Add India.com as a Preferred Source Add India.com as a Preferred Source
Advertisement

राहुल गांधी का सबसे पसंदीदा BJP नेता कौन? आप जो भी सोचेंगे नाम, गलत होगा जवाब!

राहुल गांधी ने Instagram पर शेयर किये एक वीडियो में अपने सबसे पसंदीदा BJP नेता के बारे में बताया. उन्होंने उस नेता का नाम लिया जो कभी कांग्रेस का ही हिस्सा थे. साथ ही वह दिवंगत पिता राजीव गांधी के दोस्त भी रह चुके हैं.

By Parinay Kumar | Updated: August 7, 2026 6:25 PM IST

राहुल का पसंदीदा BJP नेता कौन?

क्या आपने कभी सोचा है कि सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी में राहुल गांधी का पसंदीदा नेता कौन है? लोकसभा में विपक्ष ने नेता राहुल गांधी ने खुद ही इसका खुलासा कर दिया है. उन्होंने Instagram पर शेयर किये एक वीडियो में अपने सबसे पसंदीदा BJP नेता के बारे में बताया. राहुल ने कैप्टन अमरिंदर सिंह को अपना पसंदीदा BJP नेता बताया है. वहीं, पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा है कि राहुल और उनकी मां सोनिया गांधी के साथ उनके निजी और पारिवारिक संबंध हमेशा बने रहेंगे, लेकिन राजनीतिक रूप से वह BJP के प्रति प्रतिबद्ध हैं.

राहुल का जेन-जी संवाद

राहुल गांधी की यह टिप्पणी सोशल मीडिया मंच Instagram पर शेयर किए गए एक वीडियो में सामने आई. राहुल ने कहा, 'मेरी उनसे अच्छी बनती है. वह कूल हैं. वह सैन्य इतिहास के विशेषज्ञ हैं. हैलो, अंकल अमरिंदर!' जेन-जी तक पहुंचने की एक नई कोशिश के तहत, राहुल गांधी ने गुरुवार को इंस्टाग्राम पर 'आस्क मी एनीथिंग' सत्र शुरू किया और कई सवालों के जवाब दिए.

Advertisement

राजीव गांधी के दोस्त रहे हैं अमरिंदर सिंह

'एक्स' पर अपनी Instagram पहल का लिंक शेयर करते हुए राहुल गांधी ने कहा, 'छात्रों, जेन-जी -- मैं आपकी बात सुनने के लिए यहां हूं. मुझसे इंस्टाग्राम पर कुछ भी पूछें और मैं ज्यादा से ज्यादा सवालों के जवाब दूंगा.' राहुल गांधी की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए, कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि राहुल गांधी का उनके बारे में अच्छी बातें कहना अच्छा लगा. उन्होंने कहा कि वे राहुल और प्रियंका गांधी को तब से जानते हैं जब वे बच्चे थे. उनके पिता व पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत राजीव गांधी उनके सहपाठी व दोस्त थे.

'राहुल-सोनिया से हमेशा बने रहेंगे पारिवारिक संबंध'

अमरिंदर ने कहा कि भारत को छोड़कर दुनिया भर में निजी रिश्ते राजनीतिक प्रतिबद्धताओं से अलग होते हैं. उन्होंने कहा कि राहुल और उनकी मां सोनिया गांधी के साथ उनके निजी और पारिवारिक रिश्ते हमेशा बने रहेंगे, लेकिन राजनीतिक रूप से वह भारतीय जनता पार्टी के प्रति प्रतिबद्ध हैं. अमरिंदर ने याद किया कि 1980 में वे कांग्रेस के सांसद थे, जबकि उनकी मां दिवंगत महारानी मोहिंदर कौर एक विरोधी पार्टी से सांसद थीं. उन्होंने पूछा, 'क्या इसका मतलब यह है कि मेरी अपनी मां के साथ नहीं बनती थी?'

Advertisement

BJP का राहुल के बयान पर तंज

पंजाब BJP के वरिष्ठ प्रवक्ता प्रीतपाल सिंह बलियावाल ने कहा, 'कैप्टन साहब पंजाब के सबसे बड़े नेता हैं.' बलियावाल ने कहा कि राहुल गांधी को कैप्टन अमरिंदर की याद तब आ रही है, जब उनकी पार्टी की पंजाब इकाई में जबरदस्त अंदरूनी कलह और झगड़े चल रहे हैं. उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक डूबता हुआ जहाज है.

क्या तब कूल नहीं लगते थे अमरिंदर?

पंजाब का मुख्यमंत्री रहते हुए 2021 में अमरिंदर सिंह के कांग्रेस छोड़ने की परिस्थितियों का जिक्र करते हुए बलियावाल ने कहा कि राहुल को वह समय भी याद रखना चाहिए जब उन्हें 'कैप्टन अमरिंदर कूल, नेता या अंकल' नहीं लगते थे. बलियावाल ने कहा, 'उस समय, गांधी ने पंजाब के लिए कैप्टन साहब के योगदान या उस सेवा को भी कोई महत्व नहीं दिया जो उन्होंने पुरानी पार्टी के लिए की थी. अब, जब कांग्रेस में जबरदस्त अंदरूनी कलह और खींचतान मची है और कांग्रेस का जहाज डूब रहा है, तो गांधी को अमरिंदर अंकल याद आ रहे हैं.'

2022 से BJP के साथ हैं अमरिंदर सिंह

अमरिंदर सिंह जब कांग्रेस में थे तो वे पार्टी के सबसे मजबूत क्षेत्रीय नेताओं में से एक थे. उन्होंने 2017 में 117 सदस्यों वाली विधानसभा में कांग्रेस को जबरदस्त जीत दिलाई थी, जिससे वे दूसरी बार पंजाब के मुख्यमंत्री बने. उन्होंने 2021 में पार्टी की राज्य इकाई में आपसी कलह के कारण मुख्यमंत्री पद और कांग्रेस पार्टी छोड़ दी और एक नई पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस (पीएलसी) बनाई. बाद में 2022 के पंजाब विधानसभा चुनावों में PLC के कोई भी सीट न जीत पाने पर उन्होंने अपनी पार्टी का BJP में विलय कर दिया. अमरिंदर सिंह की पत्नी और पूर्व सांसद परनीत कौर, बेटे रनिंदर सिंह और बेटी जय इंदर कौर भी अब BJP के साथ हैं. (सभी तस्वीरें ANI)