PAK vs SL, 1st test: शकील-सलमान की शतकीय साझेदारी, स्टंप्स तक पाकिस्तान का स्कोर 221/5

Sri Lanka vs Pakistan 1st Test: शकील (नाबाद 69) और सलमान (नाबाद 61) ने यहीं से 120 रन की अटूट शतकीय साझेदारी निभाई जिससे पाकिस्तान दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक पांच विकेट पर 221 रन पर पहुंच गया.

Updated: July 17, 2023, 9:10 PM IST

Sri Lanka vs Pakistan 1st Test Day 2: धनंजय डिसिल्वा के शतक और प्रबाथ जयसूर्या के झटकों से एक समय बैकफुट पर पहुंचा पाकिस्तान सौद शकील और आगा सलमान के बीच अटूट शतकीय साझेदारी से श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट क्रिकेट मैच के दूसरे दिन सोमवार को यहां वापसी करने में सफल रहा.

डिसिल्वा के 122 रन की मदद से श्रीलंका ने अपनी पहली पारी में 312 रन का सम्मानजनक स्कोर बनाया. इसके जवाब में पाकिस्तान का स्कोर एक समय पांच विकेट पर 101 रन था. शकील (नाबाद 69) और सलमान (नाबाद 61) ने यहीं से 120 रन की अटूट शतकीय साझेदारी निभाई जिससे पाकिस्तान दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक पांच विकेट पर 221 रन पर पहुंच गया.

बाएं हाथ के स्पिनर जयसूर्या ने अभी तक 83 रन देकर तीन विकेट लिए हैं. उन्होंने सलामी बल्लेबाज अब्दुल्ला शफीक (19), कप्तान बाबर आजम (13) और अनुभवी विकेट कीपर बल्लेबाज सरफराज अहमद (19) को पवेलियन भेजा. कासुन रजिता ने पारी के दूसरे ओवर में ही सलामी बल्लेबाज इमाम उल हक (एक) को आउट कर दिया था जबकि रमेश मेंडिस ने शान मसूद की 39 रन की तेजतर्रार पारी का अंत किया.

इससे पहले, पाकिस्तान के तेज गेंदबाजों नसीम शाह और शाहीन अफरीदी ने मिलकर छह विकेट चटकाए लेकिन श्रीलंका डिसिल्वा के 10वें टेस्ट शतक से 300 रन के पार पहुंचने में सफल रहा. घुटने की चोट के कारण एक साल बाद वापसी कर रहे अफरीदी ने 86 जबकि नसीम ने 90 रन देकर तीन-तीन विकेट चटकाए.

श्रीलंका ने रविवार को पहले सत्र में 54 रन पर चार विकेट गंवा दिए थे लेकिन उप कप्तान डिसिल्वा ने टीम का स्कोर 300 रन के पार पहुंचा दिया. दूसरे दिन 94 रन से आगे खेलने उतरे डिसिल्वा ने अफरीदी की गेंद पर एक रन के साथ पाकिस्तान के खिलाफ तीसरा शतक पूरा किया। यह उनका गॉल में भी तीसरा शतक है.

पाकिस्तान ने विकेटों की तलाश में दूसरी नई गेंद ली तो नसीम ने प्रबाथ जयसूर्या को विकेटकीपर सरफराज अहमद के हाथों कैच करा दिया. डिसिल्वा भी 122 रन बनाने के बाद शान मसूद को कैच दे बैठे। उन्होंने 214 गेंद का सामना करते हुए 12 चौके और तीन छक्के मारे.

कासुन रजिता (08) और विश्व फर्नांडो (नाबाद 21) ने अंतिम विकेट के लिए 29 रन जोड़े। रजिता लंच से पहले के अंतिम ओवर में आउट होने वाले अंतिम बल्लेबाज बने. श्रीलंका ने सुबह के सत्र में 70 रन जोड़कर चार विकेट गंवाए.

(भाषा)

Add India.com as a Preferred Source Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.