण का भी ध्यान रखा जाए इसलिए पोषण विशेषज्ञ भी होंगे.”
समय मिलने पर मंधाना भी अकादमी में बच्चों को क्रिकेट की बारीकियां बताएंगी। लेकिन भारत में सितंबर में होने वाले महिला विश्व कप की तैयारियों के लिए उनका कार्यक्रम काफी व्यस्त रहेगा. मंधाना अब 27 अप्रैल से श्रीलंका के खिलाफ होने वाली वनडे त्रिकोणीय सीरीज में टीम इंडिया की जर्सी में दिखाई देंगी.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.