आज 31 दिसंबर का मौसम- देशभर में सर्दी का कहर.. उत्तर भारत में घना कोहरा, शीतलहर और बारिश-बर्फबारी का अलर्ट

साल के आखिरी दिन देशभर में कड़ाके की ठंड और धुंध है. मौसम विभाग के अनुसार, 31 दिसंबर से कई राज्यों में हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार हैं.

Published date india.com Published: December 31, 2025 6:36 AM IST
आज का मौसम
आज का मौसम

देश भर में साल 2025 के आखिरी दिन ठंड तीव्र रूप दिखा रही है. पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में घना कोहरा व शीतलहर जनजीवन को प्रभावित कर रही है. मौसम विभाग के अनुसार, 31 दिसंबर से कई राज्यों में हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार हैं, जिससे तापमान में और गिरावट आएगी.

एनसीआर में घना कोहरा

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में सर्दी के साथ-साथ प्रदूषण और घने कोहरे से हालात बेहद गंभीर हैं. लगातार दो दिनों तक अत्यधिक कोहरे की चेतावनी जारी की गई है. 31 दिसंबर को सुबह घना कोहरा है. हालांकि, 1 जनवरी को हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है, जिससे प्रदूषण और कोहरे से कुछ राहत मिल सकती है. घने कोहरे के चलते वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. हाईवे पर रफ्तार बेहद धीमी रही है. कई जगह जाम की स्थिति है और दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया.

जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी

घाटी के ऊपरी इलाकों जैसे गुरेज, गुलमर्ग और माछिल में ताजा बर्फबारी दर्ज की गई. अगले दिनों में पश्चिमी विक्षोभ से हल्की से मध्यम बर्फबारी की संभावना है, जिससे ठंड और बढ़ेगी.

छत्तीसगढ़ में शीतलहर का प्रकोप

उत्तरी और मध्य हिस्सों में शीतलहर का प्रकोप जारी है. सरगुजा और मैनपाट जैसे क्षेत्रों में ओस जमकर बर्फ बन रही है, जिससे रातें बेहद ठंडी हो गई हैं. 31 दिसंबर तक कुछ जिलों में शीतलहर अलर्ट बना हुआ है.

राजस्थान में बारिश के आसार

पश्चिमी विक्षोभ के असर से 31 दिसंबर को बीकानेर, जोधपुर, अजमेर और शेखावाटी क्षेत्र में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है. 1 जनवरी को जयपुर और भरतपुर मंडलों में भी बारिश के आसार हैं.

उत्तर प्रदेश में भीषण ठंड

भीषण ठंड और घने कोहरे ने 20 से अधिक शहरों को प्रभावित किया है. गोरखपुर, लखनऊ, आगरा, मेरठ समेत कई जिलों में कोहरे की चेतावनी है. नए साल से हल्की बारिश से ठंड और बढ़ने की आशंका है. बुजुर्गों और बच्चों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

Add India.com as a Preferred SourceAdd India.com as a Preferred Source

दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल और उत्तराखंड

इन राज्यों में 31 दिसंबर की शाम से बारिश और बर्फबारी का अलर्ट है. घना कोहरा और शीतलहर से यातायात प्रभावित हो सकता है. हिमालयी क्षेत्रों में ताजा हिमपात से पारा और गिरेगा.

बिहार

31 दिसंबर को अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री की कमी संभव है. पटना, गया, सीमांचल जिलों में घना कोहरा छाया रहेगा. 1 जनवरी को कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने यात्रा करने वालों को सतर्क रहने और अनावश्यक बाहर निकलने से बचने की अपील की है.

Also Read:

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.