सुशांत सिंह राजपूत सुसाइड मामले में पांच साल बाद एक बार फिर हलचल मच गई है. मुंबई की एस्प्लेनेड कोर्ट ने अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती को एक नोटिस जारी किया है, जिसमें उनसे सीबीआई द्वारा दाखिल ‘क्लोजर रिपोर्ट’ पर जवाब मांगा है. इस रिपोर्ट में सीबीआई ने स्पष्ट किया था कि जांच में किसी के खिलाफ कोई आपराधिक मामला साबित नहीं हुआ है. कोर्ट में अब यह तय होना बाकी है कि क्या रिपोर्ट को स्वीकार कर लिया जाए या फिर सीबीआई को दोबारा जांच करने का आदेश दिया जाए. अगली सुनवाई 12 अगस्त को तय की गई है.
रिया की ओर से भी उठे थे सवाल
रिया चक्रवर्ती ने इस केस में सुशांत की दो बहनों और एक डॉक्टर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी. उनका आरोप था कि इन तीनों ने मिलकर सुशांत के मानसिक स्वास्थ्य की अनदेखी की, जो उनकी मौत की वजह बनी. यह मामला पहले बांद्रा कोर्ट में था, जिसे अब एस्प्लेनेड कोर्ट में ट्रांसफर किया गया है, क्योंकि यही कोर्ट सीबीआई मामलों की सुनवाई करती है. केस में नया मोड़ कोर्ट के नोटिस के बाद आया है, जहां रिया से आधिकारिक रूप से उनका पक्ष मांगा गया है.
क्या था सीबीआई का निष्कर्ष
सीबीआई ने करीब चार साल की लंबी जांच के बाद मार्च 2025 में क्लोजर रिपोर्ट दाखिल की थी. इस रिपोर्ट में उन्होंने कहा कि किसी भी आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य नहीं मिले, जिससे यह साबित हो सके कि सुशांत की मौत हत्या थी. सीबीआई की इस रिपोर्ट को अब कोर्ट के सामने पेश किया गया है, और दोनों पक्षों की दलीलों को सुनकर कोर्ट निर्णय लेगी कि केस को पूरी तरह बंद किया जाए या आगे की जांच हो.
सुशांत की मौत से उठे थे कई सवाल
सुशांत सिंह राजपूत, जो बिहार से ताल्लुक रखते थे और बॉलीवुड में अपनी दमदार एक्टिंग से पहचान बना चुके थे, 14 जून 2020 को मुंबई के बांद्रा स्थित अपने फ्लैट में मृत पाए गए थे. प्रारंभ में इसे आत्महत्या बताया गया, लेकिन बाद में सोशल मीडिया और पब्लिक डोमेन में कई तरह के सवाल उठे. इसके बाद केस की जांच पहले मुंबई पुलिस, फिर बिहार पुलिस और अंत में सीबीआई के हाथ में चली गई. अब जबकि कोर्ट ने रिया को नोटिस भेजा है, एक बार फिर इस चर्चित मामले पर सभी की निगाहें टिक गई हैं.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Entertainment Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.