WPL 2023: लगातार 5 हार के बाद आखिरकार RCB को मिली पहली जीत, यूपी वॉरियर्स को 5 विकेट से पीटा

WPL 2023 UPW vs RCB: कनिका आहूजा ने 30 गेंद में आठ चौके और एक छक्का की मदद से 46 रन बनाने के अलावा हिथर नाइट (24) के साथ चौथे विकेट के लिए 46 और रिचा घोष के साथ पांचवें विकेट के लिए 60 रन की साझेदारी कर टीम की जीत सुनिश्चित की.

Published date india.com Updated: March 15, 2023 11:51 PM IST
WPL 2023: लगातार 5 हार के बाद आखिरकार RCB को मिली पहली जीत, यूपी वॉरियर्स को 5 विकेट से पीटा
Womens Premier League 2023

RCB Vs UPW: विमेंस प्रीमियर लीग (WPL 2023) में लगातार 5 हार के बाद रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) को आखिरकार उसकी पहली जीत मिल गई. बैंगलोर ने बुधवार को नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स अकैडमी में खेले गए मैच में यूपी वॉरियर्स (RCB Vs UPW) को 5 विकेट से हराकर इस टूर्नामेंट में जीत का अपना खाता खोला.

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करते हुए यूपी वॉरियर्स को 19.3 ओवर में 135 रन पर ऑलआउट कर दिया और फिर दो ओवर बाकी रहते ही 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया. RCB के लिए कनिका आहूजा ने 30 गेंदों पर आठ चौकों और एक छक्के की मदद से सर्वाधिक 46 रन की पारी खेली.

मैन ऑफ द मैच कनिका आहूजा ने 30 गेंद में आठ चौके और एक छक्का की मदद से 46 रन बनाने के अलावा हिथर नाइट (24) के साथ चौथे विकेट के लिए 46 और रिचा घोष के साथ पांचवें विकेट के लिए 60 रन की साझेदारी कर टीम की जीत सुनिश्चित की. रिचा 32 गेंद में तीन चौके और एक छक्का की मदद से 31 रन बनाकर नाबाद रही. यूपी वॉरियर्स के लिए दीप्ति शर्मा ने दो विकेट चटकाए जबकि ग्रेस हैरिस, सोफी एकलस्टन और देविका वैद्य को एक-एक सफलता मिली.

मंधाना की कप्तानी वाली रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की इस पहले सीजन में लगातार पांच हार के बाद यह पहली जीत है. टीम के खाते में अब दो अंक हो गए हैं और वो तालिका में चौथे नंबर पर पहुंच गई है. यूपी को पांच मैचों में तीसरी हार का सामन करना पड़ा है. टीम चार अंकों के साथ तीसरे नंबर पर है.

लक्ष्य का पीछा करते हुए डिवाइन ने हैरिस के खिलाफ दो चौके और छक्का जड़कर आक्रामक रवैया दिखाया लेकिन इन गेंदबाज ने पहले ओवर की आखिरी गेंद पर उन्हें पवेलियन की राह दिखा दी. अगले ओवर में दीप्ति ने कप्तान स्मृति मंधाना को खाता खोले बगैर बोल्ड कर दिया.

इन विकेटों का हालांकि नाइट पर कोई असर नहीं हुआ उन्होंने दीप्ति के खिलाफ चौका लगाने के बाद राजेश्वर का स्वागत दो चौके से किया. पावरप्ले की आखिरी ओवर में भी उन्होंने चौका जड़कर स्कोर को दो विकेट पर 43 रन कर दिया. अगले ओवर में देविका ने पेरी (10) को एकलेस्टन के हाथों कैच कराया.

Add India.com as a Preferred SourceAdd India.com as a Preferred Source

दीप्ति ने नौवें ओवर में नाइट को आउट कर यूपी वॉरियर्स को बड़ी सफलता दिलाई लेकिन दूसरे छोर से कणिका आहूजा ने मोर्चा संभाल लिया था. उन्होंने 10वें, 11वें और 12वें ओवर में एकलेस्टन, हैरिस और राजेश्वरी के खिलाफ कुछ छह चौके जड़ने के बाद 12वें ओवर में देविका के खिलाफ छक्का लगाकर अपने आक्रामक तेवर दिखाये. इसी ओवर में रिचा ने भी चौका लगाकर टीम के स्कोर को चार विकेट पर 101 रन कर दिया.

दोनों इसके बाद संभल कर टीम को लक्ष्य की ओर ले जा रहे थे लेकिन एकलस्टन ने अपने अनुभव का इस्तेमाल कर कणिका को बोल्ड कर आरसीबी की धड़कने बढ़ा दी. अगले ओवर में रिचा ने दीप्ति के खिलाफ लगातार गेंदों पर छक्का और चौका लगाकर टीम की जीत सुनिश्चित कर दी.

इससे पहले, आरसीबी की कप्तान स्मृति मंधाना ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया डिवाइन ने पहले ओवर में ही देविका (शून्य) और कप्तान अलीशा हीली (एक) को चलता कर टीम को शानदार शुरुआत दिलाई. अगले ओवर में शूट ने तहलिया मैकग्रा (दो रन) को चकमा दिया और विकेटकीपर रिचा ने आसान कैच पकड़ा.

5 रन पर 3 विकेट गंवाने के बाद किरण ने डिवाइन की गेंद पर चौका जड़ दबाव कम करने की कोशिश की. उन्होंने पावर प्ले के आखिरी ओवर में रेणुका सिंह की गेंद पर कवर के ऊपर से शानदार छक्का जड़ा जिससे पावर प्ले के बाद टीम का स्कोर तीन विकेट पर 29 रन हो गया.

किरण ने इसके बाद लेग स्पिनर सोभना आशा के खिलाफ भी आक्रामक शॉट खेले लेकिन गेंद हवा में लहराकर रिचा के हाथों में चली गयी। उन्होंने 26 गेंद में दो चौके और एक छक्के की मदद से 22 रन बनाए. रन गति को तेज करने के लिए बल्लेबाजी क्रम में ऊपर भेजी गयी सिमरन शेख (दो) आशा का दूसरा शिकार बनी जिससे यूपी वॉरियर्स की आधी टीम 8.1 ओवर में 31 रन पर पवेलियन लौट गई.

दीप्ति शर्मा ने इसी ओवर में जीवन दान मिला और इसका फायदा उन्होंने ने चौका लगाकर खाता खोलकर उठाया। 11वें ओवर में आशा की गेंद पर रिचा ने ग्रेस हैरिस को स्टंप करने का आसान मौका गंवा दिया और यहां से यूपी वॉरियर्स ने तेजी से रन बनाना शुरू किया.

हैरिस ने अगले दो ओवर में श्रेयंका पाटिल और आशा के खिलाफ लगातार छक्का और चौका जड़ा. इन दो ओवरों में 31 रन खाने के बाद कप्तान मंधाना ने गेंद एक बार फिर से डिवाइन को थमाई लेकिन दीप्ति ने इस ओवर में लगातार दो चौके जड़कर अपने इरादे जाहिर किए.

हैरिस ने 15वें ओवर में रेणुका के खिलाफ दो चौके लगाकर टीम के रनों का सैकड़ा पूरा किया लेकिन एलिस पेरी के अगले ओवर दीप्ति और हैरिस दोनों के विकेट चटकाकर यूपी वॉरियर्स को बड़ा स्कोर खड़ा करने से रोक दिया. उनकी पहली गेंद पर छक्का मारने की कोशिश में दीप्ति श्रेयंका को कैच थमा बैठी तो वहीं हैरिस का कैच रिचा ने लपका.

एकलस्टन ने इसके बाद निचले क्रम के बल्लेबाजों के साथ टीम के स्कोर को 135 रन तक पहुंचाया वह आखिरी ओवर में राजेश्वरी गायकवाड़ के साथ गफलत का शिकार होकर रन आउट हुई.

(इनपुट: भाषा)

Also Read:

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.