समंदर में हमले के बाद मचा हड़कंप
ओमान तट के पास साइप्रस के झंडे वाले मालवाहक जहाज एमवी जीएफएस गैलेक्सी पर हुए हमले ने पूरे समुद्री क्षेत्र में चिंता बढ़ा दी. जहाज पर कुल 11 भारतीय चालक दल के सदस्य मौजूद थे. हमले के बाद अफरा-तफरी मच गई और चालक दल के सदस्य अपनी जान बचाने की कोशिश में जुट गए. रेस्क्यू ऑपरेशन तुरंत शुरू किया गया था. इस दौरान 10 भारतीय नाविकों को सुरक्षित निकाल लिया गया, लेकिन एक सदस्य का कोई पता नहीं चल सका. समुद्र में लगातार तलाश अभियान चलाया गया. कई घंटों तक उम्मीद बनी रही कि लापता नाविक सुरक्षित मिल जाएगा, लेकिन आखिरकार दुखद खबर सामने आई. इस घटना ने समुद्री सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक जहाजों की सुरक्षा को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं.





