
Arun Kumar
नमस्कार! मैं अरुण कुमार, फिलहाल India.com (Zee Media) में सीनियर सब एडिटर के रूप में स्पोर्ट्स डेस्क पर कार्यरत हूं. मैं पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं और ... और पढ़ें
नई दिल्ली. मुंबई के युवा ओपनिंग बल्लेबाज और अंडर 19 वर्ल्ड कप चैम्पियन कप्तान पृथ्वी शॉ (Prithvi Shaw) को मुंबई ने रणजी ट्रॉफी टीम से बाहर कर दिया है. इसके पीछे उनकी खराब फिटनेस को वजह माना जा रहा है. मुंबई के सिलेक्टर्स ने उनकी जगह अनुभवी लेफ्टहैंडर ओपनिंग बल्लेबाज अखिल हेरवाडकर को टीम में जगह दी है, जो अब तक 41 रणजी ट्रॉफी मैच खेल चुके हैं. मुंबई ने सोमवार को अपनी अगले रणजी ट्रॉफी मैच के अजिंक्य रहाणे (Ajinkya Rahane) की कप्तानी में टीम का चयन किया. मुंबई को सीजन का तीसरा मैच त्रिपुरा के खिलाफ खेलना है.
अब तक खेले 2 मैचों में उसे एक में जीत और एक में हार मिली है. 42 बार की रणजी ट्रॉफी चैम्पियन मुंबई ने बड़ौदा के खिलाफ हार से सीजन की शुरुआत की थी. लेकिन महाराष्ट्र को उसने 9 विकेट से हराकर प्वॉइंट्स टेबल में अपना खाता खोल लिया है. मुंबई एलीट ग्रुप A का हिस्सा है. 24 वर्षीय पृथ्वी शॉ को टीम से बाहर करने का सिलेक्टर्स ने कोई कारण तो नहीं बताया है लेकिन माना जा रहा है कि उनकी खराब फिटनेस के चलते चयनकर्ताओं ने चेतावनी के तौर पर यह फैसला लिया है. शॉ इससे पहले भी कई बार अनुशासन तोड़ने के मामले में घिरे रहे हैं.
शॉ के अलावा टीम में एक और बदलाव किया गया है. तनुष कोटियान को भी जगह नहीं मिली है क्योंकि वह ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए भारत A टीम में चुने गए हैं. उनकी जगह 28 वर्षीय कर्ष कोठारी को चुना गया है. क्रिकेट वेबसाइट क्रिकबज की एक रिपोर्ट के मुताबिक, संजय पाटिल के नेतृत्व वाली मुंबई की 5 सदस्यीय चयनसमिति ने कम से कम एक मैच के लिए इस क्रिकेटर को बाहर करने का फैसला किया है, ताकि वह कुछ सबक लेकर अपने फिटनेस मसलों पर काम कर सके.
हालांकि अभी यह कहना जल्दबाजी होगा कि अगले मैच के बाद इस युवा बल्लेबाज की टीम में वापसी होगी या नहीं. लेकिन चयनकर्ताओं और टीम मैनेजमेंट का मानना है कि फिलहाल एक मैच के लिए उन्हें बाहर करने से शायद उन्हें सबक मिल सकता है. क्योंकि वह लगातार टीम के नेट्स और प्रैक्टिस सेशन से नदारद रहते हैं. इसके अलावा वह ओवरवेट भी हैं, जो उनके खिलाफ गया.
इस युवा बल्लेबाज ने भारत के लिए आखिरी बार साल 2021 में कोई मैच खेला था. वह अब तक भारत के लिए 5 टेस्ट, 6 वनडे और एकमात्र टी20 इंटरनेशनल खेल चुके हैं.
अजिंक्य रहाणे (कप्तान), आयुष म्हात्रे, अंगकृष रघुवंशी, अखिल हेरवाडकर, श्रेयस अय्यर, सिद्धेश लाड, सूर्यांश शेडगे, हार्दिक तमोरे (विकेटकीपर), सिद्धांत अद्धतराव (विकेटकीपर), शम्स मुलानी, कर्ष कोठारी, हिमांशु सिंह, शार्दुल ठाकुर, मोहित अवस्थी, मोहम्मद जुनेद खान और रॉयस्टन डायस.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.