धुरंधर थलपति विजय के किंगमेकर कौन? समझिए बहुमत से दूर होकर भी तमिलनाडु में कैसे बन सकती है TVK सरकार
एक्टर थलपति विजय लंबे समय से अपने सामाजिक कामों और फैन क्लब नेटवर्क के जरिए जनता से जुड़े रहे हैं. उनके फैन क्लब ‘विजय मक्कल इयक्कम’ ने कई मौकों पर सामाजिक सेवा, राहत कार्य और शिक्षा से जुड़े कार्यक्रम चलाए हैं. यही नेटवर्क बाद में उनकी राजनीतिक पार्टी के लिए मजबूत आधार बना.
थलपति विजय ने पेरंबूर और तिरुचिरापल्ली सीट से चुनाव लड़ा. दोनों सीट से जीत मिली है. (AI जेनरेटेड)
पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु की जनता 4 मई को बड़े बदलाव की गवाह बनी. इन राज्यों में विधानसभा चुनाव के नतीजे किसी के लिए सरप्राइज करने वाले थे, तो किसी के लिए सबसे बड़ा शॉक था. बंगाल में BJP ने ममता बनर्जी का 'खेला' खत्म किया. तमिलनाडु में एक एक्टर ने 2 साल पुरानी पार्टी से बाज़ी पलट दी. राज्य की राजनीति में एक्टर थलपति विजय ने ऐसी एंट्री मारी, जो सुपर-डुपर हिट हो गई. विजय की पार्टी तमिलागा वेट्री कज़गम (TVK) चुनाव में नंबर वन पार्टी के तौर पर उभरी है. TVK ने कुल 234 सीटों में से 108 सीटें जीती हैं. बहुमत का आंकड़ा 118 है. यानी चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी TVK के नेता के तौर पर थलपति विजय सरकार बना सकते हैं, लेकिन उन्हें किंगमेकर की जरूरत है. आइए समझते हैं कि किस फॉर्मूले के तहत TVK तमिलनाडु में सरकार बना सकती है. विजय का किंगमेकर कौन हो सकता है?
देखा जाए तो तमिलनाडु में 1967 से सत्ता सिर्फ द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) और ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (AIADMK) के पास रही. सुपरस्टार रजनीकांत पार्टी बनाकर पीछे हट गए. फिल्मों में सुपरहिट कमल हासन भी सत्ता में बेअसर रहे. लेकिन, थलपति विजय ने ये करिश्मा कर दिखाया. वोटर्स पर उनका जादू सिर चढ़कर बोला.
कैसे रहे चुनाव नतीजे?
4 मई को आए तमिलनाडु के चुनाव नतीजों में TVK ने 108 सीटें जीतीं. सत्तारूढ़ DMK के खाते में 59 सीटें गईं. AIADMK को 47 सीटें मिली हैं. TVK को सरकार बनाने के लिए 10 सीटों की जरूरत है.
सरकार बनाने का दावा पेश कर चुके विजय
विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद थलपति विजय ने सबसे बड़ी पार्टी के तौर पर राज्यपाल वीआर आर्लेकर को ईमेल के जरिए सरकार बनाने का दावा पेश किया है. बहुमत साबित करने के लिए 2 हफ्ते का वक्त भी मांगा गया है. कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में ये भी दावा किया गया है कि विजय का शपथ ग्रहण गुरुवार को हो सकता है. हालांकि, पार्टी ने इसकी पुष्टि नहीं की.
क्या होगा सरकार बनाने का फॉर्मूला?
अब TVK को सरकार बनाने के लिए 2 फॉर्मूला बन रहा है. पहला- AIADMK अपनी सहयोगी BJP से अलग हो जाए. TVK के साथ गठबंधन कर ले. इस हिसाब से दोनों के नंबर मिलाकर बहुमत से ज्यादा हो जाएंगे. 108+47=155. TVK को समर्थन देने के बदले में AIADMK कर कुछ मंत्री पद ले सकती है.
दूसरा फॉर्मूला- कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सरकार बनाने के लिए TVK स्टालिन की पार्टी DMK गठबंधन के सहयोगियों कांग्रेस, विदुथलाई, चिरुथैगल काची और लेफ्ट से औपचारिक बातचीत शुरू कर चुकी है. कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने ये भी दावा किया है कि TVK ने सरकार बनाने के लिए अप्रोच किया है. इस हिसाब से देखें, तो चुनाव में कांग्रेस को 5 सीटें मिली हैं. PMK को 4, IUML को 2, CPI को 2 और CPIM को 2 सीटें मिली हैं. इनको जोड़ दें तो आंकड़ा 123 हो जाता है, जो बहुमत के पार है.
कैसे बनी TVK?
एक्टर थलपति विजय लंबे समय से अपने सामाजिक कामों और फैन क्लब नेटवर्क के जरिए जनता से जुड़े रहे हैं. उनके फैन क्लब विजय मक्कल इयक्कम’ ने कई मौकों पर सामाजिक सेवा, राहत कार्य और शिक्षा से जुड़े कार्यक्रम चलाए हैं. यही नेटवर्क बाद में उनकी राजनीतिक पार्टी के लिए मजबूत आधार बना. TVK के गठन के समय विजय ने साफ किया कि उनका फोकस जनता की भलाई, पारदर्शिता और विकास पर होगा.
दो सीट से चुनाव लड़े थलपति विजय
थलपति विजय ने पेरंबूर और तिरुचिरापल्ली सीट से चुनाव लड़ा. दोनों सीट से जीत मिली है. पेरंबूर में विजय ने 120365 वोटों से ऐतिहासिक जीत दर्ज की. उन्होंने DMK के आरडी शेखर को 53 715 वोटों से हराया. विजय को 58.89% वोट मिले. तिरुचिरापल्ली में विजय को 91,381 वोटों से जीत मिली. उन्होंने DMK के एसआई इरुदयाराज को हराया.
TVK ने किए हैं बड़े चुनावी वादे
- TVK ने अपने घोषणा पत्र में महिला सशक्तीकरण, मुफ्त सुविधाएं, रोजगार और बेहतर शिक्षा पर मुख्य रूप से फोकस किया.
- TVK ने महिला मुखिया (60 वर्ष से कम उम्र) को हर महीने ₹2,500 की आर्थिक सहायता और साल में 6 मुफ्त LPG सिलेंडर देने का वादा किया है.
- TVK ने शिक्षित युवाओं को ₹4,000 मासिक बेरोजगारी भत्ता और 5 लाख नई नौकरियां देने का वादा है. साथ ही, ₹20 लाख तक का ब्याज मुक्त शिक्षा लोन भी उपलब्ध कराया जाएगा.
- TVK ने हर घर को 200 यूनिट मुफ्त बिजली देने का वादा किया.
- प्रत्येक परिवार को ₹25 लाख का स्वास्थ्य बीमा और गरीब दुल्हनों को 8 ग्राम सोना व रेशमी साड़ी देने का वादा किया गया था.
- किसानों के कृषि ऋण का 50% हिस्सा माफ करने, गन्ने का समर्थन मूल्य (MSP) बढ़ाने, और मछुआरों को ₹27,000 की वित्तीय सहायता देने का संकल्प लिया गया.
- विजय की पार्टी ने इसके साथ ही सरकारी योजनाओं की डोरस्टेप डिलीवरी (घर तक पहुंच), भ्रष्टाचार मुक्त शासन और AI बेस्ड गवर्नेंस लागू करने पर जोर दिया है.
कैसा रहा थलपति विजय का करियर?
थलपति विजय के करियर की बात करें, तो अब तक उन्होंने 65 से भी ज्यादा फिल्मों में काम किया है, जिसमें से उनकी ज्यादातर फिल्में हिट रही हैं. मास्टर, थेरी जैसी फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ कमाई की है. विजय सबसे ज्यादा फीस पाने वाले तमिल एक्टर भी हैं. उन्होंने फिल्म थलापति 65’ के लिए 100 करोड़ रुपये की फीस ली थी. विजय रजनीकांत के बहुत बड़े फैन हैं और 1985 में आई फिल्म नान सिवापू मनिथन’ में उनके साथ बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट काम कर चुके हैं.
420 करोड़ के मालिक हैं थलापति विजय
साउथ एक्टर विजय फिल्मों और ब्रांड एंडोर्समेंट से सालाना 120 करोड़ रुपये कमाई करते हैं. उनकी कुल नेटवर्थ 420 करोड़ रुपये है. विजय अपने परिवार के साथ चेन्नई स्थित बीच होम में रहते हैं.
2021 के तमिलनाडु चुनाव के नतीजे?
DMK को 159 सीटें मिली थीं. वोट शेयर 37.7% रहा. AIADMK के खाते में 75 सीटें आई थीं. वोट शेयर 33.3% था.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें