वैभव सूर्यवंशी को अभी नहीं मिल सकती भारतीय टी20 टीम में जगह, आकाश चोपड़ा ने बताई यह वजह
Vaibhav Sooryavanshi News: आकाश चोपड़ा ने कहा कि मौजूदा समय में भारतीय टीम में जो ओपनर्स हैं. वे दोनों शानदार हैं ऐसे में वैभव को उनकी जगह पर लाना मुश्किल है.
वैभव सूर्यवंशी आईपीएल 2026 में शॉट खेलते हुए @IPL-BCCI
15 साल के खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) ने आईपीएल 2026 में अपने बेहतरीन परफॉर्मेंस के बाद टीम इंडिया में मजबूती से अपना दावा ठोक दिया है. उन्होंने इस सीजन कई बड़े रिकॉर्ड्स और टूर्नामेंट के कई बड़े अवॉर्ड्स अपने नाम करने के बाद किकेट के बड़े-बड़े धुरंधरों को अपना मुरीद बना लिया है. कई जानकार भी यह मांग उठा रहे हैं कि उन्हें अब भारतीय टी20 टीम में मौका देने का समय आ गया है. हालांकि पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा का मानना है कि अभी वैभव को टी20 टीम में जगह मिल पाना मुश्किल है.
आकाश चोपड़ा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर शेयर किए गए वीडियो में बताया कि संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा की मौजूदगी में वैभव सूर्यवंशी को भारत की टी20 टीम में जगह मिल पाना मुश्किल है. आकाश ने कहा कि सैमसन का प्रदर्शन टी20 विश्व कप 2026 में लाजवाब रहा था. 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' रहे थे. ऐसे में सैमसन की जगह पर वैभव को टीम में लाना उचित नहीं होगा.
इस पूर्व टेस्ट क्रिकेटर ने कहा कि अभिषेक शर्मा भी क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं. अभिषेक लंबे समय से टी20 में दुनिया के नंबर एक बल्लेबाज बने हुए हैं. यही वजह है कि उनकी जगह पर वैभव को टीम में अभी मौका देना सही नहीं होगा.
आकाश चोपड़ा ने माना कि 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव होनदार और शानदार बल्लेबाज हैं. लेकिन अभी उन्हें भारतीय टी20 टीम में आने के लिए थोड़ा इंतजार करना होगा.
गौरतलब है कि वैभव को श्रीलंका में होने वाली त्रिकोणीय सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है. इस सीरीज की शुरुआत 9 जून से होगी, जबकि फाइनल मुकाबला 21 जून को खेला जाना है. यह देखना दिलचस्प होगा कि इस सीरीज में वैभव का प्रदर्शन कैसा रहता है.
आईपीएल 2026 में वैभव का बल्ला खूब गरजा और उन्होंने 16 मुकाबलों में 237 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 776 रन बनाए. वह ऑरेंज कैप जीतने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने. उन्होंने एलिमिनेटर और फिर दूसरे क्वालीफायर मुकाबले में शानदार बल्लेबाजी की. वैभव ने टूर्नामेंट के दौरान क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ा और वह एक सीजन में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बने. वैभव ने आईपीएल 2026 में 72 छक्के लगाए.
(एजेंसी इनपुट्स के साथ)
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें