बहुत जल्दी ही वैभव सूर्यवंशी को टीम इंडिया से आएगा बुलावा, राजस्थान रॉयल्स के कोच कुमार संगाकारा को भरोसा

Written By: Arun Kumar Updated by: Arun Kumar
Updated Date:May 30, 2026 3:42 PM IST

राजस्थान रॉयल्स के कोच कुमार संगाकारा ने कहा कि वैभव ने इस सीजन जो परिपक्वता दिखाते हुए दुनिया के बड़े गेंदबाजों के खिलाफ जो किया है. वह काबिलेतारीफ है. उन्हें नेशनल टीम से जल्दी मौका मिलेगा.

इस सीजन आईपीएल में अपने बल्ले से धूम मचाने वाले 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) ने आईपीएल में लगातार अपने बल्ले का जलवा बिखेरकर दिखाया है. वह टूर्नामेंट के नॉकआउट (प्लेऑफ) स्टेज में खेले तो और भी खतरनाक और विश्वसनीय दिखाई दिए. क्वॉलीफायर 2 में उनकी टीम भले मैच हार गई, लेकिन वैभव ने 96 रनों की अपनी पारी जिस परिपक्वता से खेली वह शानदार थी. इस बल्लेबाज ने 16 मुकाबलों में 237 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए टूर्नामेंट में कुल 776 रन बनाए.

Advertising
Advertising

वैभव ने इस सीजन अपनी तूफानी बल्लेबाजी के दम पर कई बड़े रिकॉर्ड्स को चकनाचूर कर दिया. उनके खेल से राजस्थान रॉयल्स के कोच कुमार संगाकारा भी प्रभावित हैं और उन्होंने उम्मीद जताई कि बहुत जल्दी ही इस किशोर उम्र के बल्लेबाज को टीम इंडिया से बुलावा आएगा. वह इंटरनेशनल मंच पर क्रिकेट खेलने के लिए पूरी तरह तैयार हैं.

संगकारा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बात करते हुए कहा, 'वैभव ने इस सीजन में दुनिया के कुछ बड़े तेज गेंदबाजों के खिलाफ जो किया है, उसे देखते हुए मुझे लगता है कि वह हमारी तरफ से दी जाने वाली किसी भी चुनौती को लेने के लिए पूरी तरह तैयार है. मुझे यकीन है कि उन्हें बहुत, बहुत जल्द नेशनल टीम में बुलावा आएगा. उन्होंने बहुत परिपक्वता के साथ खेला है और इस सीजन में हमारे लिए सलामी साझेदारी की जिम्मेदारी काफी अच्छे से निभाई है.'

वैभव ने दूसरे क्वालीफायर में गुजरात टाइटंस के खिलाफ शुक्रवार को मुश्किल पिच और मजबूत गेंदबाजी लाइनअप के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी की. वैभव ने राजस्थान रॉयल्स की लड़खड़ाती हुई पारी को बखूबी अंदाज में संभाला और 47 गेंदों में 96 रनों की शानदार पारी खेली. मोहम्मद सिराज, कगिसो रबाडा जैसे गेंदबाजों ने वैभव को बाउंसर और शॉर्ट गेंदों से टेस्ट करने का प्रयास किया, लेकिन 15 वर्षीय बल्लेबाज ने क्रीज पर हर चुनौती का डटकर सामना किया.

संगकारा इस युवा खिलाड़ी की ज़बरदस्त तरक्की का क्रेडिट खेल के प्रति उनके नजरिए और क्रिकेट की समझ को दिया. उन्होंने कहा, 'हां, मुझे लगता है कि हमारे पास उनके लिए एक प्लान है. हम उनके दिमाग में बिल्कुल भी गड़बड़ नहीं कर रहे हैं. वह हमारी टीम मीटिंग में आते हैं, योगदान देते हैं, सुनते हैं, और बहुत सारा होमवर्क करते हैं. वह अच्छी प्रैक्टिस करते हैं, विरोधी गेंदबाजों के बहुत सारे वीडियो देखते हैं और उसी हिसाब से उनके लिए तैयार होते हैं. हम उनके दिमाग में कुछ भी अतिरिक्त डालने की कोशिश नहीं कर रहे हैं. मुझे लगता है कि उन्हें बस सब कुछ क्लियर रखना है और उसी हिम्मत के साथ बैटिंग करनी है.'

(एजेंसी: आईएएनएस)

Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें