RCB के इस स्टार खिलाड़ी पर गिरी गाज, BCCI ने किया बैन; जानिए किस गलती की मिली सजा
आईपीएल 2026 फाइनल के दौरान अंपायर की ओर बर्फ की थैली फेंकने पर RCB के इस बल्लेबाज पर BCCI ने बड़ा एक्शन लिया है. क्या अब वह IPL 2027 का पहला मैच खेल पाएंगे?
BCCI ने टिम डेविड को आईपीएल आचार संहिता के नियम 2.9 का दोषी माना. (Photo from IANS)
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने लगातार दूसरी बार आईपीएल का खिताब अपने नाम किया है. लेकिन जीत के जश्न के बीच, टीम को बड़ा झटका भी लगा. टीम के विस्फोटक बल्लेबाज टिम डेविड पर BCCI ने सख्त कार्रवाई करते हुए उनकी मैच फीस का 50% जुर्माना लगाया है. इतना ही नहीं, उनके ऊपर एक मैच का बैन भी लगा दिया गया है. यह कार्रवाई गुजरात टाइटंस के खिलाफ अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले के दौरान हुई एक घटना के बाद की गई.
फाइनल मैच में क्या हुआ था?
मालूम हो कि आईपीएल 2026 का फाइनल मुकाबला बेंगलुरु और गुजरात के बीच खेला गया था. इस मैच में गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 155 रन बनाए थे. जवाब में विराट कोहली की शानदार नाबाद 75 रन की पारी की बदौलत RCB ने 18 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया और लगातार दूसरी बार आईपीएल ट्रॉफी जीत ली. हालांकि, मैच के दौरान पहली पारी के 10वें ओवर में एक ऐसा वाकया हुआ, जिसने बाद में बड़ा विवाद खड़ा कर दिया. विकेट गिरने के बाद टिम डेविड गुस्से में नजर आए और उन्होंने अंपायर नितिन मेनन की तरफ बर्फ की थैली फेंक दी. यह हरकत कैमरे में रिकॉर्ड हो गई और बाद में इस पर कार्रवाई हुई.
किस नियम के तहत हुई कार्रवाई?
BCCI ने टिम डेविड को आईपीएल आचार संहिता के नियम 2.9 का दोषी माना. यह नियम मैच के दौरान किसी खिलाड़ी, अंपायर या अधिकारी की तरफ खतरनाक या गलत तरीके से गेंद या किसी सामान को फेंकने से जुड़ा है. आईपीएल गवर्निंग बॉडी ने इस मामले को गंभीर माना और उन पर मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना लगाया. साथ ही उनके खाते में दो डिमेरिट अंक भी जोड़ दिए गए. टिम डेविड ने अपनी गलती स्वीकार कर ली और मैच रेफरी जवागल श्रीनाथ द्वारा दी गई सजा मान ली.
अब क्यों लगा एक मैच का बैन?
टिम डेविड की इस सीजन में यह पहली गलती नहीं थी. इससे पहले भी उन्हें दो अलग-अलग मैचों में डिमेरिट अंक मिल चुके थे. मैच नंबर 20 में उन्हें 1 डिमेरिट अंक मिला था, जबकि मैच नंबर 54 में 2 डिमेरिट अंक दिए गए थे. अब फाइनल में मिले 2 नए अंकों के बाद उनके कुल 5 डिमेरिट अंक हो गए हैं. आईपीएल नियमों के मुताबिक, 5 डिमेरिट अंक पूरे होने पर खिलाड़ी पर एक मैच का प्रतिबंध लगाया जाता है. इसी वजह से टिम डेविड अब आईपीएल 2027 का पहला मुकाबला नहीं खेल पाएंगे.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें