तीसरे टेस्ट मैच में मुकाबला अभी बराबरी पर, डेरिल मिशेल ने बताया न्यूजीलैंड ने कैसे किया परिस्थितियों का सामना

Written By: : Bhaskar Tiwari
Updated Date:November 1, 2024 9:47 PM IST

तीसरे टेस्ट मैच के पहली पारी में शानदार अर्धशतकीय पारी खेलने वाले डेरिल मिशेल ने बताया कि हमने मुंबई की परिस्थितियों का कैसे सामना किया.

शीर्ष क्रम के के बल्लेबाजों के लचर प्रदर्शन के कारण भारत भले ही बैक फुट पर नजर आ रहा है. मगर न्यूजीलैंड के बल्लेबाज डेरिल मिशेल का मानना है कि तीसरे और अंतिम टेस्ट मैच के पहले दिन का खेल समाप्त होने के बाद दोनों टीमों का पलड़ा बराबरी पर है.

Advertising
Advertising

भारतीय गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन करके न्यूजीलैंड को पहली पारी में 235 रन पर आउट कर दिया. जिसमें मिचेल ने सर्वाधिक 82 रन बनाए. इसके जवाब में भारत शुक्रवार को पहले दिन का खेल समाप्त होने के बाद चार विकेट पर 86 रन बनाकर संघर्ष कर रहा था. वह अभी न्यूजीलैंड से 149 रन पीछे है.

मिशेल ने पहले दिन का खेल समाप्त होने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि हमने अच्छा स्कोर बनाया है और उम्मीद है कि कल हम शुरू में ही उनके कुछ और विकेट हासिल करने में सफल रहेंगे. हम देखेंगे कि दूसरे दिन मैच किस करवट बैठता है.

अभी मैच में दोनों टीमों का पलड़ा बराबरी पर है. पिच से स्पिनरों को मदद मिल रही है. जिसका फायदा उठाकर रविंद्र जडेजा ने पांच और वाशिंगटन सुंदर ने चार विकेट लेकर न्यूजीलैंड को बड़ा स्कोर नहीं बनने दिया. डेरिल मिशेल ने कहा कि उनकी टीम इस तरह की परिस्थितियों को देखकर हैरान नहीं थी.

इस क्षेत्र में लाल मिट्टी की प्रकृति ऐसी ही है. इसमें थोड़ा उछाल होता है और यह थोड़ा टर्न भी लेती है. जब हम सुबह यहां पहुंचे तो हम जानते थे कि हमें किस तरह की परिस्थितियों का सामना करना है.

मिशेल ने कहा कि यहां काफी गर्मी और उमस है और हवा भी बहुत कम चल रही है. हमारे देश में अभी सर्दियों का मौसम चल रहा है और हम वहां से यहां आए हैं. इसलिए परिस्थितियों से सामंजस्य बिठाना बड़ा चुनौती होती है.

Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें