MS धोनी और कपिल देव पर पिता योगराज सिंह के बयानों पर शर्मिंदा दिखे युवराज सिंह, बोले- मांगना चाहता हूं माफी

Written By: : Arun Kumar
Updated Date:April 2, 2026 9:10 PM IST

युवराज सिंह के पिता योगराज सिंह अकसर मीडिया में अपने गुस्सैल बयानों के लिए खूब चर्चित रहते हैं. उनकी भड़ास सबसे ज्यादा महेंद्र सिंह धोनी पर निकली है और कभी-कभी वह पूर्व कप्तान कपिल देव पर भी आग-बबूला हुए हैं.

भारतीय क्रिकेट के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर युवराज सिंह के पिता योगराज सिंह यूं तो कमाल के क्रिकेट कोच रहे हैं. उन्होंने देश को युवराज सिंह जैसा नायाब ऑलराउंडर दिया, जिसने भारत को 2007 का टी20 वर्ल्ड कप और 2011 का वनडे वर्ल्ड कप अपने दमदार प्रदर्शन से जितवाया था. इसके अलावा हाल फिलहाल में वह इसलिए भी सुर्खियों में छाए थी क्योंकि उन्होंने दुनिया के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर को भी थोड़े समय के लिए कोचिंग दी थी. योगराज सिंह ने अर्जुन का खेल देखने के बाद उन पर यह बयान देकर क्रिकेट पंडितों को चौंका दिया था कि वह फास्ट बॉलिंग ऑलराउंडर नहीं बल्कि ऐसे शानदार बल्लेबाज हैं, जो जरूरत पड़ने पर फास्ट बॉलिंग भी कर सकता है.

Advertising
Advertising

हालांकि अर्जुन का अभी तक खुद को साबित करना बाकी है. इस बीच युवराज सिंह का एक ताजा पोडकास्ट सुर्खियों में आने लगा है. अभी इस पोडकास्ट का टीजर ही सामने आया है, जिसकी शुरुआत में ही युवी कह रहे हैं कि वह कपिल देव और महेंद्र सिंह धोनी से माफी मांगना चाहते हैं. इसके बाद उनसे सवाल पूछा जाता है कि जब आप अपने पिता के ऐसे इंटरव्यू सुनते हैं तो क्या आपको इन्हें देखकर दुखो होता है? युवी इस पर भी अपनी प्रतिकिया देते हैं.

इस क्लिप को देखकर ही साफ है कि युवराज अपने पिता के उन बयानों पर माफी मांग रहे हैं, जिन पर उन्होंने समय-समय पर टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और कपिल देव के खिलाफ जहर उगला है. योगराज सिंह अपने हर इंटरव्यू में हमेशा से मानते आए हैं कि युवराज सिंह में बहुत क्रिकेट बाकी थी लेकिन कैंसर से उबरने के बाद उन्हें भारतीय टीम में दोबारा उतना मौका नहीं दिया गया, जिसके वे हकदार थे.

उन्होंने यहां तक कहा कि अगर कहीं धोनी उनके सामने आ जाएं तो वह खींच कर उन्हें थप्पड़ मार देंगे क्योंकि युवराज का करियर बर्बाद करने में उनका ही हाथ है. हालांकि युवराज सिंह धोनी के अच्छे दोस्त रहे हैं और उन्होंने कभी भी ऐसी कोई नाराजगी या शिकायत नहीं की.

इसके अलावा एक बार एक इंटरव्यू में उन्होंने भारत के पहले वर्ल्ड कप विजेता कप्तान कपिल देव पर इसलिए निशाना साध दिया था क्योंकि वह मानते थे कि कपिल देव ने उन्हें भारतीय क्रिकेट टीम में टिकने नहीं दिया. योगराज सिंह भारत के पूर्व ऑलराउंडर खिलाड़ी भी रह चुके हैं, जिन्होंने 1980-81 में भारत के लिए एकमात्र टेस्ट और 6 वनडे मैच खेले थे. वह दाएं हाथ के तेज गेंदबाज और दाएं हाथ के बल्लेबाज थे. उन्होंने अपने इंटरनेशनल करियर में 11 रन और 5 विकेट अपने नाम किए.

हाल ही में योगराज सिंह ने एक इंटरव्यू में कहा था कि वह इससे नाराज होकर एक बार कपिल देव को मारने के लिए उनके घर तक पहुंच गए थे. इस बात ने जब मीडिया में तूल पकड़ा था तो मीडिया में कपिल देव से प्रतिक्रिया मांगी गई और महान कपिल देव ने कहा कि कौन योगराज सिंह...

अब युवी का ताजा पोडकास्ट स्पोर्ट्स तक पर आने वाला है, इस पर युवी कह रहे हैं कि मैं कपिल देव और एमएस धोनी से माफी मांगना चाहूंगा.इस टीजर में और भी कई पहलुओं पर युवराज की छोटी-छोटी प्रतिक्रिया दिखाई गई है.

Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें