Add India.com as a Preferred Source Add India.com as a Preferred Source
Advertisement

अजीत डोभाल को मिला लोकमान्य तिलक राष्ट्रीय पुरस्कार, जानिए किसे और क्यों दिया जाता है ये अवॉर्ड

अजीत डोभाल को लोकमान्य तिलक राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है. जानिए यह प्रतिष्ठित अवॉर्ड किसे और क्यों दिया जाता है, इसकी शुरुआत कब हुई और अब तक किन-किन हस्तियों को यह सम्मान मिल चुका है.

By Gargi Santosh | Updated: August 1, 2026 8:52 PM IST

अमित शाह ने अजीत डोभाल को दिया बड़ा सम्मान

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज (1 अगस्त) को पुणे में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल को लोकमान्य तिलक राष्ट्रीय पुरस्कार (Lokmanya Tilak National Award) से सम्मानित किया. यह सम्मान तिलक स्मारक ट्रस्ट की ओर से दिया गया. ट्रस्ट ने बताया कि देश की सुरक्षा को मजबूत बनाने और लंबे समय तक बड़ी जिम्मेदारियां निभाने के लिए डोभाल को इस अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है.

अजीत डोभाल को क्यों मिला लोकमान्य तिलक राष्ट्रीय पुरस्कार

बता दें 81 वर्षीय अजीत डोभाल भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) हैं. उन्होंने मिजोरम, सिक्किम, पंजाब और जम्मू-कश्मीर जैसे संवेदनशील इलाकों में कई बड़ी जिम्मेदारियां निभाईं. इसके अलावा, इस्लामाबाद और लंदन स्थित भारतीय मिशनों में भी उन्होंने महत्वपूर्ण कूटनीतिक भूमिका निभाई. भारत-चीन सीमा वार्ता और डोकलाम विवाद को सुलझाने में भी उनके योगदान माना जाता है.

Advertisement

क्या है लोकमान्य तिलक राष्ट्रीय पुरस्कार?

लोकमान्य तिलक राष्ट्रीय पुरस्कार की शुरुआत 1983 में तिलक स्मारक मंदिर ट्रस्ट ने की थी. यह सम्मान स्वतंत्रता सेनानी लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक की स्मृति में दिया जाता है. इसे देश के सबसे प्रतिष्ठित नागरिक सम्मानों में गिना जाता है, जिसका उद्देश्य ऐसे लोगों को सम्मानित करना है, जिन्होंने अपने काम से देश के विकास और प्रगति में असाधारण योगदान दिया हो.

किसे और क्यों दिया जाता है यह अवॉर्ड?

यह पुरस्कार हर साल 1 अगस्त, यानी लोकमान्य तिलक की पुण्यतिथि पर दिया जाता है. यह सम्मान उन लोगों को मिलता है जिन्होंने राष्ट्र निर्माण, नेतृत्व, राष्ट्रीय सुरक्षा, विज्ञान व तकनीक, शिक्षा, सामाजिक सुधार, जनसेवा और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिया हो. यह अवॉर्ड उन व्यक्तित्वों को सम्मानित करता है, जिनके काम का देश और समाज पर लंबे समय तक सकारात्मक प्रभाव पड़ा हो.

Advertisement

अब तक किन लोगों को मिल चुका है यह सम्मान?

लोकमान्य तिलक राष्ट्रीय पुरस्कार से पहले भी कई दिग्गज हस्तियों को सम्मानित किया जा चुका है. इनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, मनमोहन सिंह, इंदिरा गांधी, पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी और वरिष्ठ नेता शरद पवार जैसे नाम शामिल हैं. इस पुरस्कार का पहला सम्मान समाजवादी नेता एस.एम. जोशी को वर्ष 1983 में दिया गया था.

लोकमान्य तिलक की विरासत को आगे बढ़ाता है यह सम्मान

लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक को भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के सबसे बड़े नेताओं में गिना जाता है. उन्होंने स्वराज, शिक्षा, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रीय गौरव का संदेश दिया था. यह पुरस्कार उन्हीं आदर्शों को आगे बढ़ाने वाले लोगों को दिया जाता है, जिन्होंने अपने साहस, नेतृत्व और सेवा भाव से देश के लिए मिसाल कायम की हो. इसलिए इसे देश के सबसे सम्मानित नागरिक पुरस्कारों में से एक माना जाता है. (Photos from IANS)