साइप्रस की खुदाई में मिला हजारों साल पुराना खजाना
साइप्रस के प्राचीन शहर हला सुल्तान टेक्के में हुई पुरातात्विक खुदाई ने इतिहासकारों को चौंका दिया. यहां जमीन के नीचे से करीब 3400 वर्ष पुराने सोने के आभूषण मिले हैं. इनमें 9 डायडेम यानी माथे पर पहनने वाले मुकुटनुमा गहने और दो सोने के माउथपीस शामिल हैं. ये खोज केवल सोने के गहनों तक सीमित नहीं है, बल्कि ये उस दौर की समृद्ध सभ्यता, धार्मिक परंपराओं और अंतरराष्ट्रीय व्यापार की झलक भी दिखाती है. विशेषज्ञों का मानना है कि ये गहने स्थानीय कारीगरों ने बनाए थे, लेकिन इनमें कई अलग-अलग सभ्यताओं की कला और प्रतीकों का प्रभाव दिखाई देता है. यही वजह है कि ये खोज प्राचीन दुनिया के सांस्कृतिक मेलजोल का महत्वपूर्ण प्रमाण मानी जा रही है.





