नई दिल्ली: बॉलीवुड की दुनिया में हर साल कई नए चेहरे एक ख्वाब के साथ इंडस्ट्री में दस्तक देते हैं. हर नए ख्वाब को बी टाउन का सहारा तो नहीं मिल पाता है मगर उनमें से कुछ ऐसे ख्वाब भी होते हैं जो अपनी मेहनत और लगन से खुद को हकीकत में बदलने में कामयाब भी होते हैं. हिंदी फिल्म इंडस्ट्री का यह दौर अब एक्सपेरिमेंट का है. इस समय फिल्म निर्माताओं ने कहानी से लेकर एक्टर्स की लाइन अप के साथ कुछ नया करना चाहा है. इसी सिलिसिले में ये कुछ चेहरे हैं जो इस नए साल यानी 2020 में अपने फिल्मी करियर का बिगुल फूंकने वाले हैं. इस फेहरिश्त में ढेरों स्टार किड्स भी शामिल हैं जो कभी भी पर्दें पर दिख सकते हैं.
आलिया फर्नीचरवाला (Alaia Furniturewalla)

फोटो: Instagram/alaiaf_
पूजा बेदी की बेटी आलिया अब जल्द ही बड़े पर्दे पर अपने अभिनय का कमाल दिखाते हुए नजर आएंगी. आलिया, सैफ अली खान और तब्बू की आने वाली फिल्म ‘जवानी जानेमन’ से इंडस्ट्री में कदम रख रही हैं. फिल्म में आलिया, सैफ की बेटी का किरदार निभाते हुए नजर आने वाली हैं. आलिया सोशल मीडिया पर भी बहुत मशहूर हैं.
मानुषी छिल्लर (Manushi Chhillar)

फोटो: instagram/@zaraumrigar
मिस वर्ल्ड 2017, मानुषी छिल्लर ने बॉलीवुड में कदम रखने के लिए एक शानदार प्रोजेक्ट हासिल किया है. मानुषी यशराज फिल्म्स के बैनर तले आने वाली फिल्म ‘पृथ्वीराज’ से अपना फिल्मी सफर शुरू करने जा रही हैं. इस फिल्म में वो अक्षय कुमार के साथ नजर आएंगी. रानीसंयोगिता के किरदार में दिखने वाली इस अदाकारा से लोगों ने ढेरों उम्मीदें लगाए रखी हैं. यशराज फिल्म्स ने इससे पहले रणवीर सिंह, अनुष्का शर्मा, अर्जुन कपूर जैसे कई बड़े कलाकारों को भी लॉन्च किया है.
शरवरी वाघ ( Sharvari Wagh)

फोटो:Twitter-@yrf
वाईआरएफ (YRF) इस साल भी बॉलीवुड में कुछ ऑफ-बीट नए चेहरों को लॉन्च करने की अपनी विरासत को जारी रखने की पूरी तैयारी में है.शरवरी पिछले साल के डेब्यू एक्टर जो अब इंडस्ट्री का एक महत्वपूर्ण नाम बन गए हैं; सिद्धांत चतुर्वेदी के साथ 2005 की हिट कॉमेडी फिल्म ‘बंटी और बबली’ के सेकंड पार्ट में नजर आने वाली हैं. इस एक्ट्रेस ने बहुत कम उम्र से ही स्टेज और कैमरे से दोस्ती कर ली थी. 13 सालों तक डांस की प्रैक्टिस करने वाली इस अदाकारा को अब एक वेब सीरीज भी ऑफर हो चुकी है.
अहान शेट्टी (Ahan Shetty)

फोटो: फाइल फोटो
अभिनेता सुनील शेट्टी के बेटे, अहान शेट्टी, बी टाउन में अपने बड़े लॉन्च के लिए कुछ वर्षों से कड़ी मेहनत कर रहे हैं. पपराजी द्वारा क्लिक की हुई फोटोज से यह कहा जा सकता है कि अहान कैमरे के सामने अमूमन शांत और शर्मीले दिखाई देते हैं. साजिद नाडियाडवाला के प्रोडक्शन के तहत द डर्टी पिक्चर के निर्देशक मिलन लुथरिया द्वारा अहान को लॉन्च किया जा रहा है. इस एक्टर को पिछले साल अपनी अदाकारी और हुस्न से जलवे बिखेरनी वाली अदाकारा तारा सुतारिया के साथ कास्ट किया गया है. दोनों इस साल आने वाली फिल्म ‘तड़प’ में साथ दिखाई देंगे.
क्रिस्टल डिसूजा (Krystle D’Souza)

फोटो: Instagram/ @krystledsouza
टीवी की दुनिया की मशहूर एक्ट्रेस क्रिस्टल अब जल्द ही बड़े पर्दे पर कमाल करती हुई दिखने वाली हैं. किसी भी एक्टर के लिए इससे बड़ी बात या उपलब्धि क्या हो सकती है कि उसे मेगास्टार अमिताभ बच्चन के साथ अपने फ़िल्मी करियर को आगे बढ़ाने का मौका मिल रहा है.क्रिस्टल, बिगबी के साथ आने वाली फिल्म ‘चेहरे’ में नजर आने वाली हैं.
शालिनी पांडे (Shalini Pandey)

फोटो: Instagram/@yrf
तेलगु फिल्म इंडस्ट्री में अपनी एक्टिंग से धमाल मचा चुकी इस एक्ट्रेस ने अब हिंदी फिल्म इंडस्ट्री का रुख किया है. शालिनी मशहूर फिल्म ‘अर्जुन रेड्डी’ का एक अहम हिस्सा रह चुकी हैं. इस एक्ट्रेस को एक बार फिर वाईआरएफ ने ही अपने बैनर के तले आने वाली फिल्म ‘जयेशभाई जोरदार’ के लिए कास्ट कर लिया है. इस फिल्म में वो रणवीर सिंह के साथ नजर आएंगी.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Entertainment Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.