Will India Play Pakistan In A Bilateral Series Bcci Vice President Rajeev Shukla Tells
क्या भारत-पाकिस्तान खेलेंगे कोई सीरीज? पाकिस्तान गए राजीव शुक्ला ने दिया यह जवाब
BCCI की ओर से उपाध्यक्ष राजीव शुकला चैम्पियन्स ट्रॉफी का दूसरा सेमीफाइनल लाहौर में देखने के लिए गए थे. इस मौके पर उनसे यह सवाल खूब पूछा गया कि क्या भारत और पाकिस्तान खेलेंगे कोई सीरीज.
नई दिल्ली. चैम्पियन्स ट्रॉफी का दूसरा सेमीफाइनल बुधवार को लाहौर में खेला गया, जहां भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला दिखाई दिए. राजीव शुक्ला पीसीबी के खास बुलावे पर यहां पहुंचे थे क्योंकि पाकिस्तान चैम्पियन्स ट्रॉफी का मेजबान है और मेजबान बोर्ड दूसरे क्रिकेट बोर्ड को भी मैच देखने के लिए निमंत्रण देता है. लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेले गए इस सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड की टीमें आमने-सामने थीं, जहां न्यूजीलैंड ने साउथ अफ्रीका को 50 रन से हराकर फाइनल में एंट्री कर ली.
इस मौके पर शुक्ला से सवाल पूछा गया कि क्या भारत और पाकिस्तान निकट भविष्य में कोई द्विपक्षीय सीरीज खेलने को तैयार हैं. शुक्ला ने इसका साफ-साफ जवाब दे दिया यह भारत सरकार की मंजूरी पर निर्भर करता है. बीसीसीआई के उपाध्यक्ष ने पाकिस्तानी मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, ‘जहां तक आप दोनों देशों के बीच क्रिकेट खेलने के बारे में पूछ रहे हैं तो यह बहुत स्पष्ट है कि यह सरकार (भारत) का फैसला है. भारत की सरकार जो भी कहेगी, हम उसके मुताबिक चलेंगे.’
शुक्ला ने यहां पाकिस्तान की तारीफ भी की. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान लंबे समय बाद किसी आईसीसी टूर्नामेंट की मेजबानी कर रहा है और यह अच्छी बात है और उन्होंने यहां इस टूर्नामेंट का अच्छे से आयोजन किया है. इस बीच उनसे यह पूछा गया कि क्या यह संभव है कि दोनों देश कोई द्विपक्षीय सीरीज किसी तटस्थ देश में खेल सकते हैं. इस पर शुक्ला ज्यादा पॉजिटिव नहीं दिखाई दिए.
उन्होंने कहा, ‘यह सच है कि दोनों देशों के फैन्स चाहते हैं कि उनके बीच क्रिकेट हो. लेकिन बीसीसीआई की यह नीति रही है कि द्विपक्षीय सीरीज एक-दूसरे की धरती पर ही होनी चाहिए न कि किसी तीसरे तीसरे या तटस्थ देश में हो और पीसीबी की भी ऐसी ही नीति होगी.’
इस मौके पर शुक्ला ने कहा, ‘भारतीय टीम पिचों पर निर्भर नहीं होती है, यहां तक कि दुबई में भी अलग-अलग तरह की पिचें हैं. टीम अपने प्रदर्शन के आधार पर खेलती है, खिलाड़ी अपनी ताकत के आधार पर खेलते हैं और पिचों पर निर्भर नहीं होते.’
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.