Add India.com as a Preferred Source Add India.com as a Preferred Source
Advertisement

Air India के चुना अपना नया CEO, जानें कितनी होती है उनकी सैलरी और क्या-क्या मिलती हैं सुविधाएं

Air India को नया CEO मिल गया है. जानिए उनकी सैलरी कितनी होगी, कौन-कौन सी सुविधाएं मिलेंगी, उनकी जिम्मेदारियां क्या होंगी और इस बदलाव का कंपनी पर क्या असर पड़ेगा.

By Rishabh Kumar | Updated: August 5, 2026 8:21 PM IST

एयर इंडिया को मिला नया CEO

एयर इंडिया ने टेवोल्डे गेब्रेमारियम को अपना नया मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) और प्रबंध निदेशक (MD) नियुक्त किया है. वह कैंपबेल विल्सन की जगह यह जिम्मेदारी संभालेंगे. कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने इस फैसले को मंजूरी दी है. टाटा समूह के नेतृत्व में एयर इंडिया लगातार विस्तार कर रही है और ऐसे समय में अनुभवी अधिकारी को कमान सौंपना बड़ा कदम माना जा रहा है. माना जा रहा है कि उनके अनुभव से एयर इंडिया की वैश्विक पहचान और मजबूत होगी.

कौन हैं टेवोल्डे गेब्रेमारियम?

टेवोल्डे गेब्रेमारियम दुनिया के सबसे सफल एविएशन अधिकारियों में गिने जाते हैं. उन्होंने इथियोपियन एयरलाइंस ग्रुप के CEO के रूप में 10 साल से ज्यादा समय तक काम किया. उनके नेतृत्व में कंपनी ने तेज़ी से विकास किया और नई ऊंचाइयों तक पहुंची. एयरलाइन ने नए देशों में अपनी सेवाएं शुरू कीं और यात्रियों का भरोसा भी जीता. इसी शानदार रिकॉर्ड की वजह से अब उन्हें एयर इंडिया की जिम्मेदारी सौंपी गई है.

Advertisement

इथियोपियन एयरलाइंस को बनाया बड़ी कंपनी

जब टेवोल्डे गेब्रेमारियम ने इथियोपियन एयरलाइंस की कमान संभाली थी, तब कंपनी सीमित स्तर पर काम करती थी. उनके नेतृत्व में एयरलाइन का कारोबार चार गुना से ज्यादा बढ़ा. कंपनी का विमान बेड़ा भी लगभग तीन गुना हो गया. आज इथियोपियन एयरलाइंस अफ्रीका की सबसे बड़ी और सबसे ज्यादा मुनाफा कमाने वाली एयरलाइन मानी जाती है. उनके काम को दुनियाभर की एविएशन इंडस्ट्री में सफलता की मिसाल माना जाता है.

कितनी हो सकती है सैलरी?

livemint.com की एक रिपोर्ट के अनुसार, एयर इंडिया ने अभी टेवोल्डे गेब्रेमारियम की सैलरी का आधिकारिक खुलासा नहीं किया है. हालांकि, पूर्व CEO कैंपबेल विल्सन का टारगेट सालाना पैकेज FY26-FY27 के लिए करीब 27.8 करोड़ रुपये तय किया गया था. इससे पहले उनका अधिकतम पैकेज 21.5 करोड़ रुपये था, जबकि FY24 में उन्हें लगभग 19 करोड़ रुपये का भुगतान मिला था. ऐसे में माना जा रहा है कि नए CEO का पैकेज भी इसी स्तर या उससे अधिक हो सकता है.

Advertisement

CEO को कौन-कौन सी सुविधाएं मिलती हैं?

एयरलाइन के CEO को सिर्फ सैलरी ही नहीं, बल्कि कई दूसरी सुविधाएं भी मिलती हैं. इसमें परफॉर्मेंस बोनस, कंपनी की ओर से आवास, आधिकारिक वाहन, बिजनेस क्लास यात्रा, मेडिकल सुविधा और दूसरे भत्ते शामिल हो सकते हैं. इसके अलावा कंपनी के प्रदर्शन के आधार पर अतिरिक्त बोनस भी दिया जाता है. अंतिम पैकेज कंपनी की नीति और तय किए गए अनुबंध पर निर्भर करता है.

भारत के बड़े एयरलाइन CEO की कमाई

भारत की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो के CEO पीटर एल्बर्स का FY25 में सालाना पैकेज बढ़कर करीब 42.9 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले साल की तुलना में लगभग दोगुना है. वहीं एयर इंडिया के पूर्व CEO कैंपबेल विल्सन का टारगेट पैकेज 27.8 करोड़ रुपये तक पहुंच गया. दूसरी ओर अकासा एयर के CEO का पैकेज लगभग 8.65 करोड़ रुपये और स्पाइसजेट के CEO का करीब 5.4 करोड़ रुपये रहा.

एयर इंडिया के लिए क्यों अहम है यह नियुक्ति?

एयर इंडिया इस समय नए विमान खरीदने, अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का विस्तार करने और बेहतर सेवाएं देने पर काम कर रही है. ऐसे समय में टेवोल्डे गेब्रेमारियम जैसे अनुभवी अधिकारी का आना कंपनी के लिए अहम माना जा रहा है. उन्होंने पहले भी एक एयरलाइन को वैश्विक स्तर पर मजबूत बनाया है. अब उनसे उम्मीद की जा रही है कि वह एयर इंडिया को भी दुनिया की प्रमुख एयरलाइंस की सूची में और आगे ले जाएंगे.