महिला एशिया कप फाइनल: 8वां खिताब जीतने के इरादे से उतरेगा भारत, सामने श्रीलंका की चुनौती

महिला एशिया कप में अपना खिताब बचाने उतरी भारतीय टीम के सामने श्रीलंका के रूप में आखिरी चुनौती बाकी है. भारत 7 बार का चैम्पियन है.

Published date india.com Published: July 27, 2024 1:34 PM IST
Women Asia Cup Final
महिला एशिया कप @BCCI

दाम्बुला. मौजूदा चैंपियन भारतीय टीम महिला एशिया कप T20 क्रिकेट टूर्नामेंट में अपना दबदबा बरकरार रखकर श्रीलंका के खिलाफ रविवार को यहां होने वाले फाइनल में जीत दर्ज करके रिकॉर्ड 8वां खिताब जीतने की कोशिश करेगी. भारत ने टूर्नामेंट में अभी तक शानदार प्रदर्शन किया है. उसने लीग चरण में पाकिस्तान को 7 विकेट से, संयुक्त अरब अमीरात को 78 रन से और नेपाल को 82 रन से हराया था. सेमीफाइनल में उसने बांग्लादेश को 10 विकेट से पराजित किया था.

भारत के शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने अभी तक बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है. उन्होंने अभी तक अपनी प्रतिद्वंद्वी टीमों को कोई मौका नहीं दिया है. सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने अभी तक टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई है लेकिन टीम प्रबंधन गेंदबाजों विशेषकर दीप्ति शर्मा और रेणुका सिंह के प्रदर्शन से काफी खुश होगा.

दीप्ति ने टूर्नामेंट में अभी तक सर्वाधिक 9 विकेट लिए हैं, जबकि रेणुका सात विकेट लेकर तालिका में तीसरे नंबर पर है. इन दोनों का इकोनॉमी रेट भी शानदार है, जिसका मतलब है कि उन्होंने विरोधी टीम के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया है. इन दोनों की कसी गेंदबाजी का फायदा भारत के अन्य गेंदबाजों को भी मिला है. बाएं हाथ की स्पिनर राधा यादव इसका उदाहरण है, जिन्होंने अभी तक 5.5 के इकोनॉमी रेट से 6 विकेट लिए हैं.

भारतीय टीम के लिए कोई विभाग चिंता का विषय नहीं है लेकिन कप्तान हरमनप्रीत कौर और जेमिमा रोड्रिग्स को बल्लेबाजी के कम मौके मिलने से वह थोड़ा चिंतित हो सकता है. दूसरी तरफ श्रीलंका भी अभी तक अजेय रहा है. उसने टूर्नामेंट में रनों के लिहाज से सबसे बड़ी जीत भी हासिल की है. श्रीलंका ने ग्रुप चरण में मलेशिया को 144 रन से हराया था.

श्रीलंका की तरफ से कप्तान चमारी अटापट्टू ने अभी तक शानदार प्रदर्शन किया है. उन्होंने अब तक 243 रन बनाए हैं लेकिन उनके अलावा श्रीलंका की कोई भी अन्य बल्लेबाज 100 रन तक नहीं पहुंची है. भारत को अगर जीत दर्ज करनी है तो उसे श्रीलंकाई कप्तान पर अंकुश लगाना होगा. भारत के मजबूत बल्लेबाजी क्रम के सामने श्रीलंका के गेंदबाजों की कड़ी परीक्षा होगी. ऑफ स्पिनर कविशा दिलहारी (सात विकेट) को छोड़कर अन्य श्रीलंकाई गेंदबाज अभी तक प्रभाव छोड़ने में विफल रही हैं.

(भाषा: एजेंसी)

Add India.com as a Preferred SourceAdd India.com as a Preferred Source

Also Read:

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.