T20 World Cup 2026: भारत के खिलाफ दिए बयान पर साथी खिलाड़ी ने मोहम्मद आमिर को चेताया, बोले- उन्हें हल्के में नहीं लेते
मोहम्मद आमिर एक पाकिस्तानी चैनल पर यह दावा कर रहे थे कि भारत इस बार टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में नहीं पहुंचेगा. लेकिन उनकी यह भविष्यवाणी गलत साबित हुई.
मोहम्मद आमिर, पाकिस्तान के एक क्रिकेट शो पर @X.com
भारत ने रविवार को कोलकाता के ईडन गार्डेंस मैदान पर संजू सैमसन की दमदार नाबाद 97 रनों की पारी के दम पर वेस्टइंडीज को 5 विकेट से मात देकर सेमीफाइनल में एंट्री कर ली. इस बीच पाकिस्तान के पू्र्व क्रिकेटर मोहम्मद आमिर (Mohammad Amir) शर्म से लाल हैं, जो दावा कर रहे थे कि भारत वेस्टइंडीज को हरा नहीं पाएगा और इस टूर्नामेंट में उसका सफर कोलकाता के ईडन गार्डेंस में ही खत्म हो जाएगा. हालांकि पाकिस्तान में ही आमिर के साथी खिलाड़ी रहे अहमद शहजाद ने तब भी कहा था कि भारत इस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में भी जाएगा और वह फाइनल भी खेलेगा. अब जब शहजाद की बात सही साबित होती दिखी तो उन्होंने आमिर को चेताया कि भारत को कभी हल्के में नहीं लेना चाहिए.
बता दें पाकिस्तान के ये दोनों पूर्व खिलाड़ी अपने देश की ही क्रिकेट डिबेट शो 'हारना मना है' में आ रहे हैं. यहां पर दोनों खिलाड़ी टी20 वर्ल्ड कप में खेले जा रहे मैचों की समीक्षा कर रहे हैं. अब जब पाकिस्तान की टीम का सफर सुपर 8 में खत्म हो गया है तो वह टूर्नामेंट के बाकी बचे मैचों का विश्लेषण कर रहे हैं.
इस शो में ये दोनों पूर्व क्रिकेटर शो के होस्ट ताबिश हाशमी के साथ मैच से पहले और मैच के बाद अपनी राय देते हैं. रविवार की शाम कोलकाता के ईडन गार्डेंस मैदान पर खेले गए वर्चुअल क्वॉर्टर फाइनल मैच में वेस्टइंडीज ने भारत के सामने 196 रनों की दमदार चुनौती पेश की थी. इस लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम एक छोर से कई बार लड़खड़ाई लेकिन दूसरे छोर पर शांत स्वभाव से खेल रहे संजू सैमसन ने किसी भी मौके पर मैच को भारत की पकड़ से बाहर नहीं जाने दिया.
उन्होंने इस टारगेट का पीछा करते हुए 50 बॉल पर नाबाद 97 रन बनाए, जिसमें 12 चौके और 4 छक्के शामिल थे. अब जब संजू की इस बेमिसाल पारी की बदौलर आमिर की भविष्यवाणी झूठी साबित हो गई तो उनके दोस्त अहमद शहजाद ने भी उनसे यहां मौज ली.
शहजाद ने कहा, 'आमिर बाबा मैंने तुमसे कहा था, आज आपकी सभी भविष्यवाणियां गलत साबित हुई. मैंने वॉर्निंग दी थी कि इंडिया को कभी हल्के में नहीं लेना चाहिए. भारत अपने खिलाड़ियों को मजबूत ढांचे के जरिए तैयार करता है. वे जानते हैं कि दबाव में कैसे शांत रहकर खेलना है. उनकी बॉलिंग भले मजबूत न हो लेकिन बैटिंग बहुत ताकतवर है. कभी-कभी इससे आपको बड़े मैचों में मदद मिलती है.'
उन्होंने कहा, 'भारत न सिर्फ सेमीफाइनल खेलेगा बल्कि मुझे लगता है कि यह फाइनल में पहुंचेगा. सभी चीजों को किनारे कर दें तो मुझे लगता है कि खेल के लिहाज से उनके पास जबरदस्त टीम है और संजू सैमसन ने वाकई कमाल किया है.'
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें