Nikki Murder Case: ग्रेटर नोएडा के सिरसा गांव से आई दिल दहला देने वाली घटना ने सबको चौंका दिया है. यहां कथित तौर पर दहेज की मांग पूरी न होने पर एक विवाहिता को बेरहमी से मारकर आग के हवाले कर दिया गया. मृतका की पहचान निक्की के रूप में हुई है जिसकी शादी दिसंबर 2016 में विपिन से हुई थी.
35 लाख रुपये की मांग कर रहे थे ससुराल वाले
परिजनों का आरोप है कि निक्की के ससुराल वाले लगातार 35 लाख रुपये की मांग कर रहे थे. शादी में स्कॉर्पियो गाड़ी और काफी सामान देने के बाद भी उन लोगों का लालच खत्म नहीं हुआ था. मृतका की बहन कंचन ने बहन की मौत से जुड़ी कहानी बताई है. उसके मुताबिक 21 अगस्त को निक्की के पति विपिन और उसके परिवारवालों ने उसके साथ बुरी तरह मारपीट की. इसके बाद निक्की को ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग के हवाले कर दिया गया.पड़ोसियों की मदद से उसे पहले फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया फिर वहां से दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया. लेकिन, रास्ते में ही निक्की ने दम तोड़ दिया.
निक्की के बेटे ने किया खुलासा
इस पूरे मामले में सबसे दिल दहला देने वाला पहलू तब सामने आया जब निक्की के छोटे बेटे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया. वीडियो में बच्चा साफ कहता दिखा कि “पापा ने मम्मी को लाइटर से जलाकर मारा”. यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है .
एक ही परिवार में हुई थी दो बहनों की शादी
निक्की की बहन कंचन ने बताया कि उनकी और निक्की दोनों की शादी एक ही परिवार में हुई थी. कंचन की शादी रोहित से और निक्की की शादी विपिन से हुई थी. परिजनों का कहना है कि दोनों बहनों को शादी के बाद से ही ससुराल में लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था. कई बार पंचायत के जरिए समझौते की कोशिश की गई, लेकिन ससुरालवाले नहीं माने.
पुलिस ने इस मामले में तेजी से कार्रवाई की. कासना थाने में मृतका की बहन की तहरीर पर पति विपिन, जेठ रोहित, सास दया, और ससुर सतवीर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. आरोपी पति विपिन को हिरासत में ले लिया गया है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं. ग्रेटर नोएडा के एडीसीपी सुधीर कुमार ने कहा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Crime की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.