Hansi Viral Video: हांसी में जिम ट्रेनर की दिनदहाड़े हत्या, पीठ पर मारी एक के बाद एक 10 गोली | देखें वीडियो

Written By: Nandan Singh Updated by: Nandan Singh
Updated Date:June 11, 2026 12:56 PM IST

Hansi Viral Video: सीसीटीवी में देख सकते हैं कि कैसे हमलावर ने जिम ट्रेनर की गोली मारकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया.

Hansi Viral Video: हरियाणा के हांसी से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक जिम ट्रेनर की बदमाशों ने दिनदहाड़े हत्या कर दी. हमलावर ने एक के बाद एक 5 सेकेंड के अंदर उसकी पीठ में 10 गोलियां मार दी. पूरी वारदात मौके पर लगे सीसीटीवी में कैद हो गई. मृतक की पहचान कपिल के रूप में हुई है और उसकी उम्र 25 साल की बताई जा रही है. बताया जा रहा है कि कपिल मूल रूप से जींद जिले के डालमवाल गांव का रहने वाला था. वो पिछते तीन साल से हांसी में जिम चला रहा था. घटना फव्वारा चौक की बताई जा रही है

Advertising
Advertising

जिम ट्रेनर की हत्या

घटनास्थल का वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. इसे देखकर हर कोई सहमा हुआ है. इसमें देख सकते हैं कि जिम ट्रेनर कई लोगों के साथ जिम के बाहर एक्सरसाइज कर रहा था. उसकी देखरेख में कई लोग सीढ़ियों पर वर्कआउट कर रहे थे. तभी बाइक पर सवार होकर दो बदमाश आए. बाइक पर पीछे बैठा बदमाश नीचे उतरा और कपिल के नजदीक खड़ा हो गया. देखते ही देखते उसने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. कपिल को संभलने का भी मौका नहीं मिला और वो मौके पर ही गिर पड़ा. आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया मगर उसकी जान नहीं बच पाई.

सीसीटीवी में देखिए पूरी घटना:

बाइक से आया था हमलावर

बदमाश इस वारदात को अंजाम देकर भाग निकला. देख सकते हैं कि उसने सफेद रंग की कैप पहनी हुई है और चेहरे को मास्क से ढका हुआ है. उसकी पीठ पर एक बैग भी दिखाई दे रहा है. जैसे ही उसने फायरिंग शुरू की मौके पर अफरा-तफरी मच गई. एक्सरसाइज कर रहे सभी लोग इधर-उधर जान बचाने के लिए भाग निकले. बदमाश जब मौके से चला गया तब जाकर कुछ लोग मृतक के पास पहुंचे. ये भी बताया जा रहा है कि मौके पर मौजूद एक लड़की को भी गोली लगी है और वो अस्पताल में भर्ती है. घटना के वीडियो को ShekharUpLive नाम के एक्स हैंडल पर भी शेयर किया गया है.

जांच में जुटी पुलिस

घटना के संबंध में डीएसपी विनोद शंकर ने बताया कि हत्या के मकसद की जांच की जा रही है, और आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं. उन्होंने कहा कि कपिल की मां ने पुलिस को बताया है कि उसने करीब तीन वर्ष पहले कोर्ट मैरिज की थी. (इनपुट: भाषा)

Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें