PBKS vs CSK: सीजन की चौथी हार से दुखी हुए कप्तान रुतुराज गायकवाड़, इन्हें ठहराया हार का जिम्मेदार

IPL 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स की टीम पंजाब किंग्स से 18 रनों से हार गई. CSK की यह लगातार चौथी हार है और कप्तान गायकवाड़ ने टीम की खराब फील्डिंग को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया.

Published date india.com Published: April 9, 2025 12:03 AM IST
Ruturaj Gaikwad vs pbks
रुतुराज गायकवाड़ @IPL-BCCI

चंडीगढ़. चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की टीम इस सीजन भी तैयार नहीं दिख रही है. उसने अब तक खेले 5 मैचों में से 4 गंवा दिए हैं, जबकि एक में उसे जीत मिली है. मंगलवार को उसका सामना पंजाब किंग्स (PBKS) से था, जहां उसने टीम के टॉप ऑर्डर को बुरी तरह खड़खड़ा दिया था लेकिन अकेले युवा बल्लेबाज प्रियांश आर्य के शतक के बाद निचले क्रम के बल्लेबाजों की साहसिक पारियों के दम पर पंजाब ने 6 विकेट पर 219 रन बनाकर सीएसके को बैकफुट पर ही रखा.

220 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी चेन्नई की टीम ने अच्छी ओपनिंग शुरुआत के बावजूद यह मैच 18 रनों से गंवा दिया. इस हार के बाद सीएसके के युवा कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने अपने फील्डरों को हार का जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि टीम को कैच छोड़ने का अंजाम भुगतना पड़ रहा है. CSK ने पिछले कुछ मैचों में लगातार कैच टपकाए हैं और मंगलवार को मैच की दूसरी ही गेंद पर प्रियांश आर्य को जीवनदान दिया जिन्होंने शानदार शतक जड़ा.

आईपीएल इतिहास का संयुक्त रूप से चौथा सबसे तेज शतक जड़ने वाले प्रियांश आर्य ने 42 गेंद में नौ छक्कों और सात चौकों से 103 रन की पारी खेली. उन्होंने शशांक सिंह (नाबाद 52) के साथ उस समय छठे विकेट के लिए 34 गेंद में 71 रन की साझेदारी की जब टीम 83 रन पर पांच विकेट गंवाकर संकट में थी. गायकवाड़ ने कहा कि पिछले कुछ मैच में फील्डिंग ने अंतर पैदा किया है. बता दें CSK की टीम इस सीजन खेले 5 मैचों में कुल 13 कैच टपका चुकी है, जो सबसे ज्यादा हैं.

गायकवाड़ ने मैच के बाद कहा, ‘पिछले चार मैच में यही (कैच छोड़ना) एकमात्र अंतर है. यह बहुत महत्वपूर्ण रहा है. हर बार जब हम कैच छोड़ते हैं तो वही बल्लेबाज 20, 25 या 30 रन अतिरिक्त बना देता है. यदि आप आरसीबी के मैच को छोड़ दें तो पिछले तीन मैच में लक्ष्य का पीछा करते हुए यह एक या दो या तीन बड़े शॉट की बात थी.’

उन्होंने कहा, ‘कभी-कभी आपको प्रियांश के खेलने के तरीके की सराहना करनी होगी. उसने अपने मौकों का फायदा उठाया. यह उच्च जोखिम वाली बल्लेबाजी थी और यह उसके लिए काफी अच्छा रहा. भले ही हम विकेट ले रहे थे लेकिन उन्होंने रन गति बनाए रखी.’ गायकवाड़ ने कहा कि उनकी बल्लेबाजी अच्छी थी लेकिन क्षेत्ररक्षण में रन अधिक दे दिए.

उन्होंने कहा, ‘हम 10-15 रन कम दे सकते थे, अगर हमने अच्छा प्रदर्शन किया होता और यह कैच छोड़ने के कारण ही होता है. आज बल्लेबाजी के नजरिए से शानदार प्रदर्शन रहा. यही हम चाहते थे. हमारे बल्लेबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया और पावरप्ले शानदार रहा. यह एक बेहतर प्रदर्शन था और कई सकारात्मक बातें थीं.’

Add India.com as a Preferred SourceAdd India.com as a Preferred Source

(इनपुट्स: एजेंसी)

Also Read:

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.