सुनील गावस्कर ने बढ़ाई सिलेक्टर्स की उलझन, वैभव सूर्यवंशी को लेकर बोले- टीम इंडिया में अब नहीं तो कब देंगे मौका!
एलिमिनेटर मैच में वैभव सूर्यवंशी की ताबड़तोड़ बैटिंग देखकर सुनील गावस्कर ने कहा कि वह 15 साल की उम्र में उन गेंदबाजों की धुनाई कर रहा है, जो बीते 15 साल से इंटरनेशनल क्रिकेट में खेल रहे हैं. उनका बेखौफ अंदाज काबिलेतारीफ है.
वैभव सूर्यवंशी @IP-BCCI
आईपीएल (IPL 2026) का 19वें सीजन में अब अंतिम दौर में पहुंच चुका है, जहां खिताब की दौड़ में अब सिर्फ 3 टीमें ही बची हैं और उनसे से भी एक आज बाहर हो जाएगी. शुक्रवार की शाम न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर में दूसरा क्वालीफायर मैच खेला जाएगा. यहां गुजरात टाइटन्स (GT) की टीम राजस्थान रॉयल्स (RR) से भिड़ेगी. जीटी पहला क्वालीफायर हारकर यहां पहुंची है, जबकि राजस्थान की टीम ने एलिमिनेटर मैच में सनराइजर्स हैदराबाद को धोकर यहां जगह बनाई है. एलिमिनेटर में वैभव सूर्यवंशी उसकी जीत के हीरो रहे, जिन्होंने मैच की शुरुआत में ही सिर्फ 29 बॉल में 97 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर मैच का रुख अपनी टीम के पक्ष में कर दिया.
उनकी इस पारी में क्रिकेट के बड़े-बड़े दिग्गजों को अपना मुरीद बना दिया है. सुनील गावस्कर, एबी डिविलियर्स जैसे बड़े-बड़े नाम इस 15 वर्षीय बल्लेबाज को देखकर हैरान हैं. भारत के पूर्व टेस्ट कप्तान और दुनिया के महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने तो आईपीएल के बाद उन्हें भारतीय टी20 टीम में जगह देने की बात कह दी है. गावस्कर ने कहा कि यह युवा खिलाड़ी भारतीय क्रिकेट के लिए भगवान का उपहार है. उन्हें इंग्लैंड के आगामी सफेद गेंद के दौरे के लिए टीम में चुना जाना चाहिए. इस पूर्व बल्लेबाज ने कहा कि भले ही इसके लिए अंतिम एकादश में टॉप ऑर्डर के किसी स्थापित बल्लेबाज को बाहर करना पड़े.
गावस्कर इस किशोर उम्र के खिलाड़ी के निडर स्ट्रोकप्ले से बेहद प्रभावित हैं. खासकर एलिमिनेटर मैच में उन्होंने जिस तरह से पैट कमिंस की गेंद पर सीधा छक्का जड़ा. वह इस बल्लेबाज के बारे में यूट्यूब शो स्पोर्ट्स तक’ पर चर्चा कर रहे थे. इस दौरान उन्होंने कहा, '2026 को वैभव सूर्यवंशी के साल के तौर पर याद किया जाएगा. वह (सूर्यवंशी) T20 इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने के लिए तैयार हैं.'
उन्होंने कहा, 'इंग्लैंड के दौरे पर होने वाली टी20 सीरीज के लिए उन्हें चुना जाएगा. मेरा मतलब है कि इस शानदार प्रदर्शन के बाद वह टीम में चुने जाने के हकदार हैं. अगर आप इस प्रदर्शन के बाद उन्हें मौका नहीं देते, तो उन्हें मौका कब देंगे?'
भारत के पूर्व कप्तान को पूरा यकीन है कि उम्र कोई मायने नहीं रखनी चाहिए क्योंकि वह महज 15 साल की उम्र में ही हर तरह के गेंदबाजों की धुनाई कर रहे हैं. उन्होंने कहा, 'उनकी उम्र पर मत जाइए. वह उन गेंदबाजों को धुन रहा है जो उससे उम्र में बड़े हैं. बल्कि 15 साल की उम्र में वह ऐसे गेंदबाजों को मार रहा है जिनके पास 15 साल का इंटरनेशलनल क्रिकेट खेलने का अनुभव है. जरा उसके निडर अंदाज को देखिए.'
अगर इंग्लैंड दौरे के लिए सूर्यवंशी को टीम में जगह मिलती है तो फिर प्लेइंग XI में उन्हें जगह देने के लिए टीम मैनेजमेंट को अभिषेक शर्मा या संजू सैमसन में से किसी एक को बाहर बिठाना पड़ सकता है. गावस्कर ने कहा, 'हां, यह एक मुश्किल फैसला होगा कि किसे बाहर किया जाए. लेकिन यह एक अच्छी मुश्किल है. जब आपके सामने यह विकल्प हो कि किसे बाहर किया जाए, तो यह आपके देश में मौजूद प्रतिभा की गहराई को दिखाता है.'
उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि उसे (सूर्यवंशी को) 15 या 16 खिलाड़ियों की टीम में रखा जाएगा, लेकिन वह अंतिम एकादश में होंगा या नहीं, इसका फैसला बाद में किया जा सकता है. उस ड्रेसिंग रूम में रहकर उसे जो अनुभव मिलेगा, वह अनमोल होगा.' गावस्कर को लगता है कि जो लड़का सीधे छक्के मारता है, वह किसी भी तरह से स्लॉगर’ (बिना सोचे-समझे मारने वाला खिलाड़ी) नहीं है.
उन्होंने कहा, 'कल (बुधवार को SRH के खिलाफ एलिमिनेटर मैच) हमने जो देखा और जब मैं उसकी पिछली कुछ पारियों को भी ध्यान में रखता हूं, तो वह कुछ अलग ही था. वह सिर्फ खास नहीं है, बल्कि बहुत-बहुत ज्यादा खास है.'
(एजेंसी इनपुट्स के साथ)
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें