टी20 वर्ल्ड कप 2022 : फिट हुआ न्यूजीलैंड का घातक ऑलराउंडर, श्रीलंका की करेगा बोलती बंद
डैरेल मिशेल की वापसी के साथ न्यूजीलैंड की टीम का मध्यक्रम काफी मजबूत हो गया है. गेंदबाजी में भी वो काफी अहम सहयोग टीम को देते हैं.
न्यूजीलैंड की टीम को शनिवार को टी20 वर्ल्ड कप ग्रुप-1 के अहम मुकाबले में श्रीलंका (New Zealand vs Sri Lanka) का सामना करना है. इस मैच से पहले कीवी टीम के लिए अच्छी खबर आई है. चोटिल ऑलराउंडर डैरेल मिशेल फिट हो गए हैं और इस मैच में उपलब्ध रहेंगे. अक्टूबर की शुरुआत में मिशेल टीम के प्रैक्टिस सेशन के दौरान चोटिल हो गए थे और इसके बाद पाकिस्तान और बांग्लादेश के साथ घरेलू कंडीशन में हुई ट्राई सीरीज का हिस्सा भी नहीं बन पाए थे.
डैरेल मिशेल ने बीते साल टी20 विश्व कप में 208 रनों का अहम योगदान दिया था. बताया जा रहा है कि अफगानिस्तान के खिलाफ न्यूजीलैंड के दूसरे सुपर-12 मैच के लिए फिट थे, लेकिन वो मैच बारिश के चलते रद्द हो गया था.
टिम साउदी ने मैच से पहले प्रेस कांफ्रेंस में कहा, "हां, मुझे लगता है कि डैरेल मिशेल अब पहले से बेहतर है, जिन्हें कुछ हफ्ते पहले चोट लग गई थी. मुझे लगता है कि वह कल के मैच के लिए टीम में उपलब्ध होंगे."
यह पूछे जाने पर कि अंतिम प्लेइंग इलेवन में मिशेल किसकी जगह लेंगे, साउदी ने सुझाव दिया कि वह ग्लेन फिलिप्स के बजाय मार्क चैपमैन की जगह आ सकते हैं.
टी20 क्रिकेट में विकेट लेने वाले अग्रणी गेंदबाज साउदी ने आस्ट्रेलिया पर न्यूजीलैंड की विशाल जीत में 3/6 के स्पैल के साथ प्रमुख भूमिका निभायी थी. यह पूछे जाने पर कि पिछले कुछ वर्षों में एक टी20 गेंदबाज के रूप में वह कैसे बदल गए हैं, तो उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि यदि आप खेल में लंबे समय तक टिके रहना चाहते हैं, तो आपको समय के साथ बदलना होगा, और मुझे लगता है कि खेल हमेशा बदलता रहता है. बल्लेबाज नए शॉट खोज रहे हैं, विभिन्न क्षेत्रों में हिट कर रहे हैं, और गेंदबाज भी आगे रहने की कोशिश कर रहे हैं. मुझे लगता है कि मैं सिर्फ नए कौशल सीखने की कोशिश कर रहा हूं."
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें