Aaj Ka Mausam 11 January: दिल्ली-NCR में हाड़ कंपाने वाली ठंड, इन राज्यों में अगले 36 घंटे में झमाझम बारिश का अलर्ट

Aaj Ka Mausam India Weather News Today 11 January: देश के मौसम में एक साथ कई बड़े बदलाव देखने को मिल रहे हैं. एक तरफ जहां उत्तर भारत के राज्य शीतलहर और घने कोहरे की चपेट में हैं, वहीं दक्षिण भारत में बंगाल की खाड़ी के दबाव के कारण भारी बारिश का खतरा मंडरा रहा है.

Published date india.com Updated: January 11, 2026 8:25 AM IST
Aaj Ka Mausam 11 January: दिल्ली-NCR में हाड़ कंपाने वाली ठंड, इन राज्यों में अगले 36 घंटे में झमाझम बारिश का अलर्ट

Aaj Ka Mausam 11 January: भारत में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है. एक तरफ उत्तर भारत हाड़ कंपाने वाली शीतलहर और घने कोहरे की चादर में लिपटा है, वहीं दूसरी ओर दक्षिण भारत में बंगाल की खाड़ी के असर से मूसलाधार बारिश का खतरा मंडरा रहा है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले 36 से 48 घंटों के लिए देश के विभिन्न हिस्सों में गंभीर चेतावनी जारी की है.

पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली और उत्तर प्रदेश समेत पूरे उत्तर भारत में कोल्ड डे जैसे हालात बने हुए हैं. 11 से 15 जनवरी के बीच इन राज्यों में ‘अति घना कोहरा’ छाए रहने का ऑरेंज और रेड अलर्ट है.

कोहरे-शीतलहर का दोहरा हमला

घने कोहरे के कारण दृश्यता शून्य के करीब पहुंच सकती है, जिसका सीधा असर हवाई उड़ानों, रेलगाड़ियों और सड़क यातायात पर पड़ेगा, कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से घंटों देरी से चल रही हैं और सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थम गई है.

दिल्ली-एनसीआर में कड़ाके की ठंड के साथ प्रदूषण ने भी लोगों का दम घोंट रखा है. बारिश के बावजूद एक्यूआई में सुधार नहीं हुआ है और कई इलाकों में यह 400 के पार गंभीर श्रेणी में बना हुआ है. दिल्ली में आज न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरने का अनुमान है.

पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानी इलाकों में पाला

उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी जारी है. कश्मीर में ‘चिल्लई कलां’ का असर साफ दिख रहा है, जहां डल झील जमने लगी है. श्रीनगर में तापमान -6 डिग्री और पहलगाम में -8 डिग्री तक गिर गया है.

पहाड़ों से आने वाली इन बर्फीली हवाओं ने उत्तर प्रदेश और बिहार के मैदानी इलाकों में ठिठुरन बढ़ा दी है. यूपी के करीब 30 जिलों में शीतलहर का अलर्ट है, वहीं बिहार के 16 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. यहां सुबह के समय खेतों में पाला गिरने की संभावना है, जो फसलों के लिए नुकसानदेह हो सकता है.

Add India.com as a Preferred SourceAdd India.com as a Preferred Source

इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने डीप डिप्रेशन के कारण दक्षिण भारतीय राज्यों में मौसम बिगड़ने वाला है. तमिलनाडु और पुडुचेरी में अगले 48 घंटों तक मूसलाधार बारिश की संभावना है. तमिलनाडु के नागपट्टिनम और चेन्नई समेत कई तटीय जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.

आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना और केरल में भी हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. मराठवाड़ा और महाराष्ट्र में भी बादलों की आवाजाही के साथ हल्की बूंदाबांदी का पूर्वानुमान है.

प्रमुख शहरों का तापमान

तापमान की बात करें तो राजस्थान के फतेहपुर और चूरू में पारा 3-4 डिग्री के आसपास बना हुआ है. उत्तर प्रदेश के कानपुर और लखनऊ में भी बर्फीली हवाओं के कारण न्यूनतम तापमान 4 डिग्री तक रहने के आसार हैं.

मौसम विभाग ने इस गंभीर स्थिति को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है. कोहरे के दौरान वाहन चलाते समय फॉग लाइट्स का प्रयोग करें और गति धीमी रखें. शीतलहर से बचने के लिए गर्म कपड़ों की परतों का उपयोग करें. बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें.

दक्षिण भारत में मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है और भारी बारिश वाले इलाकों में जलभराव के प्रति सचेत रहने को कहा गया है. आने वाले एक सप्ताह तक देश के ज्यादातर हिस्सों में ठंड से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है.

Also Read:

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.