Add India.com as a Preferred Source Add India.com as a Preferred Source
Advertisement

राहुल गांधी के भाषण पर स्पीकर ने Expunged क्यों लगाया? आखिर क्या होता है इसका मतलब

लोकसभा में एंटी पेपर लीक बिल पर चर्चा के दौरान सदन में जमकर हंगामा हुआ. बिल पर भाषण के दौरान राहुल गांधी के कुछ शब्दों पर सत्तापक्ष ने सख्त आपत्ति जताई. इसके बाद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने नेता प्रतिपक्ष के भाषण के चुनिंदा शब्दों पर Expunged लगा दिया. आइए जानते हैं आखिर इस शब्द का क्या मतलब होता है और स्पीकर कर इसका इस्तेमाल करते हैं.

By Ikramuddin | Updated: July 29, 2026 4:09 PM IST

राहुल गांधी के भाषण पर जोरदार हंगामा

लोकसभा में आज बुधवार को एंटी पेपर लीक बिल (Public Examination Prevention of Unfair Means Amendment Bill, 2026) पर चर्चा हुई. चर्चा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी भाग लिया. मगर उनके भाषण पर सदन में जोरदार हंगामा हुआ. इसकी वजह उनके भाषण में इस्तेमाल किया गया 'इडियट' शब्द था. सत्ता पक्ष ने इस शब्द पर कड़ी आपत्ति जताई. इसके बाद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने इस शब्द को सदन की कार्यवाही से हटा दिया. संसद की भाषा में इसे Expunged कहा जाता है.

आखिर क्या होता है Expunged मतलब

आसान भाषा में Expunged का मतलब है किसी शब्द, वाक्य या टिप्पणी को संसद की आधिकारिक कार्यवाही के रिकॉर्ड से हटा देना. यानी वह बात भले ही सदन में कही गई हो, लेकिन उसे संसद की आधिकारिक रिकॉर्ड बुक का हिस्सा नहीं माना जाता. बाद में जारी होने वाली कार्यवाही में वह शब्द या टिप्पणी दिखाई नहीं देती.

Advertisement

कब ऐसा करते हैं लोकसभा अध्यक्ष

लोकसभा अध्यक्ष के पास यह अधिकार होता है कि अगर उन्हें लगे कि किसी सदस्य ने ऐसी बात कही है जो असंसदीय है, किसी की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाती है, बेवजह आरोप लगाती है या सदन की गरिमा के खिलाफ है, तो वे उसे रिकॉर्ड से हटाने का आदेश दे सकते हैं. इसका मकसद संसद की कार्यवाही को मर्यादित और शालीन बनाए रखना होता है.

राहुल गांधी के भाषण में क्या हुआ?

राहुल गांधी ने अपने भाषण के दौरान एक छात्रा से हुई बातचीत का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि छात्रा ने लोगों को तीन तरह की कैटेगरी में बांटा था. 'स्टूडेंट', 'इडियट' और 'अंधभक्त'. जैसे ही राहुल गांधी ने 'इडियट' शब्द का इस्तेमाल किया, सत्ता पक्ष के सांसदों ने जोरदार विरोध शुरू कर दिया और इस शब्द को वापस लेने की मांग की. राहुल गांधी ने सफाई देते हुए कहा कि वह सत्ता पक्ष के किसी सदस्य को 'इडियट' नहीं कह रहे हैं, बल्कि छात्रा के साथ हुई बातचीत का उदाहरण दे रहे हैं. इसके बावजूद सदन में हंगामा जारी रहा.

Advertisement

फिर क्या फैसला हुआ?

हंगामे के बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि राहुल गांधी को अपनी बात पूरी रखने दी जाए, लेकिन 'इडियट' शब्द को सदन की कार्यवाही से हटा दिया जाए. इसके बाद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने उस शब्द को रिकॉर्ड से हटाने का आदेश दिया. कुछ देर बाद उन्होंने सदन में भी साफ कर दिया कि 'इडियट' शब्द को कार्यवाही से Expunged कर दिया गया है.

क्या बोलने पर भी रिकॉर्ड से हट सकता है?

हां. संसद में कोई सदस्य कुछ भी बोल सकता है, लेकिन अगर स्पीकर या सभापति को लगता है कि वह टिप्पणी नियमों के खिलाफ है या सदन की गरिमा को प्रभावित करती है, तो उसे रिकॉर्ड से हटाया जा सकता है. ऐसे शब्द बोले तो जाते हैं, लेकिन संसद के आधिकारिक दस्तावेज का हिस्सा नहीं बनते.

आसान भाषा में समझिए

मान लीजिए किसी मीटिंग की रिकॉर्डिंग हो रही है. बीच में कोई ऐसा शब्द बोल दिया जाए जिसे बाद में हटाने का फैसला लिया जाए. तब अंतिम रिकॉर्ड या लिखित रिपोर्ट में वह हिस्सा दिखाई नहीं देगा. संसद में Expunged का मतलब भी लगभग यही होता है. यानी बोले गए शब्द को आधिकारिक रिकॉर्ड से मिटा देना.