
Arun Kumar
नमस्कार! मैं अरुण कुमार, फिलहाल India.com (Zee Media) में सीनियर सब एडिटर के रूप में स्पोर्ट्स डेस्क पर कार्यरत हूं. मैं पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं और ... और पढ़ें
नई दिल्ली. टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) और स्टार बल्लेबाज विराट कोहली (Virat Kohli) इन दिनों अपने करियर के सबसे खराब दौर से जूझ रहे हैं. दोनों की फॉर्म साथ नहीं दे रही है और ऐसे में उनके घरेलू क्रिकेट में खेलने के चर्चे भी खूब बढ़ रहे हैं. इस बीच टीम इंडिया पूर्व खिलाड़ी और स्टार ऑलराउंडर युवराज सिंह (Yuvraj Singh) ने दोनों को घरेलू क्रिकेट खेलने की सलाह दी है. युवी का मानना है कि फॉर्म से जूझ रहे खिलाड़ी को राष्ट्रीय टीम में अपने कद की परवाह किए बिना हमेशा घरेलू क्रिकेट में खेलना चाहिए.
विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे स्टार खराब फॉर्म में हैं जिससे इस बात पर बहस चल रही है कि उन्हें रणजी ट्रॉफी मैचों में खेलना चाहिए या नहीं. बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में भारत को ऑस्ट्रेलिया से हार का सामना करना पड़ा, जिससे रोहित और कोहली के लाल गेंद की फॉर्म हासिल करने के लिए रणजी ट्रॉफी में खेलने की बात चल रही है.
दोनों बल्लेबाज पांच टेस्ट मैचों के दौरान रन बनाने के लिए संघर्ष करते दिखे, विशेषकर रोहित, जिन्होंने सिडनी में अंतिम टेस्ट के लिए खुद नहीं खेलने का फैसला किया.
‘सेलिब्रिटी क्रिकेट लीग’ के लॉन्च कार्यक्रम के दौरान युवराज ने पीटीआई के सवाल के जवाब में कहा, ‘घरेलू क्रिकेट महत्वपूर्ण है. मैंने हमेशा महसूस किया है कि अगर आपके पास समय है और अगर आप अच्छा प्रदर्शन नहीं कर रहे हैं तो आपको निश्चित रूप से घरेलू क्रिकेट खेलना चाहिए.’
उन्होंने कहा, ‘यह अभ्यास करने और मैच खेलने का सबसे अच्छा तरीका है. मुझे लगता है कि अगर आपके पास समय है और आप चोटिल नहीं हैं तो घरेलू क्रिकेट बहुत महत्वपूर्ण है.’ सुनील गावस्कर, रवि शास्त्री और यहां तक कि भारत के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने भी भारत के लगातार टेस्ट सीरीज गंवाने के बाद घरेलू क्रिकेट के महत्व के बारे में बात की है.
रोहित 23 जनवरी से शुरू होने वाले रणजी ट्रॉफी मुकाबलों से पहले मुंबई के अभ्यास सत्रों में शामिल हुए, वहीं कोहली ने अभी तक दिल्ली के लिए घरेलू वापसी के कोई संकेत नहीं दिए हैं. ऋषभ पंत, यशस्वी जायसवाल और शुभमन गिल जैसे अन्य स्टार खिलाड़ियों ने अपनी घरेलू टीमों में खेलने के लिए अपनी उपलब्धता की पुष्टि की है.
बाएं हाथ के बेहतरीन बल्लेबाजों में शुमार युवराज ने रोहित की सराहना की कि उन्होंने खराब फॉर्म के कारण सिडनी टेस्ट से खुद को आराम देने का फैसला किया. ऑस्ट्रेलिया में हार के बाद गंभीर की भूमिका भी सवालों के घेरे में आ गई है, लेकिन युवराज ने अपने दोनों पूर्व साथियों का बचाव किया.
उन्होंने कहा, ‘मैंने पहले भी कहा है. आप लोग सीरीज दर सीरीज देखते हैं. अगर भारत सीरीज जीतता है तो आप अच्छी बातें करते हैं, अगर हारता है तो आप आलोचना करते हैं.’
(इनपुट: भाषा)
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.