समुद्र के अंदर क्या हो रहा है, जिससे बढ़ी वैज्ञानिकों की चिंता?
धरती की सतह पर बढ़ती गर्मी की सबसे बड़ी वजह केवल वातावरण नहीं, बल्कि महासागर भी बनते जा रहे हैं. वैज्ञानिकों के अनुसार प्रशांत महासागर (Pacific Ocean) के भीतर पिछले कई वर्षों से बड़ी मात्रा में गर्म पानी जमा था. अब यही गर्म पानी धीरे-धीरे समुद्र की सतह पर आ रहा है. जब समुद्र की सतह का तापमान बढ़ता है तो वह वातावरण में अतिरिक्त गर्मी छोड़ता है, जिससे पूरी दुनिया के मौसम पर असर पड़ता है. इस बार वैज्ञानिकों ने पाया है कि समुद्र के नीचे मौजूद गर्म पानी का क्षेत्र सामान्य वर्षों की तुलना में कहीं अधिक बड़ा है. यही कारण है कि इसे सामान्य एल नीनो नहीं बल्कि बेहद शक्तिशाली एल नीनो माना जा रहा है. विशेषज्ञों का कहना है कि समुद्र की यह अतिरिक्त ऊर्जा आने वाले महीनों में वैश्विक तापमान को नए रिकॉर्ड तक पहुंचा सकती है और चरम मौसम की घटनाओं को भी बढ़ा सकती है.





