Sanchita Ugale Suicide: कुमकुम भाग्य एक्ट्रेस संचिता उगले ने की खुदकुशी, छावा फिल्म में भी निभाया था दमदार किरदार
Sanchita Ugale Suicide? एक्ट्रेस संचिता उगले 'वागले की दुनिया' में रुचिता जेटली के रूप में भी नजर आई थीं. बाद में उन्होंने दंगल टीवी शो 'दिलवाली दुल्हनिया ले जाएगी' में सोराब बेदी के साथ सुकून का मुख्य किरदार निभाया.
कुमकुम भाग्य एक्ट्रेस संचिता उगले ने विकी कौशल की फिल्म छावा में भी किरदार निभाया था. ( Photo Credit: instagram.com/sanchita_ugale/)
Who Was Sanchita Ugale? मुंबई से सटे नालासोपारा में कुमकुम भाग्य एक्ट्रेस संचिता उगले ने खुदकुशी कर ली है. पुलिस ने बताया की अभिनेत्री अपनी माता पिता और बहन के साथ नालासोपारा इलाके में रहती थी.जिस समय यह घटना हुई उस समय वह घर पर अकेली थी. पुलिस ने बताया कि संचिता का शव फंदे से लटका मिला. शव के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. Zee News ने पुलिस रिपोर्ट के हवाले से बताया, '22 साल की एक्ट्रेस ने नालासोपारा ईस्ट के अचोले गांव में साईं संतोषी बिल्डिंग स्थित अपने घर पर खुदकुशी की है. यह घटना 14 जून को शाम 7:00 बजे से 7:30 बजे के बीच हुई.
वहीं, न्यूज एजेंसी IANS ने अचोले पुलिस स्टेशन के असिस्टेंट पुलिस इंस्पेक्टर विनोद बाग के हवाले से बताया कि संचिता ने खुद को बेडरूम में बंद कर लिया था और कथित तौर पर साड़ी से छत के पंखे से लटककर खुदकुशी की है. सूचना मिलने पर परिवार के सदस्य और स्थानीय लोग उन्हें वसई-विरार म्युनिसिपल हॉस्पिटल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर शुरू की जांच
सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने से पहले जांच रिपोर्ट तैयार की. अधिकारियों ने बताया कि सभी संभावित पहलुओं से जांच की जा रही है. मृतका के पिता मच्छिंद्र उगले की शिकायत के आधार पर, अचोले पुलिस ने 15 जून को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट (ADR) दर्ज की. पुलिस ने कहा कि घटना के सही कारण का अभी पता नहीं चल पाया है और आगे की जांच जारी है. खबर से टेलीविजन इंडस्ट्री सदमे में है और दिवंगत एक्ट्रेस के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की जा रही हैं. घटना से जुड़ी और जानकारी का इंतज़ार है.
संचिता उगले ने कई टीवी शो में निभाया किरदार
जानकारी के लिए बता दें कि संचिता उगले टेलीविजन और फिल्म इंडस्ट्री में धीरे-धीरे अपनी पहचान बना रही थीं. वह जी टीवी के लोकप्रिय शो 'कुमकुम भाग्य' में दिया टंडन का किरदार निभाकर काफी मशहूर हुई थीं. उन्होंने पहले बताया था कि लंबे समय से चल रहे इस शो में काम करना उनके जीवन का एक अहम मोड़ था, क्योंकि इससे उन्हें पहचान मिली और उनके करियर को आकार देने में मदद मिली.
वागले की दुनिया में भी थी संचिता उगले
एक्ट्रेस 'वागले की दुनिया' में रुचिता जेटली के रूप में भी नजर आई थीं. बाद में उन्होंने दंगल टीवी शो 'दिलवाली दुल्हनिया ले जाएगी' में सोराब बेदी के साथ सुकून का मुख्य किरदार निभाया. टेलीविजन करियर के साथ-साथ संचिता फिल्मों और OTT प्रोजेक्ट्स में भी नजर आईं. उन्होंने विक्की कौशल के 'छावा' में तारा रानी के युवा रूप का किरदार निभाया था. वह 'साइलेंस 2: द नाइट आउल बार शूटआउट' में भी नजर आई थीं, जिसमें अनुभवी अभिनेता मनोज बाजपेयी भी थे.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें