Explainer: क्या ताइवान छोड़ अब नॉर्थ ईस्ट पर पड़ी ड्रैगन की नज़र? अरुणाचल में हलचल से बढ़ी चिंता, कितनी मजबूत है भारत की तैयारी

Written By: Anjali Karmakar Updated by: Anjali Karmakar
Updated Date:August 13, 2026 11:50 PM IST

चीन ने कई बार अरुणाचल प्रदेश की जगहों के चीनी नामों की लिस्ट जारी करता रहा है. वह अरुणाचल प्रदेश को जांगनान कहता है. भारत का कहना है कि चीन की इन कोशिशों से उसके राज्य की संप्रभुता पर कोई असर नहीं पड़ता.

  • अरुणाचल प्रदेश को दक्षिणी तिब्बत का हिस्सा मानता है चीन
  • भारत ने चीन के दावों को हमेशा से किया है खारिज
  • 2020 में गलवान में हुआ था भारत और चीन के सैनिकों के बीच झड़प
  • भारत के 20 सैनिक हुए थे शहीद, चीन के 35 से ज्यादा सैनिकों की हुई थी मौत
  • कई दौर की बातचीत के बाद सुलझा था डोकलाम विवाद

भारत और चीन के बीच सीमा विवाद एक बार फिर चर्चा में है. इसकी वजह अरुणाचल प्रदेश के ऊपरी सुबनसिरी जिले तवांग से कहीं आगे टैक्सिंग जैसे संवेदनशील इलाके में जुलाई-अगस्त 2026 के दौरान सामने आई कथित सैन्य गतिविधियां हैं. स्थानीय लोगों दावा किया था कि चीन के सैनिक अरुणाचल प्रदेश के ऊपरी में घुस आए थे. चीनी सैनिकों ने LAC पार कर पुकार ला और ओल्लो इलाके में प्रवेश किया. इसके बाद 11 अगस्त को भारतीय सेना ने बयान जारी किया. इसमें कहा गया कि सेना और भारत तिब्बत सीमा पुलिस लगातार चीन की हरकतों पर नजर रखे हुए है. सोशल मीडिया पर किए जा रहे घुसपैठ के दावे गलत हैं.चीन ने भी मौजूदा स्थिति को सामान्य तौर पर स्थिर बताया है.

Advertising
Advertising

आइए समझते हैं आखिर अरुणाचल को लेकर फिर से चर्चा क्यों शुरू हुई? क्या चीन वाकई कोई चाल चल रहा है? मौजूदा हालात में भारत की तैयारी कितनी मजबूत है?

अरुणाचल की स्थिति?

भारत-चीन सीमा करीब 3,488 किलोमीटर लंबी है. इसका बड़ा हिस्सा वास्तविक नियंत्रण रेखा यानी LAC के आसपास है. अरुणाचल प्रदेश इस सीमा के सबसे संवेदनशील हिस्सों में शामिल है

Explainer: विरोध के बावजूद अरुणाचल प्रदेश के हिस्सों पर अपना दावा क्यों ठोकता है चीन! भारत ने भी चल दी सीधी चाल

कैसे शुरू हुआ मामला?

केंद्र सरकार ने 7 अगस्त को अरुणाचल प्रदेश की 27 जगहों और उनकी भौगोलिक विशेषताओं को आधिकारिक नक्शे पर दर्ज किया. गृह मंत्रालय के मुताबिक, यह काम अरुणाचल प्रदेश सरकार से सलाह लेकर किया गया है. भारत के इस कदम के बाद चीनी सेना ने कहा कि इससे 2020 के गलवान संघर्ष के बाद भारत-चीन संबंधों में आई स्थिरता को नुकसान पहुंच सकता है. चीन 2017 से ही अपने नक्शे में अरुणाचल प्रदेश को शामिल करता रहा है. कई जगहों के नाम बदलने का हथकंडा अपनाता रहा है.

अरुणाचल में अचानक क्यों बढ़ी नजर?

न्यूज एजेंसी रॉयटर्स ने 12 अगस्त की रिपोर्ट में अरुणाचल को लेकर एक दावा किया. रिपोर्ट के मुताबिक, जुलाई के आखिर में अरुणाचल प्रदेश के ऊपरी सुबनसिरी जिले के टैक्सिंग के पास भारतीय और चीनी गश्ती दल आमने-सामने आए. रिपोर्ट में कहा गया कि चीनी कर्मी बाद में वहां से हटे, लेकिन अगस्त की शुरुआत में फिर लौटे और उन्होंने कथित तौर पर कुछ टेंट लगाए थे.फिर सोशल मीडिया पर अरुणाचल प्रदेश में चीनी सैनिकों के कथित घुसपैठ की खबरें चलने लगी, जिसे भारत ने सिरे से खारिज किया है.

चीन का अरुणाचल पर पुराना दावा

अरुणाचल प्रदेश चीन के लिए सिर्फ एक सीमा क्षेत्र नहीं है. चीन इसे जांगनान यानी दक्षिणी तिब्बत कहता है और इस पर अपना दावा करता है.भारत के विदेश मंत्रालय के मुताबिक, चीन अरुणाचल प्रदेश के करीब 90,000 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र पर दावा करता है. भारत ने लगातार कहा है कि अरुणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न हिस्सा है और चीन के दावे का कोई आधार नहीं है.

Arunachal Pradesh Trip: किसी जन्नत से कम नहीं है अरुणाचल प्रदेश की ये जगहें, गर्मियों में बनाएं ट्रिप का प्लान

चीन की रणनीति सिर्फ सैन्य दबाव तक सीमित नहीं रही है. वह समय-समय पर अरुणाचल प्रदेश के अलग-अलग स्थानों के चीनी नाम जारी करता रहा है. भारत ने इन कोशिशों को खारिज करते हुए कहा है कि किसी जगह का इंवेंटेड नेम यानी खोजी नाम से उसकी संप्रभुता नहीं बदल जाती.

2027 में चीन का प्लान?

चीन के प्लान 2027 को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा ताइवान के संदर्भ में होती है. अमेरिका की रिसर्च एजेंसी Congressional Research Service के मुताबिक, चीनी सेना पीपल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) को 2027 तक ताइवान के खिलाफ सफल सैन्य अभियान चलाने की क्षमता हासिल करने का लक्ष्य दिया गया था. इसका अर्थ यह नहीं है कि चीन 2027 में निश्चित रूप से ताइवान पर हमला करेगा.

ताइवान पर हमला चुनौतीपूर्ण

ताइवान पर हमला चीन के लिए बेहद जटिल सैन्य अभियान होगा. इसके लिए PLA को समुद्र पार करना होगा. तट पर सैनिक उतारने होंगे. फिर घनी आबादी वाले शहरों और कठिन भूभाग में लड़ाई करनी होगी. इसी वजह से चीन की सैन्य तैयारियों में मिसाइल, नौसैनिक शक्ति, एयर पावर, साइबर क्षमता और लंबी दूरी के हथियारों पर भारी जोर है. किसी भी देश के लिए एक साथ दो बड़े मोर्चों पर युद्ध खोलना बेहद महंगा और जोखिम भरा होता है. अगर चीन ताइवान के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू करता है, तो भारत के साथ सीमा पर तनाव बनाए रखना भी उसके लिए अतिरिक्त सैन्य बोझ पैदा कर सकता है.

क्या चीन नॉर्थईस्ट इंडिया में दबाव बढ़ा सकता है?

अरुणाचल चीन के लिए तीन कारणों से महत्वपूर्ण है—भूगोल, सीमा विवाद और तिब्बत से इसकी निकटता.

खासतौर पर पूर्वी अरुणाचल का इलाका हिमालयी भूभाग में स्थित है. यहां किसी भी सैन्य गतिविधि में सड़क, पुल, सुरंग, हवाई पट्टी और लॉजिस्टिक सपोर्ट की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है. PLA लंबे समय से LAC के दूसरी तरफ सड़कों और सैन्य ढांचे को मजबूत कर रहा है. भारत भी अपनी सीमा पर इंफ्रास्ट्रक्चर तेजी से बढ़ा रहा है. इसलिए किसी सड़क, टनल या सैन्य सुविधा को अकेले देखकर यह निष्कर्ष निकालना सही नहीं है कि हमला होने वाला है या नॉर्थ ईस्ट इंडिया पर दबाव बढ़ रहा है.

भारत के नक्शे पर जुड़े तीन राज्यों मिजोरम, अरुणाचल और हिमाचल के बनने की कहानी जानते हैं आप

भारत भी नॉर्थईस्ट को बना रहा है रणनीतिक हब

दिलचस्प बात यह है कि भारत नॉर्थ ईस्ट को सिर्फ सीमा क्षेत्र के तौर पर नहीं, बल्कि आर्थिक और रणनीतिक गेटवे के रूप में विकसित कर रहा है. जून 2026 में शिलॉन्ग में हुई नॉर्थ ईस्टर्न काउंसिल की बैठक में सरकार ने नॉर्थईस्ट को साउथ ईस्ट एशिया और इंडो-पेसिफिक (हिंद-प्रशांत क्षेत्र) के साथ व्यापार के लिए प्रमुख हब बनाने पर जोर दिया. सरकार के मुताबिक, बेहतर रेल, सड़क और हवाई संपर्क के साथ क्षेत्र को आर्थिक गतिविधियों का बड़ा केंद्र बनाया जा रहा है.

PIB की एक रिपोर्ट बताती है कि नॉर्थ ईस्ट में लगभग 4.25 लाख करोड़ के निवेश आकर्षित हुए हैं. असम में करीब 27,000 करोड़ रुपये के निवेश वाला सेमीकंडक्टर प्लांट, गुवाहाटी-इंफाल-अगरतला को मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स हब के रूप में विकसित करने और सबरूम लैंड पोर्ट के जरिए साउथ ईस्ट एशिया के साथ व्यापार बढ़ाने की योजना पर जोर दिया गया है.

भारत की सैन्य तैयारी कितनी मजबूत?

चीन के मुकाबले भारत की कुल सैन्य और आर्थिक क्षमता छोटी है. चीन का रक्षा बजट भी भारत से काफी बड़ा है, लेकिन भारत ने पिछले कुछ वर्षों में अपनी सैन्य क्षमता बढ़ाने पर खासा जोर दिया है. भारत के 2026-27 रक्षा बजट का कुल अलॉटमेंट 7.85 लाख करोड़ रुपये है. PIB के मुताबिक, इसमें पूंजीगत खर्च के लिए 2.19 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा और पूंजीगत अधिग्रहण के लिए करीब 1.85 लाख करोड़ रुपये रखा गया है. इस राशि का इस्तेमाल नए लड़ाकू विमान, आधुनिक हथियार, जहाज, पनडुब्बियां, UAV और ड्रोन जैसी क्षमताओं को बढ़ाने में किया जाना है.

सीमा के लिहाज से बॉर्डर रोड्स ऑर्गनाइजेशन यानी BRO की भूमिका भी अहम है. 2026-27 में BRO के लिए 7,394 करोड़ रुपये का कैपिटल अलॉटमेंट किया गया है. इसका इस्तेमाल सुरंगों,पुलों, एयरफील्ड और दूसरे रणनीतिक प्रोजेक्ट्स को मजबूत करने में किया जाना है. इसका मतलब है कि भारत सिर्फ हथियारों की संख्या नहीं बढ़ा रहा, बल्कि उन हथियारों को सीमा तक तेजी से पहुंचाने के लिए लॉजिस्टिक नेटवर्क भी मजबूत कर रहा है.

अभी भारत-चीन रिश्ते किस स्थिति में हैं?

फिलहाल तस्वीर पूरी तरह टकराव वाली नहीं है. भारत ने 12 अगस्त को फिर कहा कि सीमा पर शांति और स्थिरता दोनों देशों के व्यापक रिश्तों के लिए महत्वपूर्ण है. चीन ने भी सीमा की स्थिति को सामान्य स्थिर बताया है. दोनों पक्षों ने राजनयिक और सैन्य चैनलों के जरिए संपर्क बनाए रखने पर सहमति जताई है. यानी एक तरफ सीमा पर तनाव की खबरें हैं, दूसरी तरफ दोनों देश बातचीत के रास्ते को भी खुला रखे हुए हैं.

भारत की वो रहस्यमयी झील, जहां जो गया, वो लौटा नहीं! रोंगटे खड़े कर देगी 'लेक ऑफ नो रिटर्न' की कहानी

Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें