तृणमूल सांसद अभिषेक बनर्जी पर हमला करने वाले 6 लोग गिरफ्तार, TMC से निकला कनेक्शन, अब कल्याण बनर्जी पर अटैक
Attack on Abhishek Banerjee: अभिषेक बनर्जी पर हमला करने वालों का तृणमूल कांग्रेस कनेक्शन सामने आया है. अभिषेक बनर्जी पर दक्षिण 24 परगना जिले के सोनारपुर दौरे के दौरान हमला किया गया था.
Big Twist In Abhishek Banerjee Attack Case: पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के सोनारपुर में TMC सांसद और ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने 6 लोगों को गिरफ्तार किया है. अभिषेक बनर्जी पर ये हमला तब किया गया जब वह शनिवार, 30 मई की शाम चुनाव के बाद हुई में मारे गए एक तृणमूल कार्यकर्ता के परिवार से मिलने गए थे. अभिषेक बनर्जी के साथ हुए दुर्व्यवहार से राज्य की सियासत भी गर्म हो गई. अब पुलिस ने जिन लोगों को इस मामले में गिरफ्तार किया है उनमें से कुछ लोग तृणमूल कांग्रेस के ही पुराने कार्यकर्ता निकले हैं. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, ये लोग पहले तृणमूल में थे लेकिन चुनावी नतीजों के बाद बीजेपी में शामिल हो गए.
हमलावरों की पहचान हुई, केस दर्ज
पुलिस के अनुसार, सोनारपुर थाने की टीम ने रातभर इलाके में सर्च अभियान चलाया. हमले से जुड़े वीडियो फुटेज की भी जांच की गई. इसके बाद वीडियो फुटेज के आधार पर छह लोगों की पहचान की गई और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस का कहना है कि सभी गिरफ्तार आरोपी स्थानीय निवासी हैं और घटना के समय मौके पर मौजूद थे. इनमें से पांच की पहचान आकाश गायेन, काजल, तपन माइती, देबाशीष और जॉय सेनगुप्ता (निर्मल्या सेनगुप्ता) के रूप में हुई है.
पुलिस ने इस मामले में मारपीट / हमला, गैरकानूनी जमावड़ा, रास्ता रोकना और गाली-गलौज से जुड़ी धाराओं में केस दर्ज किया है. पुलिस की तरफ से ये भी बताया गया है कि गिरफ्तार सभी लोग 9 नंबर वार्ड के निवासी हैं. पुलिस सूत्रों के मुताबिक ये सभी पहले पहले तृणमूल में थे. पुलिस अब गिरफ्तार लोगों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस घटना में और कौन-कौन शामिल था. इलाके में पुलिस की गश्त भी बढ़ा दी गई है. मामले की जांच जारी है.
न्यूज 18 इंडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, तपन माइती और जॉय सेनगुप्ता पूर्व TMC विधायक लवली मैत्रा के करीबी हैं. काजल दास और देबाशीष दत्ता भी पूर्व विधायक से जुड़े हुए हैं. इस घटना के सिलसिले में गिरफ्तार किए गए आकाश गायेन को भी इलाके में तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता के तौर पर जाना जाता है. रिपोर्ट के मुताबिक आकाश गायेन की मां ने इस बात को माना कि वह पार्टी से जुड़ा हुआ था और दावा किया कि चुनावों के दौरान वह नियमित रूप से TMC के लिए बैठकें करता था.
सांसद कल्याण बनर्जी पर भी अटैक
अभी पश्चिम बंगाल में अभिषेक बनर्जी पर हमले की घटना ठंडी भी नहीं पड़ी थी तब तक तृणमूल कांग्रेस के एक और सांसद पर हमले की खबर आ गई. अब सांसद कल्याण बनर्जी पर कथित रूप से हमला हुआ है. कल्याण बनर्जी पर हमला तब हुआ जब वह चंडीतला पुलिस स्टेशन में ज्ञापन सौंपने जा रहे थे. आरोप है कि स्थानीय लोगों ने उन्हें घेर लिया और कथित तौर पर मारपीट की. प्रदर्शनकारियों ने कल्याण बनर्जी का रास्ता रोकते हुए उन्हें काले झंडे दिखाए.
इस घटना के बाद कल्याण बनर्जी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि मैं अकेला आ रहा था. मेरे साथ कोई नहीं था. भाजपा सदस्यों ने गाली-गलौज की और मेरे सिर पर बॉल से मारा. कल्याण बनर्जी ने दावा किया कि हमले से उनका सिर फट गया और खून बहने लगा. कल्याण बनर्जी ने कहा है कि अब लोग तय करेंगे कि यह सही है या गलत . उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के शासन में टीएमसी के कार्यकर्ताओं और नेताओं को लगातार निशाना बनाया जा रहा है.
(एजेंसी इनपुट के साथ)
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें