IMF की नई रिपोर्ट ने दुनिया को दिया हार्टब्रेक! फिर भी भारत की इकोनॉमी रहेगी सुपरफास्ट, जानें वजह- Explained

Written By: Anjali Karmakar Updated by: Anjali Karmakar
Updated Date:July 9, 2026 11:41 PM IST

IMF की ताजा रिपोर्ट दुनिया के लिए एक चेतावनी है कि जियो-पॉलिटिकल टेंशन, महंगे होते एनर्जी रिसोर्सेज और ग्लोबल बिजनेस में बढ़ती बाधाएं आर्थिक विकास की रफ्तार को धीमा कर सकती हैं.

  • IMF ने 6.4% किया भारत के ग्रोथ का अनुमान
  • ग्लोबल ग्रोथ रेट का अनुमान कर दिया कम
  • मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव को लेकर जताई चिंता
  • भारत के सर्विस सेक्टर को लेकर दी खुशखबरी

दुनिया की अर्थव्यवस्था एक बार फिर अनिश्चितताओं के दौर से गुजर रही है. इस बीच इंटरनेशनल मॉनेटरी फंड (IMF) ने बुधवार (8 जुलाई 2026) को इस साल के लिए अपनी ग्लोबल ग्रोथ का अनुमान घटा दिया है. IMF ने ग्लोबल ग्रोथ रेट के अनुमान को 3.1 फीसदी से घटाकर अब 3 फीसदी कर दिया है. 2027 के लिए भी ग्लोबल ग्रोथ का अनुमान 3.4 फीसदी लगाया गया है. IMF ने कहा कि ये अनुमान 2024-25 में देखे गए 3.5 फीसदी के औसत से कम हैं.

Advertising
Advertising

हालांकि, इस निराशाजनक तस्वीर के बीच भारत के लिए अच्छी खबर भी है. IMF ने भारत के ग्रोथ रेट का अनुमान मामूली रूप से 6.5% से घटाकर 6.4% किया है. बावजूद इसके भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ने वाली प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल रहेगा. इतना ही नहीं, 2027 के लिए भारत की विकास दर का अनुमान बढ़ाकर 6.5% कर दिया गया है.

सवाल यह है कि आखिर पूरी दुनिया की रफ्तार धीमी पड़ रही है, तो भारत कैसे आगे निकल रहा है? IMF के इस कदम के मायने क्या हैं? India.Com के एक्सप्लेनर में जानेंगे इन्हीं सवालों के जवाब.

IMF की रिपोर्ट में क्या है?

  • जुलाई के लिए वर्ल्ड इकोनॉमिक आउटलुक अपडेट’ नाम की रिपोर्ट में कहा गया है कि तेज मांग के कारण आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को तेजी से अपनाने से वेस्ट एशिया में युद्ध के आर्थिक असर की कुछ हद तक भरपाई हुई है. इसमें ग्लोबल इकोनॉमी को युद्ध और टेक्नोलॉजी के विरोधाभासी हालात’ में फंसी हुई बताया गया है.
  • IMF के मुताबिक, ग्लोबल इकोनॉमी इस समय कई बड़े जोखिमों से घिरी हुई है. सबसे बड़ा खतरा मिडिल ईस्ट में बढ़ते संघर्ष से पैदा हुआ है. यह क्षेत्र दुनिया के एनर्जी मार्केट का केंद्र माना जाता है. यहां तनाव बढ़ने का सीधा असर क्रूड ऑयल और नैचुरल गैस की सप्लाई पर पड़ता है.
  • तेल महंगा होने से लगभग हर देश में उत्पादन लागत बढ़ जाती है. फैक्ट्रियां महंगे फ्यूल पर चलती हैं, माल ढुलाई की लागत बढ़ती है. इससे महंगाई लंबे समय तक ऊंचे स्तर पर बनी रह सकती है.
  • IMF का कहना है कि अगर महंगाई तेजी से नीचे नहीं आती, तो दुनिया के बड़े केंद्रीय बैंक ब्याज दरों को लंबे समय तक ऊंचा बनाए रख सकते हैं. ऊंची ब्याज दरें उद्योगों के लिए निवेश महंगा करती हैं. लोगों के लिए कर्ज लेना कठिन बना देती हैं. इसका सीधा असर आर्थिक गतिविधियों पर पड़ता है.
  • ग्लोबल ट्रेड पहले ही कई चुनौतियों से जूझ रहा है. अलग-अलग देशों के लगाए जा रहे टैरिफ, सप्लाई चेन में रुकावट और बढ़ती संरक्षणवादी नीतियां ग्लोबल ट्रेड को कमजोर कर रही हैं.
  • IMF का मानना है कि अगर देशों के बीच कारोबार बंट जाता है, तो प्रोडक्शन कॉस्ट बढ़ेगा. इससे इंवेस्टमेंट घटेगा और आर्थिक विकास की गति धीमी पड़ सकती है.

भारत बनेगा दुनिया की चौथी अर्थव्यवस्था? आसान भाषा में समझें क्या होता है इसका मतलब, जानें हर सवाल का जवाब

AI से उम्मीदें और खतरा भी

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) ग्लोबल प्रोडक्टिविटी बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है. कई देशों में AI निवेश लगातार बढ़ रहा है. हालांकि, IMF ने यह चेतावनी भी दी है कि अगर AI सेक्टर में जरूरत से ज्यादा इंवेस्टमेंट हुआ या वैल्यूएशन होता है, तो दिक्कत आएगी.

भारत की रफ्तार आखिर क्यों बनी हुई है?

रिपोर्ट के मुताबिक, दुनिया की ज्यादातर बड़ी अर्थव्यवस्थाएं निर्यात पर काफी हद तक निर्भर हैं, जबकि भारत की अर्थव्यवस्था का बड़ा आधार घरेलू मांग है,यही वजह है कि वैश्विक मंदी का असर भारत पर अपेक्षाकृत कम पड़ता है. देश में बढ़ती आय, शहरीकरण, मध्यम वर्ग का विस्तार और लगातार बढ़ता उपभोग आर्थिक गतिविधियों को मजबूत बनाए हुए हैं. करोड़ों लोग हर साल नए उत्पाद और सेवाएं खरीद रहे हैं, जिससे अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है.

सरकार का इंफ्रास्ट्रक्चर पर बड़ा दांव

भारत सरकार पिछले कुछ वर्षों से सड़कों, रेलवे, बंदरगाहों, हवाई अड्डों और लॉजिस्टिक्स नेटवर्क पर रिकॉर्ड कैपिटल एक्सपेंडिचर कर रही है. इससे न सिर्फ लाखों लोगों को रोजगार मिल रहा है, बल्कि निजी निवेश भी आकर्षित हो रहा है. बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर से उद्योगों की लागत घटती है और उत्पादन क्षमता बढ़ती है.

मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में आई तेजी

'मेक इन इंडिया' और प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) जैसी योजनाओं ने इलेक्ट्रॉनिक्स, मोबाइल, सेमीकंडक्टर, ऑटोमोबाइल और रक्षा उत्पादन जैसे क्षेत्रों में निवेश को बढ़ावा दिया है. कई वैश्विक कंपनियां चीन के अलावा वैकल्पिक मैन्युफैक्चरिंग हब की तलाश कर रही हैं. भारत इस बदलाव का फायदा उठाने की कोशिश कर रहा है.

डिजिटल इंडिया बना बड़ी ताकत

भारत की डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर दुनिया के लिए एक मॉडल बन चुकी है. UPI, आधार, डिजिटल पेमेंट और सरकारी सेवाओं के डिजिटलाइजेशन ने आर्थिक गतिविधियों को तेज किया है. डिजिटल ट्रांजैक्शन बढ़ने से भारत की इकोनॉमी पहले से ज्यादा फॉर्मल हो गई है. इससे टैक्स कलेक्शन बढ़ा है और व्यवसायों के लिए पारदर्शिता भी बढ़ी है.

सर्विस सेक्टर अब भी भारत की सबसे बड़ी ताकत

इसके अलावा IT सर्विस, बिजनेस प्रोसेस मैनेजमेंट, फाइनेंशियल सर्विस और ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC) भारत की अर्थव्यवस्था को मजबूती दे रहे हैं. दुनिया की कई बड़ी कंपनियां भारत से टेक्नोलॉजी और बैक-ऑफिस सर्विस ले रही हैं. इससे फॉरिन करेंसी भी आ रही है और रोजगार के नए मौके भी पैदा हो रहे हैं.

फिर भी भारत का अनुमान क्यों घटाया गया?

IMF ने भारत की विकास दर में सिर्फ 0.1% की कटौती की है. यह कटौती भारत की घरेलू कमजोरी की वजह से नहीं, बल्कि वैश्विक परिस्थितियों के कारण की गई है. अगर दुनिया की अर्थव्यवस्था धीमी होगी, तो भारतीय निर्यात पर थोड़ा-बहुत तो असर पड़ सकता है. इसके अलावा तेल की कीमतें बढ़ने से भारत का इंपोर्ट बिल भी बढ़ेगा.

पाकिस्तान के 'कटोरे' में IMF ने डाल दी 11 सबसे तगड़ी शर्तें, लोन मिलने के बाद चाहकर भी नहीं कर पाएगा ये काम

मिडिल ईस्ट के तनाव का दुनिया पर कैसा असर?

मिडिल ईस्ट दुनिया के सबसे बड़े तेल उत्पादक क्षेत्रों में शामिल है. होर्मुज स्ट्रेट जैसे समुद्री मार्ग से दुनिया के बड़े हिस्से का तेल गुजरता है. अगर मिडिल ईस्ट में संघर्ष बढ़ता है, तो तेल और गैस की सप्लाई पर असर पड़ेगा. इससे जहाजों का बीमा महंगा हो जाता है, समुद्री परिवहन की लागत बढ़ जाती है. यानी पूरा ग्लोबल सप्लाई चेन चपेट में आ जाता है. फिर तेल में महंगाई की आंच खाने-पीने की चीजों, फर्टिलाइजर्स ट्रांसपोर्ट, एविएशन पर भी आने लगती है.इससे पूरी दुनिया में महंगाई बढ़ने का खतरा पैदा हो जाता है.

2027 के लिए उम्मीद क्यों बढ़ी?

दिलचस्प बात यह है कि IMF ने 2027 के लिए भारत की विकास दर का अनुमान बढ़ाकर 6.5% कर दिया है. इसका मतलब है कि संस्था को भरोसा है कि भारत की मजबूत घरेलू मांग, सार्वजनिक निवेश, डिजिटल बदलाव, उत्पादन क्षमता और आर्थिक सुधार आगे भी विकास की रफ्तार बनाए रखेंगे. अगर वैश्विक हालात सामान्य होते हैं और ऊर्जा बाजार में स्थिरता आती है, तो भारत अपनी विकास यात्रा को और मजबूत कर सकता है.

GDP Growth: उम्मीद के मुकाबले और तेज रफ्तार से दौड़ी भारत की इकोनॉमी सरकार ने दिया पूरा हिसाब

Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें