Delhi MCD Election Result 2022: दिल्ली नगर निगम की कुल 250 सीटों पर 4 दिसंबर को हुए चुनाव के वोटों की गिनती आज सुबह आठ बजे से जारी है. इसमें जीत के लिए आम आदमी पार्टी ने पूर्ण बहुमत का 126 सीटों का आंकड़ा पार कर लिया है और अब नगर निगम पर राज करने वाली बीजेपी को कुर्सी से बेदखल कर दिया है. इस तरह से दिल्ली की जनता ने दिखा दिया है कि शराब नीति या आप नेता की तिहाड़ जेल से जारी वीडियो पर कूड़े की राजनीति भारी पड़ी है. दिल्ली की आम जनता ने आम आदमी पार्टी पर भरोसा जताया है.
बता दें कि दिल्ली नगर निगम पर पिछले 15 साल से बीजेपी की बादशाहत रही है और नगर निगम चुनाव को लेकर चली खींच तान के बाद हुए चुनाव के बाद आज नतीजों की बारी है. नए परिसीमन के बनने के बाद दिल्ली नगर निगम का ये पहला चुनाव हुआ है. इससे पहले दिल्ली नगर निगम तीन हिस्सों में बंटा हुआ था.
कई मुद्दों को लेकर बीजेपी-आम आदमी पार्टी आमने-सामने
चुनाव से पहले दिल्ली में कई मुद्दों को लेकर सत्ता पक्ष पर काबिज आम आदमी पार्टी और दिल्ली नगर निगम को चलाने वाली भाजपा के बीच टकराव होता रहा है. बीते दिनों दिल्ली में कूड़े के पहाड़ को लेकर आप और भाजपा आमने-सामने थे. दोनों के बीच इसे लेकर तीखी बयानबाजी होती रही.
इसके साथ ही दिल्ली में नई आबकारी नीति को लेकर भी बीजेपी और आम आदमी पार्टी के बीच काफी टकराव देखने को मिला. इसके बाद दिल्ली सरकार के मंत्री सत्येंद्र जैन के कई वीडियो वायरल हुए और तिहाड़ जेल में उनके ऐशो आराम को लेकर बीजेपी ने आम आदमी को कटघरे में खड़ा कर कई बार तीखे सवाल उठाए. लेकिन इन सबका असर दिल्ली नगर निगम के चुनाव में नहीं देखा गया और जनता ने आम आदमी पार्टी को नगर निगम सौंप दिया है.
दिल्ली में आप और उपराज्यपाल के बीच तनाव
इन तमाम मुद्दों को लेकर आम आदमी पार्टी और भाजपा की बात छोड़ दें तो दिल्ली में आम आदमी पार्टी और उपराज्यपाल के बीच का द्वंद्व भी जग जाहिर रहा है. कई मुद्दों पर राज्य सरकार और उपराज्यपाल के बीच तनातनी सामने आ चुकी है. ऐसे में चुनाव से पहले एग्जिट पोल के नतीजों ने बता दिया था कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी की जीत होगी और अब जनता ने भी दिखा दिया कि उसके मन में क्या है.
2017 में बीजेपी ने 270 में से 181 सीटों पर जीत दर्ज की थी
इससे पहले साल 2017 में बीजेपी ने आम आदमी पार्टी और कांग्रेस को करारी शिकस्त दी थी. बीजेपी ने तब कुल 270 सीटों में से 181 सीट पर जीत दर्ज की थी. वहीं आप को 48 और कांग्रेस को 30 सीटें मिली थीं. तब दिल्ली का नगर निगम तीन हिस्सों में बंटा था. पूर्वी दिल्ली नगर निगम, उत्तरी दिल्ली नगर निगम और दक्षिणी दिल्ली नगर निगम.
पिछले चुनाव में तीनों अलग-अलग निगमों की बात करें तो पूर्वी दिल्ली नगर निगम के कुल 64 सीटों में से बीजेपी ने 47 सीटें जीती थीं. उत्तरी दिल्ली नगर निगम के 104 सीटों में से बीजेपी को 64 सीटें मिलीं. वहीं दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के 104 सीटों में से बीजेपी ने 70 सीटों पर जीत दर्ज की थी.
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.