Young Cricketers Should Play Golf During Break From Cricket Says Yuvraj Singh
युवराज सिंह की युवा क्रिकेटर्स को सलाह- गोल्फ खेलें, आखिर ऐसा क्यों कह गए युवी- वजह भी बताई
Yuvraj Singh on Golf: युवराज सिंह का मानना है कि खिलाड़ी खासतौर से बल्लेबाज अगर गोल्फ खेलकर क्रिकेट खेलने उतरेगा तो वह एक अच्छे अहसास के साथ मैदान पर आएगा. युवी ने माना कि अगर उन्होंने क्रिकेट में एक्टिव रहते यह खेला होता तो उनके रन और होते.
Yuvraj Singh Advised Young Cricketers to Play Golf: भारत के पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह ने टीम इंडिया के मौजूदा युवा स्टार बल्लेबाजों को सलाह दी है कि वह क्रिकेट से ब्रेक के दौरान गोल्फ का खेल खेलें. युवराज ने कहा कि इससे उन्हें क्रिकेट में रन बनाने में बहुत मदद मिलेगी और उनका विश्वास भी बढ़ेगा. युवी ने इस मौके पर यह भी माना कि अगर वह अपने करियर में एक्टिव रहने के दौरान गोल्फ खेलते तो उनके इंटरनेशनल करियर में उनके रनों की संख्या करीब 3000 और होती. युवी ने यह सलाह अपने शिष्यों शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा को इस खेल को अपनाने की सलाह भी दी.
पूर्व भारतीय कप्तान कपिल देव ने क्रिकेट करियर पर गोल्फ के प्रभाव पर जोर देते हुए पहले कहा था कि जब वह क्रिकेट खेलते थे, तब उन्होंने गोल्फ खेला होता तो वे क्रिकेट में अतिरिक्त 2000 रन बना सकते थे. युवराज ने गुरुवार को ‘आईजीपीएल टूर’ कार्यक्रम के लांच के दौरान एक सवाल के जवाब में कहा, ‘मैं कपिल पाजी से सहमत हूं. उन्होंने 2000 कहा था, पर मैं 3000 और रन बना सकता था.’
उन्होंने कहा, ‘अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में नियम बदल गए हैं. क्रिकेट में आपको दूसरा मौका नहीं मिलता. गोल्फ में आप एक खराब शॉट खेलते हैं, फिर भी आप एक अच्छा शॉट मारकर वापसी कर सकते हैं.’ भारत की 2007 टी20 वर्ल्ड कप और 2011 वनडे वर्ल्ड कप जीत में अहम भूमिका निभाने वाले 43 वर्षीय युवराज आईजीपीएल के सह मालिक और ब्रांड दूत के तौर पर मीडिया को संबोधित कर रहे थे.
युवराज ने कहा, ‘अगर आप आउट हो जाते हैं तो आप कमरे में बैठकर अगले मैच के बारे में सोचते रहते हैं. लेकिन अगर मैच का दूसरा दिन होता तो आप आउट होकर अपने दोस्तों के साथ गोल्फ खेल सकते हैं. आप किसी मैच में तरोताजा होकर जाते हैं. कभी कभार कोई दूसरा खेल खेलना और फिर तरोताजा होकर वापस आना अच्छा होता है.’
उन्होंने कहा, ‘मैं सभी युवा क्रिकेटरों से कहता हूं कि गोल्फ खेलने की कोशिश करो, गेंद को हिट करो, देखो कैसा महसूस होता है. क्योंकि कभी कभी बहुत ज्यादा अभ्यास भी आपके लिए अच्छा नहीं होता है.’
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.