Guru Gochar 2026: 2 जून से 12 साल बाद गुरु बदलेंगे चाल...कुछ का होगा पैचअप, कुछ का ब्रेकअप! एक्पर्ट से जानिए बचाव के उपाय
Guru Gochar 2026: 2 जून 2026 से देवगुरु बृहस्पति 12 साल बाद कर्क राशि और पुनर्वसु नक्षत्र में जा रहे हैं. ज्योतिषी नेहा राजपूत से जानिए किन 5 राशियों की चमकेगी लव-लाइफ, किन 4 राशियों के रिश्ते में आएगा 'हाई वोल्टेज ड्रामा'? साथ ही जानिए इस मुश्किल समय से निकलने के आसान लेकिन अचूक उपाय.
guru gochar2026
Guru Gochar 2026: ज्योतिष शास्त्र में देवगुरु बृहस्पति को भाग्य, ज्ञान, संतान और विवाह का कारक माना गया है. जब भी गुरु अपनी चाल बदलते हैं, तो उसका सीधा असर इंसानी जीवन और खासकर उनके रिश्तों पर पड़ता है. कल यानी 2 जून 2026 को एक ऐसा ही ऐतिहासिक महासंयोग बनने जा रहा है, जो पूरे 12 साल बाद लौट रहा है. देवगुरु बृहस्पति अपनी उच्च राशि कर्क में प्रवेश करने जा रहे हैं. इसी को लेकर हमने जानी मानी एस्ट्रोलॉजर नेहा राजपूत से बातचीत की.
प्रसिद्ध एस्ट्रोलॉजर नेहा राजपूत के इनपुट्स के अनुसार, कर्क राशि में जाते समय गुरु 'पुनर्वसु' नक्षत्र के प्रभाव में रहेंगे. चूंकि पुनर्वसु नक्षत्र के स्वामी स्वयं बृहस्पति हैं, इसलिए इसका प्रभाव कई गुना बढ़ जाएगा. ज्योतिष में 'पुनर्वसु' का सीधा अर्थ होता है 'वापस लौट आना'. यही वजह है कि गुरु का यह महागोचर लोगों की लव-लाइफ, मैरिड लाइफ और सिंगल्स के जीवन में बड़े उथल-पुथल लेकर आने वाला है. इस गोचर के प्रभाव से जहां कई टूटे हुए दिल फिर से जुड़ेंगे (पैचअप होगा), वहीं कुछ राशियों के बीच गलतफहमियां बढ़ने से ब्रेकअप की नौबत भी आ सकती है.
इन 5 राशियों का होगा 'पैचअप', घर में बजेगी शहनाई
जानी मानी एस्ट्रोलॉजर नेहा राजपूत के मुताबिक, यह गोचर 5 भाग्यशाली राशियों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है. ये राशियां हैं- मिथुन, कर्क, कन्या, वृश्चिक और मीन.
लौट आएगा पुराना प्यार: यदि इन राशियों का अतीत में ब्रेकअप हो चुका था, तो पुनर्वसु नक्षत्र के 'वापसी' वाले प्रभाव के कारण इनके जीवन में पुराने पार्टनर या 'Ex' की दोबारा एंट्री हो सकती है. टूटे हुए कनेक्शंस फिर से जुड़ेंगे.
रिश्तों में आएगी मैच्योरिटी: जो लोग पहले से रिलेशनशिप में हैं, उनके रिश्तों में आ रही कड़वाहट दूर होगी और एक गहरी इमोशनल मैच्योरिटी आएगी. पार्टनर का भरपूर सपोर्ट मिलेगा, जिससे रिश्ता मजबूत होगा.
सिंगल्स के लिए विवाह के योग: जो लोग सिंगल हैं और लंबे समय से शादी के लिए योग्य पार्टनर की तलाश कर रहे हैं, उनके घर शहनाई बजने के योग हैं. शादी के लिए नए और पक्के रिश्ते आ सकते हैं.
सावधान! इन 4 राशियों के रिश्ते में आएगा 'तीसरा शख्स', बढ़ेगा तनाव
जहां 5 राशियों के लिए समय बेहद शुभ है, वहीं मेष, सिंह, तुला और मकर राशि वालों को आने वाले समय में बेहद सतर्क रहने की जरूरत है. देवगुरु का यह गोचर इनके लिए अग्निपरीक्षा जैसा हो सकता है.
Ego Clash से बचें: इस अवधि में इन 4 राशियों के स्वभाव में अनजाने ही अहंकार (Ego) बढ़ सकता है. छोटी-छोटी बातों पर पार्टनर के साथ ईगो क्लैश होने की आशंका है, जिससे हंसता-खेलता रिश्ता टूटने की कगार पर पहुंच सकता है.
तीसरे शख्स की एंट्री: सबसे बड़ी चेतावनी यह है कि आपकी आपसी गलतफहमियों का फायदा उठाकर किसी 'थर्ड पर्सन' (तीसरे व्यक्ति) की एंट्री आपके रिश्ते में हो सकती है. पार्टनर पर शक करने के बजाय आपस में बैठकर बातचीत से मामले को सुलझाएं.
गुरु दोष और रिश्तों का तनाव दूर करने के अचूक उपाय
अगर आपकी राशि अलर्ट ज़ोन में है या आप अपने रिश्ते को और मजबूत करना चाहते हैं, तो ज्योतिषी नेहा राजपूत द्वारा बताए गए इन 5 सरल उपायों को जरूर आजमाएं
हल्दी का टीका: रोज सुबह स्नान के बाद माथे और नाभि पर हल्दी का टीका लगाएं.
मंत्र जाप: मानसिक शांति और हीलिंग के लिए नियमित रूप से 'ॐ अदितये नमः' मंत्र का जाप करें.
केले के पेड़ की पूजा: हर गुरुवार को केले के पेड़ में जल अर्पित करें और घी का दीपक जलाएं.
रविवार को मीठा दान: संडे के दिन महिलाओं को आदरपूर्वक मीठा भोजन या मिठाई खिलाएं.
गुप्त दान: रविवार के दिन ही अपनी सामर्थ्य के अनुसार जरूरतमंदों को गुप्त दान अवश्य दें.
नोट: यह राशिफल और उपाय ज्योतिषी नेहा राजपूत के इनपुट्स पर आधारित हैं. अपनी कुंडली के विशेष ग्रहों की स्थिति जानने के लिए किसी विशेषज्ञ से परामर्श जरूर लें.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें