बंगाल में महिला सुरक्षा से लेकर उद्योगों की वापसी तक... 5 चुनौतियां, जिनका CM सुवेंदु अधिकारी को करना पड़ेगा सामना
सुवेंदु अधिकारी ने बंगाल चुनाव में भबानीपुर सीट से ममता बनर्जी को हराया है. वे नंदीग्राम से भी लगातार दूसरी बार चुनाव जीते. इसी सीट से 2021 में उन्होंने ममता को हराया था.
सुवेंदु अधिकारी ने बंगाल चुनाव में भबानीपुर सीट से ममता को हराया. नंदीग्राम में भी जीत हासिल की. (PTI)
पश्चिम बंगाल में शनिवार से एक नए युग की शुरुआत होने जा रही है. राज्य में पहली बार BJP सरकार का गठन होगा. ममता बनर्जी को उन्हीं के गढ़ में हराने वाले सुवेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री बनेंगे. कोलकाता के कन्वेंशन सेंटर में आयोजित विधायक दल की बैठक में अधिकारी को नेता चुना गया. गृहमंत्री अमित शाह ने CM के लिए उनके नाम का ऐलान किया. शपथ ग्रहण समारोह सुबह 11 बजे कोलकाता में होना है.
बंगाल लंबे समय से राजनीतिक हिंसा, सीमा सुरक्षा, बेरोजगारी और कानून-व्यवस्था को लेकर चर्चा में रहा है. ऐसे में मुख्यमंत्री की कुर्सी संभालते ही सुवेंदु अधिकारी को कई मोर्चों पर एक साथ काम करना पड़ेगा. आइए जानते हैं CM सुवेंदु अधिकारी के सामने कौन-कौन सी 5 चुनौतियां रहेंगी...
लॉ एंड ऑर्डर सुधारना सबसे बड़ी परीक्षा
बंगाल में कानून-व्यवस्था लंबे समय से राजनीतिक बहस का मुद्दा रही है. BJP लगातार राज्य में हिंसा, महिलाओं के खिलाफ अपराध और राजनीतिक टकराव को लेकर सवाल उठाती रही है. राजनीतिक हिंसा और महिलाओं की सुरक्षा का मुद्दा इस चुनाव में सबसे बड़ा मुद्दा भी था. हालांकि, नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) के हालिया आंकड़ों में कोलकाता को देश के सबसे सुरक्षित महानगरों में बताया गया, लेकिन पूरे राज्य के आंकड़े अलग तस्वीर दिखाते हैं.
ममता के बागी बनने से BJP के साथी होने तक... बंगाल के भावी CM सुवेंदु अधिकारी की दिलचस्प कहानी
क्या कहता है NCRB का डेटा
NCRB की 2025 की रिपोर्ट के मुताबिक, पश्चिम बंगाल में महिलाओं के खिलाफ अपराध के 34,691 मामले दर्ज हुए थे. इनमें घरेलू हिंसा, रेप, अपहरण, यौन अपराध और POCSO एक्ट से जुड़े मामले प्रमुख रहे. 35% मामले रेप के दर्ज हुए थे. मर्डर के मामले 20% थे.
आरजी कर रेप केस से आक्रोशित हुआ था पूरा देश
कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में ट्रेनी डॉक्टर के साथ रेप के बाद हत्या के मामले ने पूरे देश को आक्रोशित कर दिया था. ये मामला 9 अगस्त 2024 को हुआ था. उससे पहले उत्तर 24 परगना जिले के संदेशखाली गांव में स्थानीय महिलाओं ने TMC नेताओं पर यौन उत्पीड़न, जबरन जमीन हड़पने और अत्याचार के गंभीर लगाए थे. यह विवाद 5 जनवरी 2024 को ED टीम पर हुए हमले के बाद सामने आया. संदेशखाली मामले में TMC के बाहुबली नेता शेख शाहजहां और उसके सहयोगी मुख्य आरोपी हैं.
अगर सुवेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री बनते हैं, तो उन्हें पुलिस सिस्टम में भरोसा बढ़ाने, राजनीतिक हिंसा रोकने और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाने होंगे. बंगाल में चुनावी हिंसा का इतिहास भी बड़ा मुद्दा रहा है. ऐसे में निष्पक्ष कानून-व्यवस्था उनकी सबसे बड़ी अग्निपरीक्षा मानी जाएगी.
2. राजनीतिक हिंसा और कैडर कल्चर खत्म करना
पश्चिम बंगाल में दशकों से कैडर राजनीति की चर्चा होती रही है. पहले वामपंथ और फिर तृणमूल कांग्रेस पर राजनीतिक विरोधियों को दबाने के आरोप लगते रहे हैं. BJP भी कई बार अपने कार्यकर्ताओं पर हमलों का आरोप लगा चुकी है. चुनाव के नतीजे आने के बाद सुवेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या इसी का उदाहरण है. वहीं, उत्तर दिनाजपुर में बम बनाने की फैक्ट्री और हावड़ा के शिवपुर में हुए हालिया बमबाजी भी राजनीतिक हिंसा की तस्वीर पेश करता है.
ऐसे में सुवेंदु अधिकारी के मुख्यमंत्री बनने के बाद सबसे बड़ा सवाल यही होगा कि क्या नई सरकार राजनीतिक बदले की राजनीति से ऊपर उठ पाएगी? सुवेंदु अधिकारी को यह साबित करना होगा कि उनकी सरकार प्रशासन को पार्टी लाइन से अलग रख सकती है. अगर ऐसा नहीं हुआ, तो राज्य में तनाव और बढ़ सकता है.
3.सीमा सुरक्षा और घुसपैठ का मुद्दा
पश्चिम बंगाल की सीमा बांग्लादेश से लगती है. BJP लंबे समय से अवैध घुसपैठ और सीमा पार अपराधों को बड़ा मुद्दा बनाती रही है. NCRB के आंकड़ों में विदेशी नागरिकों से जुड़े अपराधों में भी बंगाल का नाम सामने आया था. ऐसे में बतौर CM सुवेंदु अधिकारी के सामने सीमा क्षेत्रों में सुरक्षा मजबूत करने का दबाव रहेगा. खासतौर पर मानव तस्करी, नकली नोट, मवेशी तस्करी और अवैध घुसपैठ जैसे मुद्दों पर केंद्र और राज्य के बीच बेहतर तालमेल बनाना बड़ी चुनौती होगी.
4. बेरोजगारी और उद्योगों को वापस लाना
बंगाल कभी देश का बड़ा औद्योगिक केंद्र माना जाता था, लेकिन पिछले कुछ दशकों में कई बड़ी कंपनियां राज्य से बाहर चली गईं. उद्योगों की कमी और रोजगार संकट युवाओं में बड़ा मुद्दा बन चुका है. बतौर CM सुवेंदु अधिकारी को निवेशकों का भरोसा जीतना होगा. उन्हें यह मैसेज देना पड़ेगा कि बंगाल सिर्फ राजनीतिक संघर्ष का राज्य नहीं, बल्कि बिजनेस और इंडस्ट्री के लिए भी सुरक्षित जगह है. आईटी, मैन्युफैक्चरिंग और इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर में बड़े निवेश लाना उनकी सरकार की सफलता तय कर सकता है.
5. सबसे बड़ी चुनौती होगी भरोसा जीतना
सुवेंदु अधिकारी लंबे समय तक TMC में रहे और बाद में BJP में शामिल हुए. इसलिए उनके विरोधी अक्सर उन पर सवाल उठाते हैं. मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्हें जनता को यह भरोसा दिलाना होगा कि वे सिर्फ राजनीतिक बदलाव नहीं, बल्कि प्रशासनिक सुधार भी ला सकते हैं. इसके अलावा बंगाल की सांस्कृतिक और राजनीतिक पहचान भी बेहद मजबूत रही है. ऐसे में अधिकारी को दिल्ली की राजनीति और बंगाल की भावना के बीच संतुलन बनाकर चलना होगा.
CM बनने के ऐलान के बाद सुवेंदु ने क्या कहा?
बंगाल का CM चुने जाने के बाद सुवेंदु अधिकारी ने महिला सुरक्षा को अपनी पहली प्राथमिकता बताया है. उन्होंने कहा, "हमारे हजारों कार्यकर्ताओं ने सालों तक हिंसा, उत्पीड़न और झूठे मामलों का सामना किया है. अब BJP सरकार उनकी उम्मीदों पर खरा उतरने का काम करेगी. महिला सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है. संदेशखाली और आरजी कर मेडिकल कॉलेज जैसे मामलों की जांच के लिए आयोग बनाएंगे. दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी."
अधिकारी ने कहा, "BJP का लक्ष्य पश्चिम बंगाल का पुनर्निर्माण करना है. हम सभी चुनावी वादों को लागू करेंगे. केंद्र और राज्य सरकार मिलकर काम करेंगी, ताकि जनता की उम्मीदें पूरी हो सकें."
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें