IPL 2026: सिर्फ विराट कोहली-रजत पाटीदार ही नहीं, ये खिलाड़ी भी रहे RCB के हीरो, पूरे सीजन शानदार प्रदर्शन करते रहे ये गुमनाम प्लेयर

Written By: Shivendra Rai Updated by: Shivendra Rai
Published Date:June 1, 2026 10:12 AM IST

RCB's Unsung Heroes: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम में कुछ ऐसे बल्लेबाज और गेंदबाज भी रहे जो चर्चा में कम आए लेकिन पूरे सीजन छाए रहे. टीम को चैंपियन बनाने में इन खिलाड़ियों की भूमिका अहम रही.

Royal Challengers Bengaluru Unsung heroes: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) लगातार दूसरी बार IPL चैंपियन बनी है. RCB के लिए इस सीजन सलामी बल्लेबाज विराट कोहली और कप्तान रजत पाटीदार ने शानदार प्रदर्शन किया है. दोनों बल्लेबाजों ने कई मैचों में अकेले दम पर टीम की नैया पार कराई. हालांकि, इस सीजन आरसीबी में चर्चा का केंद्र भले ही कोहली और पाटीदार रहे हों, कुछ ऐसे खिलाड़ी भी हैं जो चुपचाप शानदार प्रदर्शन करते रहे और टीम को ट्राफी जिताने में अहम भूमिका निभाई. आइये जानते हैं कुछ ऐसे ही खिलाड़ियों के बारे में.

Advertising
Advertising

ये भी पढ़िए- RCB की जीत के साथ इनामों की बारिश

1- भुवनेश्वर कुमार

भारतीय गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को उनकी स्विंग गेंदबाजी के लिए जाना जाता है. भुवनेश्वर रफ्तार के सौदागर नहीं है इसलिए उनकी चर्चा किसी तूफानी तेज गेंदबाज की तरह नहीं होती. लेकिन, भुवनेश्वर उन गेंदबाजों में से हैं जिनसे बल्लेबाज सबसे ज्यादा खौफ खाते हैं. पॉवरप्ले में भुवी का रिकॉर्ड गजब का है. इस सीजन भुवनेश्वर कुमार ने RCB के लिए गेंदबाजी की कमान संभाली और 16 मैचों में 28 विकेट लिए. IPL 2026 में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में वह दूसरे नंबर पर रहे. खास बात ये है कि पूरे सीजन में भुवी ने सिर्फ 501 रन खर्चे और 7.95 की इकॉनमी से गेंदबाजी की. फाइनल में भी भुवनेश्वर ने कसी हुई बॉलिंग की और 4 ओवरों में 29 रन देकर 2 विकेट लिए.

2- टिम डेविड

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए मध्यक्रम में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करने की जिम्मेदारी टिम डेविड के कंधों पर थी. उन्होंने इसे बखूबी निभाया भी. RCB के साथ टिम डेविड का ये सीजन शानदार रहा. टिम ने इस सीजन कुल 16 मुकाबले खेले. उन्होंने सीजन में कुल 305 रन बनाए. इस सीजन उनकी सबसे यादगार पारी CSK के खिलाफ आई जब उन्होंने 25 गेंदों में नाबाद 70 रन बनाए. इस पारी में उन्होंने 8 छक्के लगाए थे. फाइनल मुकाबले में भी टिम ने पारी को उस समय संभाला और विराट का साथ दिया जब लग रहा था कि गुजरात की टीम वापसी कर लेगी. टिम डेविड ने खिताबी मुकाबले में 17 गेंदों में 24 रन बनाए.

3- क्रुणाल पांड्या

RCB के ऑलराउंडर क्रुणाल पांड्या ने भी टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई. क्रुणाल ने इस सीजन कुल 16 मैच खेले और 14 विकेट लिए. उन्होंने बल्ले से भी योगदान दिया और 16 मुकाबलों में कुल 226 रन बनाए. लीग-स्टेज के एक अहम मैच में अपनी पुरानी टीम मुंबई इंडियंस के खिलाफ क्रुणाल ने 46 गेंदों में 73 रनों की शानदार पारी खेलकर मुश्किल रन चेज को संभव बनाया. गुजरात टाइटन्स के खिलाफ Qualifier 1 में क्रुणाल ने 8 गेंदों में 43 रनों की एक अहम पारी खेली थी. फाइनल मुकाबले में उन्होंने जोश बटलर को आउट किय.

4- रशिक सलाम

युवा गेंदबाज रशिक डार उन खिलाड़ियों में से हैं जो अपना काम चुपचाप करते हैं और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाते हैं. RCB के लिए उन्होंने इस सीजन कुछ ऐसा ही किया. रशिक डार ने IPL 2026 में केवल 12 मैच खेले और 19 विकेट अपने नाम किए. उन्होंने एक बार पारी में 4 विकेट भी लिए. फाइनल मुकाबले में भी रशिक डार ने सधी हुई गेंदबाजी की और 4 ओवरों में केवल 27 रन देकर 3 विकेट चटकाए.

5- देवदत्त पड्डिकल

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के लिए विराट कोहली और रजत पाटीदार के बाद सबसे सफल बल्लेबाज देवदत्त पड्डिकल रहे. इस सीजन टीम मैनेजमेंट ने पड्डिकल पर पूरा भरोसा किया और बांए हाथ के इस बल्लेबाज को नंबर तीन पर भेजा. देवदत्त पड्डिकल ने IPL 2026 में कुल 16 मैच खेले और 464 रन बनाए. इस दौरान उन्होंने 33.14 की औसत और 186.66 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए. पड्डिकल ने अहम मौकों पर टीम को संभाला भी और रन गति भी बढ़ाई.

Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें