पीएनजी ने वर्ल्ड कप में की दिल जीतने वाली शुरुआत, वेस्टइंडीज के छुटाए पसीने

Updated Date:June 3, 2024 8:36 AM IST

वेस्टइंडीज जैसी धाकड़ टीम के सामने PNG ने सिर्फ 137 रनों का लक्ष्य रखा था लेकिन इसे पाने में उसके पसीने छूट गए. उसे 19 ओवर बाद जीत नसीब हुई.

जॉर्जटाउन (गुयाना). T20 वर्ल्ड कप में वेस्टइंडीज के ओपनिंग मैच में ही मेजबान टीम को पापुआ न्यू गिनी (PNG) के खिलाफ पसीने छूट गए. दो बार की चैम्पियन टीम को इस टीम ने जीत के लिए 137 रनों का 137 रनों का साधारण टारगेट ही दिया था लेकिन इसे हासिल करने के लिए विंडीज ने 5 विकेट गंवा दिए और यह मैच उसने 6 बॉल बाकी रहते अपने नाम किया. PNG के इस शानदार खेल के बाद भले उसे हार मिली हो लेकिन उसके खेल की तारीफ हो रही है.

Advertising
Advertising

PNG का दूसरा T20 वर्ल्ड कप

अपना दूसरा टी20 वर्ल्ड कप खेल रही पीएनजी ने मजबूत खिलाड़ियों से भरी वेस्टइंडीज को दबाव में डालकर अच्छा प्रदर्शन किया. विंडीज के संघर्ष को देखकर यहां ऐसा लग रहा था कि कहीं टूर्नामेंट के शुरू में ही उलटफेर देखने को न मिल जाए. पर रोस्टन चेज (42*) और आंद्रे रसेल (15*) ने मिलकर छठे विकेट के लिए 18 गेंद में 40 रन की अटूट साझेदारी से वेस्टइंडीज को जीत तक पहुंचाया.

सिर्फ 97 रनों पर विंडीज की आधी टीम OUT

वेस्टइंडीज की आधी टीम 97 रन पर पवेलियन पहुंच गई थी लेकिन चेज और रसेल के मिलकर लगाए तीन छक्कों और चार चौकों से टीम 19 ओवर में पांच विकेट पर 137 रन बनाकर जीत से अभियान शुरू करने में कामयाब रही. पीएनजी के कप्तान असद वाला ने 2 विकेट झटके. इससे पहले पीएनजी ने बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद मध्यक्रम बल्लेबाज सेसे बाऊ (50 रन) के अर्धशतक से आठ विकेट पर 136 रन बनाए.

ब्रेंडन किंग ने दिखाया दम

वेस्टइंडीज के लिए अच्छी शुरुआत करने वाले ब्रैंडन किंग (34 रन) ने पहले ओवर में स्ट्रेट और स्क्वायर लेग पर दो चौके जमाए. पर जॉनसन चार्ल्स खाता खोले बिना दूसरे ओवर में अलेई नाओ की गेंद पर पगबाधा आउट हुए. इसी ओवर के बीच में बारिश आ गई और 20 मिनट की बाधा के बाद यह ओवर पूरा हुआ. किंग ने तीसरे ओवर की पहली गेंद पर काबुआ मोरिया पर कवर और मिड ऑफ के बीच में चौके के लिए भेजने के बाद प्वाइंट पर एक और चौका जड़ दिया. किंग ने फिर चौथे ओवर के अंत में नाओ पर लगातार चौके जमाए.

निकोलस पूरन ने भी जमाया रंग

निकोलस पूरन (27 रन) ने छठे ओवर में सेसे बाऊ की पहली गेंद पर पवेलियन की ओर छक्का, दूसरी गेंद पर गेंदबाज के सिर के ऊपर से चौका और अगली गेंद पर लांग ऑन पर छक्का जड़कर इस ओवर से 18 रन जोड़े. पीएनजी के गेंदबाजों ने इसके बाद वेस्टइंडीज पर दबाव बनाना शुरू किया और अगले दो ओवर तक कोई बाउंड्री नहीं लगने दी. इस दबाव का उन्हें फायदा मिला. नौवें ओवर में जॉन करिको की गेंद पर पूरन लांग ऑन में कैच देकर आउट हो गए. 10वां ओवर मेडन रहा जिसमें किंग (29 गेंद) असद वाला का शिकार बन गए. वेस्टइंडीज का स्कोर 10 ओवर में तीन विकेट पर 63 रन था. रोवमैन पॉवेल (15 रन) और शेरफाने रदरफोर्ड के आउट होने से स्कोर पांच विकेट पर 97 रन हो गया था.

(एजेंसी: भाषा)

Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें