'मैं कन्वर्ट होना चाहती हूं...' कंगना की एक लाइन से सोशल मीडिया पर मचा बवाल, जानिए क्या है मामला?
Kangana viral video: कंगना रनौत की नई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है. 'मैं कन्वर्ट होना चाहती हूं' बयान के साथ उन्होंने पुराने वीडियो, वैचारिक बदलाव और अंतरधार्मिक शादी पर अपनी राय रखी. जानिए पूरा मामला.
कंगना रनौत की नई वीडियो से सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
- कंगना रनौत की नई वीडियो से सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस.
- 'मैं कन्वर्ट होना चाहती हूं' बयान ने खींचा लोगों का ध्यान.
- पुराने वीडियो वायरल होने पर कंगना ने दिया करारा जवाब.
- वैचारिक बदलाव और अंतरधार्मिक शादी पर खुलकर रखी अपनी राय.
Kangana viral video: बॉलीवुड अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनौत एक बार फिर अपने बेबाक अंदाज को लेकर चर्चा में हैं. इस बार वजह उनकी हालिया सोशल मीडिया वीडियो है, जिसमें उन्होंने अपने पुराने वीडियो वायरल किए जाने, विचारधारा में बदलाव और फिल्म इंडस्ट्री में अंतरधार्मिक शादियों को लेकर खुलकर अपनी बात रखी. वीडियो में उन्होंने कहा, मैं कन्वर्ट होना चाहती हूं... बस इसी एक लाइन ने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी. कई लोगों ने उनके बयान का समर्थन किया, तो कई यूजर्स ने इसे लेकर सवाल भी उठाए.
दरअसल, कंगना ने वीडियो की शुरुआत उन लोगों को जवाब देते हुए की, जो उनके पुराने इंटरव्यू और वीडियो शेयर कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि इंसान समय के साथ सीखता है, बदलता है और उसकी सोच भी बदल सकती है. किसी को उसकी पुरानी बातों के आधार पर हमेशा जज करना सही नहीं है.
क्या बोलीं कंगना?
वीडियो में कंगना ने कहा कि उन्होंने अक्सर देखा है कि फिल्म इंडस्ट्री की कुछ हिंदू अभिनेत्रियां मुस्लिम पुरुषों से शादी के बाद अपनी विचारधारा बदल लेती हैं. उनके मुताबिक, शादी के बाद कई लोग वामपंथी सोच अपनाने लगते हैं और फिर उस विचारधारा का समर्थन भी करते हैं. कंगना ने सवाल उठाया कि अगर दूसरे लोगों को अपनी सोच बदलने की आजादी है, तो उनके विचार बदलने पर आपत्ति क्यों जताई जाती है.
इसी दौरान उन्होंने कहा कि मैं कन्वर्ट होना चाहती हूं. मुझे संघी बनना है. मैं एक जागृत हिंदू हूं... कंगना का कहना था कि उन्हें अपनी वैचारिक सोच बदलने और उसे सार्वजनिक रूप से स्वीकार करने का पूरा अधिकार है.
जागृत हिंदू होने की कही बात
कंगना ने वीडियो में कहा कि पहले उनकी सोच अलग हो सकती थी, लेकिन अब वह खुद को एक जागृत हिंदू मानती हैं. उन्होंने कहा कि जीवन के अनुभव, पढ़ाई और परिस्थितियां इंसान को बदलती हैं. ऐसे में किसी के पुराने बयान दिखाकर यह कहना कि वह हमेशा वैसा ही रहेगा, सही नहीं है.
उन्होंने यह भी कहा कि भारत का संविधान हर नागरिक को अपनी पसंद की विचारधारा चुनने और अपने विचार बदलने की स्वतंत्रता देता है इसलिए अगर उनकी सोच बदली है तो इसमें गलत क्या है.
पुराने वीडियो पर दिया जवाब
कंगना ने कहा कि सोशल मीडिया पर उनके कई साल पुराने वीडियो शेयर कर यह साबित करने की कोशिश की जा रही है कि वह पहले अलग बातें करती थीं. उन्होंने कहा कि वह इस बात को स्वीकार करती हैं कि उनकी सोच बदली है और इसमें उन्हें कोई संकोच नहीं है. उनके मुताबिक, जो व्यक्ति सीखना बंद कर देता है, वही आगे नहीं बढ़ पाता.
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं. कुछ यूजर्स ने कहा कि हर व्यक्ति को अपने विचार बदलने का अधिकार है और कंगना ने खुलकर अपनी बात रखी है. वहीं, कई लोगों ने उनके बयान की आलोचना करते हुए कहा कि उन्हें अंतरधार्मिक विवाह और अभिनेत्रियों को लेकर इस तरह की टिप्पणी नहीं करनी चाहिए. कुछ यूजर्स ने उनके पुराने इंटरव्यू भी शेयर किए और मौजूदा बयान से उनकी तुलना की.
क्यों वायरल हो रहा है वीडियो?
असल में कंगना के पूरे वीडियो में सबसे ज्यादा चर्चा उनकी उस लाइन की हो रही है, जिसमें उन्होंने कहा, मैं कन्वर्ट होना चाहती हूं... हालांकि, वीडियो के पूरे संदर्भ को देखें तो वह इसे धार्मिक परिवर्तन के अर्थ में नहीं, बल्कि अपनी वैचारिक और राजनीतिक सोच में बदलाव के संदर्भ में कहती नजर आती हैं. यही वजह है कि उनका यह वीडियो तेजी से वायरल हो गया और सोशल मीडिया पर इसके अलग-अलग मायने निकाले जाने लगे.
फिलहाल, कंगना रनौत का यह बयान इंटरनेट पर चर्चा का विषय बना हुआ है. जहां एक वर्ग इसे अपनी विचारधारा बदलने की स्वतंत्रता से जोड़कर देख रहा है, वहीं दूसरा वर्ग उनके दावों और टिप्पणियों पर सवाल उठा रहा है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें