बारिश के कारण भारत-वेस्टइंडीज मैच हुआ रद्द तो कौन जाएगा सेमीफाइनल में? जानिए क्या है मौसम अपडेट

Written By: Gaurav Barar Updated by: Gaurav Barar
Updated Date:March 1, 2026 10:04 AM IST

T20 World Cup 2026 Ind Vs WI: भारतीय क्रिकेट टीम के लिए अब करो या मरो की स्थिति पैदा हो गई है. आज होने वाला भारत बनाम वेस्टइंडीज मुकाबला तय करेगा कि कौन सी टीम सेमीफाइनल का टिकट कटाएगी.

Ind Vs WI Match: भारतीय क्रिकेट फैंस की धड़कनें तेज हो गई हैं. टूर्नामेंट अब उस रोमांचक मोड़ पर आ चुका है जहां एक गलती टीम इंडिया को वर्ल्ड कप से बाहर कर सकती है. भारतीय टीम अभी तक सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की नहीं कर पाई है. अब सारा दारोमदार आज यानी 1 मार्च को होने वाले भारत और वेस्टइंडीज के मुकाबले पर टिका है.

Advertising
Advertising

कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स में होने वाला यह मैच किसी क्वार्टर फाइनल से कम नहीं है. ग्रुप की स्थिति पर नजर डालें तो भारत और वेस्टइंडीज, दोनों ही टीमों के पास फिलहाल 2-2 अंक हैं. समीकरण बिल्कुल साफ है, जो टीम जीतेगी, वह सीधे अंतिम-4 में प्रवेश कर जाएगी. यहां नेट रन-रेट का कोई झंझट नहीं है.

जो जीता वो जाएगा सेमीफाइनल में

चाहे भारत एक रन से जीते या एक विकेट से, जीत मिलते ही सेमीफाइनल का टिकट पक्का हो जाएगा. लेकिन क्रिकेट अनिश्चितताओं का खेल है और यहां मैदान के साथ-साथ आसमान पर भी नजर रखनी जरूरी है. अगर मैच के दौरान इंद्रदेव मेहरबान हो गए और मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया, तो गणित पूरी तरह बदल जाएगा.

बारिश आई तो किसका बिगड़ेगा खेल?

अगर कोलकाता में बारिश होती है और मैच रद्द कर दिया जाता है, तो दोनों टीमों को 1-1 अंक बांट दिया जाएगा. ऐसी स्थिति में दोनों के 3-3 अंक हो जाएंगे. यहीं पर नेट रन-रेट विलेन बनकर टीम इंडिया के सामने खड़ा हो जाएगा. विंडीज टीम का नेट रन-रेट +1.791 है, जो काफी मजबूत है. टीम इंडिया का नेट रन-रेट फिलहाल -0.100 है.

साफ है कि मैच रद्द होने की सूरत में बेहतर रन-रेट के कारण वेस्टइंडीज सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा और भारत का सफर यहीं खत्म हो जाएगा. यानी बारिश का मतलब है टीम इंडिया की विदाई.

कैसा रहेगा कोलकाता का मौसम?

भारतीय प्रशंसकों के लिए राहत की खबर मौसम विभाग की ओर से आई है. आज कोलकाता के ईडन गार्डन्स में मौसम मेहरबान रहने वाला है. अनुमान है कि आसमान बिल्कुल साफ रहेगा और चिलचिलाती धूप निकलेगी. दिन का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है. इसका मतलब है कि बारिश की संभावना न के बराबर है और हमें एक पूरा 40 ओवर का रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा.

कितने बजे शुरू होगा मैच?

इस मुकाबले की शुरूआत भारतीय समयानुसार शाम के 7 बजे से होने वाली है. टॉस आधे घंटे पहले होगा. ये मैच सुपर-8 का आखिरी मैच होगा और इसके बाद नॉकआउट मुकाबले खेले जाएंगे.

कहां देख सकते हैं लाइव मुकाबला?

भारतीय दर्शक इस मैच का आनंद अपने टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के विभिन्न चैनलों पर ले सकते हैं. मैच का सीधा प्रसारण हिंदी, अंग्रेजी सहित कई क्षेत्रीय भाषाओं में किया जाएगा. आप अपने स्मार्टफोन पर जियो हॉटस्टार ऐप के जरिए इस मैच की लाइव स्ट्रीमिंग देख सकते हैं.

Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें