Aaj Ka Mausam 1 December: दक्षिण में चक्रवाती तूफान 'दितवाह' का प्रकोप, 5 से ज्यादा राज्यों में दिखेगा असर, दिल्ली में ठंड ने तोड़ा 5 साल का रिकॉर्ड

Aaj Ka Mausam India Weather News Today 1 December: चक्रवाती तूफान दितवाह के भारत की ओर बढ़ने से दक्षिण से लेकर उत्तर भारत तक मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है.

Published date india.com Published: December 1, 2025 6:39 AM IST
Aaj Ka Mausam 1 December: दक्षिण में चक्रवाती तूफान 'दितवाह' का प्रकोप, 5 से ज्यादा राज्यों में दिखेगा असर, दिल्ली में ठंड ने तोड़ा 5 साल का रिकॉर्ड

Aaj Ka Mausam 1 December: श्रीलंका में भारी तबाही मचाने के बाद चक्रवाती तूफान दितवाह अब तेजी से भारत की ओर बढ़ रहा है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने इसके संभावित प्रभाव को देखते हुए तमिलनाडु और पुडुचेरी में येलो अलर्ट जारी किया है. इन तटीय इलाकों में अगले 24 घंटों के दौरान बारिश, गरज और तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है.

तूफान का असर केवल दक्षिण भारत तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटवर्ती क्षेत्रों तक भी फैल सकता है. श्रीलंका में अब तक 190 से अधिक लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जिसके बाद भारत सरकार ने ‘ऑपरेशन सागर बंधु’ शुरू किया है. इस अभियान के तहत भारतीय नौसेना की टीमें राहत और बचाव सामग्री के साथ श्रीलंका में तैनात की गई हैं.

दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी दिल्ली में तापमान लगातार गिर रहा है और न्यूनतम पारा अब सिंगल डिजिट में पहुंच चुका है. 1 दिसंबर की सुबह लोगों को शीत लहर का सामना करना पड़ सकता है, जबकि दिनभर 20 से 25 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है.

नवंबर में ठंड ने तोड़ा 5 साल का रिकॉर्ड

दिल्ली-एनसीआर के लिए नवंबर का महीना इस बार पिछले पांच वर्षों में सबसे ठंडा दर्ज किया गया. सर्दी ने पिछले वर्षों की तुलना में काफी जल्दी दस्तक दी. हालांकि दिन के समय नवंबर लगभग बिना कड़ाके की सर्दी के बीत गया, लेकिन रातों में तापमान तेजी से गिरता रहा, जिससे लोगों को ठिठुरन का एहसास हुआ. नवंबर के दूसरे सप्ताह में ही रात का तापमान 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था.

दिसंबर की शुरुआत भी कड़ाके की ठंड के साथ होने की उम्मीद है. 1 दिसंबर की रात पारा गिरकर 8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि अधिकतम तापमान लगभग 23 डिग्री सेल्सियस रहेगा. गुरुग्राम, गाजियाबाद, नोएडा और फरीदाबाद में भी इसी तरह तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी. हालांकि, IMD के अनुसार 5 दिसंबर तक शीतलहर चलने की संभावना कम है.

यूपी में तेजी से गिरता तापमान

उत्तर प्रदेश में भी तापमान तेजी से गिरने लगा है. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, सोमवार से उत्तरी पछुआ हवाएं तेज होंगी और सर्दी का असर और स्पष्ट महसूस होगा. राज्य के प्रमुख शहर- कानपुर, इटावा, बरेली, लखनऊ, बाराबंकी और मुजफ्फरनगर में शीतलहर अलर्ट जारी किया गया है. इन इलाकों में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस से नीचे जा सकता है. अधिकतम तापमान भी 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास या उससे कम रहने की संभावना है.

Add India.com as a Preferred SourceAdd India.com as a Preferred Source

हिमाचल और उत्तराखंड का मौसम

हिमाचल प्रदेश में अगले तीन से चार दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट होने की उम्मीद है. 1 दिसंबर की सुबह बिलासपुर और मंडी के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाया रह सकता है. उत्तराखंड में भी ठंड अपना असर दिखाने लगी है. 1 दिसंबर से यहां ठंड का प्रकोप तेज होगा. नैनीताल, मसूरी, रुद्रप्रयाग और चमोली में सुबह-सुबह ठंडी हवाएं लोगों को परेशान कर सकती हैं. पर्वतीय जिलों में तापमान में गिरावट के साथ बर्फीली हवा का असर और बढ़ सकता है.

बिहार के मौसम का हाल

बिहार में भी दिसंबर की शुरुआत से सर्दी अपना असर गहराएगी. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि पहले सप्ताह से ही न्यूनतम तापमान तेजी से गिरेगा. फिलहाल न्यूनतम पारा 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास है, जो आने वाले दिनों में 11 से 12 डिग्री के बीच पहुंच सकता है. सीमांचल और मिथिलांचल के कई जिलों में शीतलहर बढ़ सकती है. राजधानी पटना में भी 1 दिसंबर से न्यूनतम तापमान घटकर 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.

Also Read:

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.