Add India.com as a Preferred Source Add India.com as a Preferred Source
Advertisement

सारी मोह-माया छोड़ हिमालय में की तपस्या, अब न्यूक्लियर साइंटिस्ट बन दुनिया को चौंकाया, स्वामी ज्ञानानंद की अनोखी कहानी

स्वामी ज्ञानानंद सिर्फ एक वैज्ञानिक या संत नहीं थे, बल्कि एक ऐसी सोच के प्रतीक थे, जो सीमाओं को तोड़ती है. उनका जीवन यह सिखाता है कि ज्ञान की खोज में रास्ते बदल सकते हैं, लेकिन लक्ष्य एक ही रहता है—सत्य की तलाश.

By Anjali Karmakar | Updated: May 5, 2026 11:10 PM IST

स्वामी ज्ञानानंद की अनोखी कहानी

भारत की धरती ने कई ऐसे व्यक्तित्व दिए हैं, जिन्होंने अपने जीवन से यह साबित किया कि ज्ञान की कोई सीमा नहीं होती. ऐसे ही एक अद्भुत व्यक्तित्व थे स्वामी ज्ञानानंद (Swami Jnanananda). एक ऐसे संत, जिन्होंने हिमालय की गुफाओं से निकलकर न्यूक्लियर साइंस की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई.

आंध्र प्रदेश में जन्म

स्वामी ज्ञानानंद का जन्म आंध्र प्रदेश में भूपतिराजु लक्ष्मीनरसिम्हा राजू के रूप में हुआ था. कम उम्र में ही उन्होंने सांसारिक जीवन छोड़ दिया. फिर आध्यात्मिक साधना के लिए निकल पड़े. वे हिमालय, ऋषिकेश और अन्य तीर्थस्थलों में घूमते रहे. करीब एक दशक तक गहरी तपस्या, योग और ध्यान में लीन रहे. यह वह दौर था, जब उनका पूरा जीवन आत्मज्ञान की खोज में समर्पित था, लेकिन यही साधना आगे चलकर उनके वैज्ञानिक जीवन की नींव भी बनी.

Advertisement

आध्यात्म से विज्ञान की ओर

कहानी में असली मोड़ तब आया, जब स्वामी ज्ञानानंद के गुरु ने उन्हें साइंस की पढ़ाई करने की सलाह दी. इसके बाद स्वामी ज्ञानानंद यूरोप पहुंचे. जर्मनी के ड्रेसडेन में मैथ्स और फिजिक्स की पढ़ाई शुरू की. उन्होंने चेकोस्लोवाकिया के चार्ल्स यूनिवर्सिटी में एक्स-रे स्पेक्ट्रोस्कोपी पर रिसर्च किया. इसी फील्ड में उन्हें Doctor of Science (D.Sc.) की उपाधि मिली. यह अपने आप में हैरान करने वाली बात थी कि एक साधु, जिसने सालों तक ध्यान किया, अब मॉर्डन साइंस के मुश्किल टॉपिक पर रिसर्च कर रहा था.

यूरोप से अमेरिका तक वैज्ञानिक सफर

स्वामी ज्ञानानंद का सफर यहीं नहीं रुका. वे इंग्लैंड गए और यूनिवर्सिटी ऑफ लिवरपुल (University of Liverpool में काम किया. उस समय न्यूक्लियर फिजिक्स तेजी से डेवलप हो रही थी. उन्होंने बीटा रेडिएशन और न्यूक्लियर फिजिक्स पर रिसर्च किया और PhD की डिग्री ली. इसके बाद वे अमेरिका के मिशिगन यूनिवर्सिटी पहुंचे, जहां उन्होंने रेडियोएक्टिव आइसोटोप्स और बीटा रे स्पेक्ट्रोस्कोपी पर काम जारी रखा. उनका यह सफर दिखाता है कि उन्होंने दुनिया के प्रमुख वैज्ञानिक केंद्रों में काम किया और अपने ज्ञान को लगातार बढ़ाया.

Advertisement

भारत वापसी और योगदान

1947 में स्वामी ज्ञानानंद भारत लौटे और National Physical Laboratory में सीनियर साइंटिस्ट के रूप में काम किया. बाद में उन्होंने आंध्र यूनिवर्सिटी में न्यूक्लियर फिजिक्स डिपार्टमेंट की स्थापना में अहम भूमिका निभाई. उनके प्रयासों से भारत में न्यूक्लियर साइंस के क्षेत्र में रिसर्च को नई दिशा मिली. यह वही समय था, जब देश आजादी के बाद वैज्ञानिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की कोशिश कर रहा था.

विज्ञान और आध्यात्म का संगम

स्वामी ज्ञानानंद की सबसे बड़ी खासियत यह थी कि उन्होंने कभी विज्ञान और आध्यात्म को अलग नहीं माना. उनके लिए दोनों एक ही सत्य की खोज के अलग-अलग रास्ते थे. स्वामी ज्ञानानंद मानना था कि जिस तरह ध्यान मन को गहराई तक ले जाता है, उसी तरह विज्ञान प्रकृति के रहस्यों को समझने का माध्यम है. यही कारण है कि उन्होंने योग, वेदांत और न्यूक्लियर फिजिक्स—तीनों पर काम किया.

आज भी क्यों खास है उनकी कहानी?

आज के दौर में जब अक्सर विज्ञान और धर्म को एक-दूसरे के विपरीत माना जाता है, स्वामी ज्ञानानंद की कहानी एक अलग संदेश देती है. उनका जीवन बताता है कि इंसान चाहे तो आध्यात्म और विज्ञान दोनों में उत्कृष्टता हासिल कर सकता है. हिमालय की शांति और लैब की जटिलता—दोनों को साथ लेकर चलना संभव है.