RCB के जश्न में हुए भगदड़ हादसे पर विराट कोहली ने तोड़ी चुप्पी, दुख जताते हुए बोले गए बड़ी बात
मंगलवार को अपना पहला IPL खिताब जीतने के बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने अपने शहर में फैन्स के साथ मिलकर जश्न मनाने का फैसला किया था. यहां फैन्स भारी तादाद में उमड़ पड़े, जिससे भगदड़ मच गई और 11 लोगों की मौत हो गई.
विराट कोहली @Instagram
नई दिल्ली. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के पहला IPL खिताब जीतने की खुशी पर ग्रहण लग गया है. टीम मैनेजमेंट ने 17 साल से चले आ रहे सूखे के खत्म होने के बाद इस खुशी को फैन्स के साथ मिलकर मनाने का फैसला किया था, जिसके चलते उसने बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में जीत के जश्न का आयोजन किया था. यहां फैन्स भारी तादाद में पहुंच गए, जिन्हें संभालने के लिए शहर की पुलिस तैयार नहीं थी. नतीजा स्टेडियम के बाहर भगदड़ मच गई और 11 लोगों की जान चली गई. RCB के स्टार खिलाड़ी विराट कोहली (Virat Kohli) को जब इस घटना का पता चला तो वह भी टूट गए.
उन्होंने इस घटना पर अफसोस जताते हुआ कहा, 'मेरे पास कहने के लिए शब्द नहीं हैं. पूरी तरह टूट गया हूं.' कोहली ने इन शब्दों के साथ अपनी टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का स्टेटमेंट भी अपने सोशल मीडिया हैंडल इंस्टाग्राम पर शेयर किया है. RCB ने इस हादसे की जानकारी के बाद एक बयान जारी कर कहा, 'आज दोपहर टीम के आगमन की प्रतीक्षा में बेंगलुरु में लोगों की भीड़ के बारे में मीडिया रिपोर्टों के माध्यम से सामने आई दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं से हम बहुत दुखी हैं. सभी की सुरक्षा और भलाई हमारे लिए सबसे महत्वपूर्ण है.'
'आरसीबी दुखद मौत पर शोक व्यक्त करता है और प्रभावित परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता है. स्थिति से अवगत होने के तुरंत बाद, हमने अपने कार्यक्रम में तुरंत संशोधन किया और स्थानीय प्रशासन के मार्गदर्शन और सलाह का पालन किया. हम अपने सभी समर्थकों से आग्रह करते हैं कि कृपया सुरक्षित रहें.'
बता दें कि चिन्नास्वामी क्रिकेट स्टेडियम के बाहर हुई भगदड़ में अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 33 लोग घायल हैं. हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दुख जताया और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की.
अधिकारियों ने पुष्टि की है कि दो लोगों के शव बॉरिंग अस्पताल में और चार अन्य के वैदेही अस्पताल में हैं. छह लोगों का वैदेही अस्पताल के आईसीयू में इलाज चल रहा है, जिनमें से तीन को आईसीयू में भर्ती कराया गया है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें