वैभव सूर्यवंशी के लिए BCCI का खास इंतजाम, विदेश दौरे पर माता-पिता भी रहेंगे साथ; जानें वजह

Written By: Gargi Santosh Updated by: Gargi Santosh
Updated Date:June 18, 2026 8:41 PM IST

15 साल के वैभव सूर्यवंशी के लिए BCCI ने UK दौरे पर खास इंतजाम किए हैं. युवा बल्लेबाज के साथ अब उनके माता-पिता भी जाएंगे. जानिए यह फैसला किस कारण लिया गया.

भारत के युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने एक फैसला लिया है. सिर्फ 15 साल की उम्र में भारतीय टीम का हिस्सा बनने जा रहे वैभव के साथ उनके माता-पिता भी UK दौरे पर जाएंगे. बोर्ड का मानना है कि इतनी छोटी उम्र में सीनियर टीम के माहौल में ढलना किसी भी खिलाड़ी के लिए आसान नहीं होता, इसलिए परिवार का साथ जाना उन्हें मानसिक रूप से अच्छा महसूस कराएगी. यह कदम इसलिए भी खास माना जा रहा है, क्योंकि इतने कम उम्र के खिलाड़ी बहुत कम ही सीनियर टीम तक पहुंचते हैं.

Advertising
Advertising

वैभव के साथ माता-पिता UK क्यों जाएंगे?

BCCI सचिव ने न्यूज एजेंसी PTI से बातचीत में कहा कि नेशनल टीम में 14–15 साल के खिलाड़ी बहुत कम देखने को मिलते हैं. उन्होंने कहा कि कई दशक पहले ऐसा मौका तब आया था, जब सचिन तेंदुलकर बहुत कम उम्र में भारतीय टीम का हिस्सा बने थे. अब वैभव (Vaibhav Sooryavanshi) भी उसी तरह की शुरुआत करने जा रहे हैं. बोर्ड का मानना है कि टीम के बाकी खिलाड़ी और स्टाफ सभी युवा हैं. ऐसे में माता-पिता का साथ वैभव को नए माहौल में सहज बनाने में मदद करेगा.

IPL 2026 में शानदार प्रदर्शन से अच्छा मौका

वैभव सूर्यवंशी को यह गोल्डन चांस IPL 2026 में उनके शानदार प्रदर्शन के बाद मिला है. चयन समिति ने उनके दमदार खेल को देखते हुए पहली बार भारतीय T20 टीम में शामिल किया. उन्होंने 16 मैचों में 776 रन बनाए और पूरे सीजन में 237.30 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की. इस दौरान उन्होंने 72 छक्के और 63 चौके लगाए. उनके बल्ले से एक शतक और पांच अर्धशतक भी निकले. शानदार प्रदर्शन के कारण उन्हें पहली बार इंडिया ए टीम में भी जगह मिली और फिलहाल वह श्रीलंका में खेली जा रही ट्राई सीरीज का हिस्सा हैं.

क्या वैभव तोड़ पाएंगे सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड?

बता दें कि वैभव बहुत जल्द भारतीय टीम के लिए खेलने वाले सबसे युवा खिलाड़ियों में शामिल हो सकते हैं. अभी यह रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम दर्ज है, जिन्होंने 16 साल और 205 दिन की उम्र में पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था. ऐसे में क्रिकेट फैंस की नजरें अब वैभव पर टिकी हैं कि वह अपने शुरुआती अंतरराष्ट्रीय सफर को किस तरह आगे बढ़ाते हैं.

भारत का UK शेड्यूल यहां देखें

भारत का UK दौरा आयरलैंड के खिलाफ दो टी20 मुकाबलों से शुरू होगा, जो 26 और 28 जून को खेले जाएंगे. इसके बाद टीम इंग्लैंड जाएगी, जहां पांच टी20 मैच 1, 4, 7, 9 और 11 जुलाई को खेले जाएंगे. इसके बाद 14, 16 और 19 जुलाई को तीन वनडे मैच होंगे. हालांकि, वनडे सीरीज के लिए टीम की घोषणा अभी बाकी है.

Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें