
Arun Kumar
नमस्कार! मैं अरुण कुमार, फिलहाल India.com (Zee Media) में सीनियर सब एडिटर के रूप में स्पोर्ट्स डेस्क पर कार्यरत हूं. मैं पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं और ... और पढ़ें
न्यूजीलैंड के मिडल ऑर्डर बल्लेबाज और धांसू ऑलराउंडर ग्लेन फिलिप्स अपनी दमदार फील्डिंग के साथ-साथ अपनी ऑफ स्पिन बॉलिंग और विस्फोटक बैटिंग के लिए भी अकसर चर्चाओं में रहते हैं लेकिन इन दिनों वह अपनी बैटिंग में एक अलग ही स्किल को जोड़ने में जुटे हुए हैं. दाएं हाथ का यह बल्लेबाज अब खब्बू यानी लेफ्टहैंडर बनकर भी चौके-छक्के उड़ाने के अभ्यास में निपुण हो रहा है. वह आगामी टी20 वर्ल्ड कप के लिए खुद को तैयार कर रहा है. उनका मानना है कि बाएं हाथ की उनकी बल्लेबाजी में सुधार से भविष्य में बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ उन्हें काफी मदद मिल सकती है.
लीक से हटकर खेलने के अंदाज के लिए मशहूर फिलिप्स ने पिछले मंगलवार को ‘सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट्स’ के खिलाफ ‘न्यूजीलैंड सुपर स्मैश’ मुकाबले में ‘ओटागो’ के लिए नाबाद 90 रन की पारी से प्रभावित किया. इस दौरान उन्होंने बाएं हाथ के स्पिनर जेडन लेनोक्स के खिलाफ बायें हाथ के बल्लेबाज की तरह बल्लेबाजी करते हुए एक्स्ट्रा कवर के ऊपर से उसी सहजता से छक्का जड़ा, जैसा की वह अपनी नियमित दायें हाथ की बल्लेबाजी में करते हैं. वह इस शॉट के दौरान अगर अपने सामान्य दाएं हाथ के स्टांस में होते तो गेंद मिडविकेट के ऊपर से निकल जाती.
‘ईएसपीनक्रिकइंफो’ ने फिलिप्स के हवाले से कहा, ‘अभ्यास के दौरान मैं बाएं हाथ की बल्लेबाजी का लुत्फ उठाता हूं.’ उन्होंने कहा, ‘जाहिर है मैं इसे कई कारणों से करता हूं. एक तो, अपने दोनों हाथों और दिमाग के दोनों हिस्सों को सक्रिय रखने के लिए और दूसरा मेरा मानना है कि बाएं हाथ के स्पिनर से निपटने का यह कारगर तरीका हो सकता है.’
आधुनिक क्रिकेट में बल्लेबाज से दूर जाती गेंद को अधिक कारगर माना जाता है. इसके चलते टीमें दाएं हाथ के बल्लेबाजों की अधिकता को देखते हुए बाएं हाथ के स्पिनरों को टीम में प्राथमिकता देती हैं. फिलिप्स ने अपने इस नए प्रयोग के बारे में ‘न्यूजीलैंड क्रिकेट’ से कहा कि उन्हें इस शॉट को विकसित करने में ‘कुछ साल’ लग गए.
उन्होंने कहा, ‘यह भविष्य की बात है.’
फिलिप्स ने कहा, ‘जब मुझे ऐसे मैच में मौका मिला जहां बाएं हाथ के ऑफ-स्पिन गेंदबाजों का दबदबा रहने वाला था, तो मुझे लगता है कि इसे आजमाना और उस मैच से पहले की ट्रेनिंग में इसे फिर से शामिल करना समझदारी भरा कदम था. मैच के दौरान इसका इस्तेमाल करने का मौका मिलना वाकई बहुत अच्छा रहा.’
फिलिप्स ने स्वीकार किया कि प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में खुद को बाएं हाथ के बल्लेबाज की तरह पूरी तरह से ढालने से पहले कई कारकों का सही तालमेल होना जरूरी है. उन्होंने कहा, ‘मुझे अपने अभ्यास पर भरोसा रखना होगा और यह समझना होगा कि मुझे गेंद पर जितना हो सके उतना ध्यान देना है. मुझे पता है कि मैंने मेहनत और तैयारी की है, इसलिए इसमें कोई शक नहीं कि यह काम नहीं करेगा.’
फिलिप्स ने कहा, ‘मुझे लगता है कि मैंने आमतौर पर इसका इस्तेमाल तब किया है, जब खोने के लिए कुछ नहीं होता है. कुछ ओवर बचे होते हैं और तब थोड़ा मजा करने का समय होता है.’ न्यूजीलैंड का सीमित ओवरों की श्रृंखला के लिए भारत का क्रिकेट दौरा रविवार को वडोदरा में वनडे मैच से शुरू होगा.
(भाषा से)
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.