Republic Day 2023: दिल्ली में 26 जनवरी को इन रास्तों पर जाने से बचें, ट्रैफिक पुलिस ने जारी की है एडवायजरी, जरूर देख लें
दिल्ली में 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने दिशा-निर्देश जारी किए हैं. इसीलिए अगर आप दिल्ली में 25 जनवरी की शाम और 26 जनवरी की सुबह इन रास्तों पर जाने वाले हैं तो जान लें एडवायजरी-
delhi police advisory, 26 january 2023
Republic Day 2023: भारतवासी इस साल अपना 74वां गणतंत्र दिवस मना रहे हैं. इसके लिए पूरे देश में कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है और उसकी तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं. वहीं, गणतंत्र दिवस का मुख्य कार्यक्रम हर बार की तरह देश की राजधानी दिल्ली में होगा, जो इस बार खास होने वाला है. इस बार दिल्ली में गणतंत्र दिवस समारोह कर्तव्य पथ पर देखा जाएगा जो समारोह के लिए पूरी तरह से सज-धजकर तैयार हो गया है.
गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियां जहां आज अपने आखिरी चरण में हैं, वहीं दिल्ली पुलिस ने दिल्ली की सड़कों पर यातायात की व्यवस्था सुचारू ढ़ंग से चलाने के लिए गणतंत्र दिवस के दिन के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है.
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की एडवायजरी
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी में लोगों को उन जगहों और रास्तों से बचने की सलाह दी गई है जो कर्तव्य पथ को जोड़ती हैं. दिल्ली पुलिस ने कहा कि 26 जनवरी 2023 को गणतंत्र दिवस का परेड सुबह 10.30 बजे विजय चौक से शुरू होकर लाल किला मैदान तक जाएगी. सुबह 9.30 बजे इंडिया गेट पर गणतंत्र दिवस का कार्यक्रम भी होगा. पुलिस ने बताया कि परेड जिस रास्ते से होकर गुजरेगी उन रास्ते में हर तरफ से आने-जाने वाला ट्रैफिक बंद रहेगा.
दिल्ली पुलिस की एडवाइजरी के मुताबिक 25 जनवरी की शाम 6 बजे से 26 जनवरी की सुबह परेड खत्म होने तक विजय चौक से इंडिया गेट के कर्तव्य पथ पर किसी भी तरह के ट्रैफिक की अनुमति नहीं दी जाएगी.
25 जनवरी की रात 10 बजे से रफी मार्ग, जनपथ, मान सिंह रोड पर परेड खत्म होने तक कर्तव्य पथ पर कोई क्रॉस ट्रैफिक को परमिशन नहीं दी जाएगी.
मंदिर मार्ग की ओर जाने के लिए यात्री मदरसा, लोधी रोड टी-पॉइंट से अरबिंदो मार्ग, एम्स चौक, रिंग रोड-धौला कुआं वंदे मातरम मार्ग, शंकर रोड से जा सकते हैं.
दक्षिण दिल्ली से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्री धौला कुआं, वंदे मातरम मार्ग, पंचकुइयां रोड, कनॉट प्लेस आउटर सर्कल, पहाड़गंज की तरफ चेम्सफोर्ड रोड या अजमेरी गेट की तरफ मिंटो रोड और भवभूति मार्ग से जा सकते हैं.
पूर्वी दिल्ली से आईएसबीटी पुल, रानी झांसी फ्लाईओवर, झंडेवालान गोलचक्कर, डीबी गुप्ता रोड, शीला सिनेमा रोड, पहाड़गंज ब्रिज होते हुए बुलेवार्ड रोड ले सकते हैं और नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंच सकते हैं.
दक्षिण दिल्ली से पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने के लिए लोग रिंग रोड, आश्रम चौक, सराय काले खां, राजघाट, चौक यमुना बाजार, एसपी मुखर्जी मार्ग, छत्ता रेल और कौड़िया ब्रिज ले सकते हैं.
ट्रैफिक एडवाइजरी के मुताबिक दिल्ली गेट, हनुमान मंदिर (यमुना बाजार), छत्ता रेल चौक, शांति वन, टी-प्वाइंट सुभाष मार्ग और जीपीओ (कश्मीरी गेट) से ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा.
वहीं, नेताजी सुभाष मार्ग, निषाद राज मार्ग, लोथियां रोड (जीपीओ से छत्ता रेल चौक तक), श्यामा प्रसाद मुखर्जी मार्ग (हनुमान मंदिर से छत्ता रेल चौक तक) पर यातायात प्रतिबंध/नियमन/डायवर्जन लगाया जा सकता है.
26 जनवरी को दिल्ली मेट्रो का परिचालन
मेट्रो रेल सेवा गुरुवार को गणतंत्र दिवस परेड के दौरान सभी मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों के लिए उपलब्ध रहेगी. हालांकि, केंद्रीय सचिवालय और उद्योग भवन मेट्रो स्टेशनों पर बोर्डिंग/डी-बोर्डिंग केवल आमंत्रित या टिकट धारकों को सुबह 5 बजे से दोपहर 2 बजे तक करने की अनुमति होगी.
डीएमआरसी ने बताया है कि 25 जनवरी सुबह छह बजे से लेकर 26 जनवरी दोपहर दो बजे तक गणतंत्र दिवस में सुरक्षा व्यवस्था के चलते मेट्रो स्टेशनों की पार्किंग बंद रहेगी.
डीटीसी की बसों के बारे में जान लें
दिल्ली में हो रहे समारोह को मद्देनजर रखते हुए दिल्ली के इन इलाकों- पार्क स्ट्रीट/उद्यान मार्ग, आर/ए कमला मार्ग, प्रगति मैदान (भैरों रोड), आराम बाग रोड (पहाड़ गंज), दिल्ली सचिवालय (आईजी स्टेडियम), हनुमान मंदिर (यमुना बाजार), मोरी में सिटी बस सेवाएं बंद कर दी जाएंगी.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें